Monday, March 31, 2014

क्या आपको अच्छा लगेगा, यदि यह खोज पूरी हो गयी?

अभी हाल ही में एक ऐसे युवक से मुलाकात हुई जिसके पास शोध करने की इच्छा तो थी, पर वह यह नहीं जानता था कि "इस" विषय पर शोध किस विषय के अंतर्गत होनी चाहिए.अर्थात उसने अपने मन में एक विषय पहले से ही चुन रखा था, जिस पर वह अनुसन्धान करना चाहता था.
मुझे अच्छा लगा. क्योंकि आजकल प्रायः विद्यार्थी यह सवाल भी मार्गदर्शक के पास ही लेकर चले आते हैं कि वे किस विषय पर काम करें?
उस लड़के के पास एक बड़ा दिलचस्प विषय था.
वह कुछ चुने हुए ऐसे लोगों की सूची बनाना चाहता था जो अपने जीवन में सफल,असफल,संघर्षरत,निराश,संतुष्ट आदि की  श्रेणी में आते हैं. इसके बाद वह गुप्त या विश्वस्त रूप से ऐसे लोगों के माता-पिता से मिलना चाहता था, और उनसे यह जानना चाहता था कि उन्होंने अपनी उस "संतान" को जन्म देते समय क्या सोचा था, अर्थात उससे क्या अपेक्षाएं थीं, उसके बारे में क्या अनुमान थे या उसे लेकर क्या विशेष बात थी !
वह लड़का सोचता था कि दुनिया में ठीक हमारे आने का "ब्लूप्रिंट" बनते समय हमारे निर्माताओं के सोच का कालांतर में उत्पाद [ हम ] पर क्या प्रभाव पड़ा, इसमें कुछ संगति या तारतम्य होना चाहिए। 
यह विषय शरीरविज्ञान- मनोविज्ञान जैसे किसी विवाद में न पड़ कर किसी न किसी घाट लगे.वैसे मेरा अनुमान है कि अपनी संतान के लिए "कम" कोई नहीं सोचता, महत्वपूर्ण यह होगा कि लोग ईमानदारी से बताएं कि वे उस समय किस मानसिक स्थिति में थे.                   

Thursday, March 27, 2014

थोड़ी देर और ठहर

सुबह का समय था. दो मुर्गे घूमने जा रहे थे. दोनों अच्छे मित्र थे, अक्सर ही चहलकदमी के लिए साथ-साथ निकल लिया करते थे.
चलते-चलते अचानक न जाने क्या हुआ कि एक मुर्गे ने अपना पर फैला कर अपने कान पर रख लिया. ऐसा लगता था मानो वह कुछ सुनना न चाहता हो. उसके मित्र ने इशारे से पूछा- क्या बात है, कान क्यों बंद कर लिए ?
वह बोला- अजीब-अजीब बेसुरी आवाज़ें आ रही हैं.
जहाँ एक मित्र ने कान बंद कर लिए थे, वहीँ दूसरा कानों पर ज़ोर डाल कर ध्यान से सुनने लगा कि बात क्या है. उसने सुना, बहुत सारे लोगों की  भीड़ की आवाज़ें आ रही थीं.सब एक दूसरे को भला-बुरा कह रहे थे, एक दूसरे की  निंदा कर रहे थे, एक दूसरे के लिए कड़वा बोल रहे थे.
वह बुद्धिमान था, सब समझ गया.वह अपने मित्र से बोला- घबराओ मत, ये तो लोगों की  आवाज़ है . वे सब अपना राजा चुन रहे हैं.
पहले मुर्गे ने आश्चर्य से कहा- अरे, यदि ये सब राजा चुन रहे हैं तब तो इन्हें और भी आदर के साथ सबके बारे में बात करनी चाहिए. ये तो सभी को कोस रहे हैं, और एक दूसरे पर कीचड़ उछाल रहे हैं, कल जब इन्हीं में  से एक इनका राजा बनेगा तो क्या इन्हें यह सोच कर शर्म नहीं आयेगी कि इन्होंने उसके बारे में क्या-क्या कहा था ? खुद उस राजा को कैसा लगेगा कि जो लोग आज सम्मान से उसे माला पहना रहे हैं, वे कल तक उसके बारे में क्या-क्या अनर्गल बोल रहे थे ?
कुछ नहीं होगा, तुम्हें पता है कमल के पत्ते इतने चिकने होते हैं कि उन पर पानी की  बूँद ज्यादा देर नहीं ठहरती. हाथ में कितनी भी कालिख लग जाए, साबुन सब धो देता है, हाथी दिन भर धूल-मिट्टी में घूमे, तालाब में नहाते ही साफ़ हो जाता है, झाड़ू कितनी भी गंदगी में जाए,झाड़ते ही फ़िर … भगवान की  भी मूर्ति जब बनती है, तो छैनी-हथोड़ा चोट मार-मार कर पत्थर का दम निकाल देते हैं, बाद में फिर सब उसी के सामने सिर झुका कर अगरबत्ती भी जलाते हैं.
मुर्गे को सब समझ में आ गया, उसने कान खोल लिए और आवाज़ों का आनंद लेने लगा.            
         

Wednesday, March 26, 2014

संगीत,राजनीति, खेती,खेल,मौसम और दुनियादारी

थोड़ी देर पहले  मेरे एक मित्र का फोन आया.
मित्र बुजुर्ग हैं, राजस्थान के एक अपेक्षाकृत पिछड़े ज़िले में एक सुदूर ग्राम्य अंचल में अपने खेतों के करीब रहते हैं.मेहनती खूब हैं, और अपनी खेती-बाड़ी मुस्तैदी से अकेले सँभालते हैं. नेटवर्क की  अनिश्चितता के कारण, जब भी बात हो पाती है, खूब बात करते हैं.
तो मित्र ने मुझसे कहा कि उन्होंने  भारतरत्न लता मंगेशकर के ऊपर एक गीत लिखा है,और अब वे जानना चाहते हैं कि वे उसका क्या करें.
उन्होंने यह भी कहा कि वे पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान से बात करना चाहते हैं, कैसे करें?
वे बोले कल बारिश के साथ ओले गिरने से फसलें खराब हो गईं, किन्तु संयोग से उनकी फसल को नुक्सान नहीं हुआ.
उन्होंने बताया कि वे आगामी चुनावों के मद्देनज़र बीजेपी या आप के लिए बढ़िया स्लोगन लिख सकते हैं, वैसे नज़दीक के शहर के कांग्रेसी उम्मीदवार के चुनाव कार्यालय में उनका कोई मित्र भी है, जिसके लिए वे काम करने को तैयार हैं.
वे बोले-उनका स्वास्थ्य अच्छा है, खूब मेहनत कर लेते हैं,पर "लेबरपेन"होने पर खेती से इतर काम भी करते हैं.
जब वे रिटायर नहीं हुए थे तब उनके कार्यालय में एक "टेलीफ़ोन रजिस्टर" रखा जाता था,जिसमें लिखा जाता था कि कहाँ से, किसका फोन आया, कितनी देर, किस से और किस विषय में बात हुई?                

Tuesday, March 25, 2014

अरे, बेबी इतनी बूढ़ी थी?

कहते हैं कि दुनिया में कुछ चीज़ें ऐसी हैं जो कभी ख़त्म नहीं होंगी.कुछ चीज़ें ऐसी भी हैं जो हमेशा से थीं. लेकिन इन सभी में भी एक चीज़ ज़रूर ऐसी है जो हमेशा से थी भी, और हमेशा रहेगी भी. दुनिया की इस सबसे ज्य़ादा उम्रदराज़ चीज़ का नाम है प्यार.
इस प्यार को जब-जब याद किया जाएगा, तब-तब फूल खिल उठेंगे.क्योंकि फूलों का प्यार से बड़ा अपनापे का रिश्ता है.आपने वह कहानी तो सुनी ही होगी-
"एक था गुल और एक थी बुलबुल"
पुरानी कहानी है, मगर आज भी जब प्यार की  बात आती है तो यही कहा जाता है कि तुम भी किसी से प्यार करो तो प्यार गुल- ओ-बुलबुल सा करना …
इस कहानी को हिंदी फ़िल्मी परदे पर साकार किया था अभिनेत्री नंदा ने, जो बचपन में ही बेबी नंदा बन कर फिल्मों में आ गयी थी.देखते-देखते ये बेबी युवा तारिका बन गई और फिर अगली पीढ़ी ने एक दिन इसे प्रेमरोग में माँ की  भूमिका में भी देखा.
और आज अचानक खबर आई कि बेबी नंदा अब इस दुनिया में नहीं रही.
जिन लोगों ने नंदा को "अपने" दिनों में देखा है वे गवाही देंगे कि "चुलबुली" शब्द का अर्थ उन्होंने किसी डिक्शनरी से देख कर नहीं, बल्कि नंदा को देख कर ही जाना.वे पुराने दिनों में 'नया नशा' थीं.
यकीन नहीं होता कि वे अब न रहीं. श्रद्धांजलि !                 

Sunday, March 23, 2014

आपकी दुनिया

आप रोज़ जिस समय सोते हैं, एक दिन उससे कुछ जल्दी सो जाइये। यदि थोड़ी गम्भीरता और उत्सुकता से यह प्रयोग करना चाहें, तो उस दिन उस से कुछ अलग खाइये, जो आप रोज़ खाते हैं. ये दोनों बातें एक दूसरे को सहयोग करेंगी। यदि जल्दी सोने के कारण नींद आने में कोई रुकावट होगी तो आपका कुछ अलग खाना इस की प्रतिपूर्ति करेगा।
यहाँ एक बात का ध्यान आपको और रखना है, यह रात आपको सामान्य से अलग तरीके से बिताने की कोशिश करनी है.यदि एसी में सोने के अभ्यस्त हैं तो आज एसी मत चलाइये. यदि रात को बीच में प्यास लगने पर पानी पीने की  आदत है तो सिर्फ आज के लिए कोई कोल्डड्रिंक सिप कर लीजिये.खिड़कियां अमूमन बंद रहती हैं तो आज खोल कर रख देखिये, हाँ, मच्छरों से आपके रिश्ते कैसे हैं, ये ज़रूर आपको देखना होगा. मतलब ये, कि आपको हर तरह से आज कुछ अलग सा अहसास हो.
अब केवल आपको यह जानना शेष है कि यदि आप ऐसा करेंगे तो क्या होगा?
तो ऐसा करने से यह होगा, कि इस रात को आपको अच्छे-बुरे, अजीबोगरीब,अप्रत्याशित जो भी सपने, कल्पनाएँ या विचार आयेंगे, वे सभी एक खास मकसद के होंगे. मतलब ये, कि उनमें आपको वे सभी परिचित-अपरिचित ऐसे लोग दिखाई देंगे जो किसी न किसी तरह आपसे जुड़ना चाहते हैं. यह जुड़ाव व्यावसायिक भी हो सकता है, भावनात्मक भी,जिस्मानी भी, और रूहानी भी.                 

Saturday, March 22, 2014

क्या आपको पता है कि मंटू कुमार कहाँ है?

मंटू कुमार एसकेआईटी में इंजीनियरिंग का छात्र है. वह एक बहुत अच्छा कवि और सक्रिय ब्लॉगर भी है. उसके ब्लॉग पर उसकी कविताओं पर प्रतिक्रिया देने के चलते ही मेरी उस से पहचान हुई और फिर वह मुझसे मिलने भी आया. हम कई बार मिले और उसकी कविताओं पर कई बार बात होती रही, वह अपनी नई कवितायेँ मुझे दिखाने के लिए भी लाता था. जल्दी ही मेरी और उसकी कविताओं की सम्मिलित किताब "उगती प्यास दिवंगत पानी" भी छप गई, जिसे बहुत सराहना मिली.
किताब का विमोचन प्रेस क्लब में संपन्न हुआ और विमोचन कार्यक्रम का संचालन खुद मंटू ने ही किया.
इसके बाद उसके कॉलेज में छुट्टियां हो गईं और वह पंद्रह दिन बाद वापस आने के लिए कह कर बिहार चला गया.
इस बात को अब लगभग छह महीने हो गए हैं किन्तु मंटू लौट कर नहीं आया. वह न अपने ब्लॉग पर है, न फेसबुक पर और न ही उसे भेजे गए मेल का कोई जवाब आ रहा है. न ही उसके मोबाइल पर कोई उत्तर मिलता है.
अब तक मैं यही समझता रहा कि यह सब भविष्य के महाकवि के "मूड" का मामला है, वह शायद किसी नई पहचान के साथ अवतरित होना चाहता है.
लेकिन अब बात गंभीर होती जा रही है, मुझे फेसबुक पर उसके मित्रों से किये अनुरोध का भी कोई उत्तर नहीं मिला. अब मैं आपसे अनुरोध कर रहा हूँ कि कुछ जानकारी हो तो कृपया दें.                 

Wednesday, March 19, 2014

प्रेमचंद और गुलशन नंदा

पिछले दिनों एक सुखद संयोग हुआ. मैंने प्रेमचंद के उपन्यास "गोदान" पर बनी फ़िल्म और गुलशन नंदा के उपन्यास पर बनी फ़िल्म "दाग" लगभग एकसाथ ही कुछ दिनों के अंतराल पर देखी.
गोदान को देख कर ऐसा लग रहा था कि हम गुज़रे ज़माने की उस सरलता के दर्शन कर रहे हैं, जो अब पूरी तरह विलुप्त हो चुकी है. वहाँ "शशिकला" भी पढ़ीलिखी संभ्रांत महिला की  तरह बर्ताव कर रही थी और उसके पात्र का खलनायिका-पन केवल यही था कि वह पूंजीवादी विचारधारा की  समर्थक थी. गरीबी और क़र्ज़ के कारण घर से भागा बेटा शहर से जब वापस लौटा, तो "महमूद" होते हुए भी उस पर किसी को हंसी नहीं आई. बलराज साहनी उस "अच्छेपन" से ग्रसित नज़र आये जिसे नई पीढ़ी बेवकूफ़ी कह कर ख़ारिज कर चुकी है. आज जैसा समाज है उसके चलते नायिका कामिनी कौशल सनकी और शशिकला अपटूडेट नज़र आ रही थी.
उधर "दाग" में राजेश खन्ना, शर्मीला टैगोर और राखी गुलज़ार ['गुलज़ार' इसलिए लिखना पड़ रहा है क्योंकि यह दूसरी कई राखियों का दौर है] ने दशकों पहले ही ऐसे पात्र जी दिए थे जो आज हैं.
हाँ, ईमानदारी इसी में होगी कि आपको यह भी बताया जाय,कि गुलशन नंदा की कहानी दाग "मेयर ऑफ़ कास्टरब्रिज"से प्रेरित थी और इसमें उनके उपन्यास "मैली चांदनी"के पात्र भी सम्मिलित कर लिए गए थे.
तात्पर्य ये है कि उपन्यास और फ़िल्म दो अलग-अलग विधाएं हैं, केवल इनकी सफलता-असफलता के आधार पर किसी साहित्यिक "लेखक" को फ़िल्मी दुनिया में सफल या असफ़ल करार नहीं दिया जा सकता.                  

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...