Thursday, August 2, 2012

इतिहास बदलने की अनुमति है [तीन]

[दीवार में एक छेद  दिख रहा है, जिस से लगता है कि  एक ईंट वहां से निकल कर गिर पड़ी है। बेहोश पड़ी जिजीविषा के मुंह पर पानी के छींटे मार रहा कालप्रहरी पलट कर वहां देखता है, फिर
जिजीविषा को वहीँ छोड़ कर तेज़ी से दीवार की ओर  भागता है। वह ईंट को हाथ में उठा लेता है
और उसे फिर से उसकी जगह पर रखने की कोशिश करता है। इतने में ही दीवार के पीछे से हंसने
की आवाज़ आती है]
पहरेदार  - कौन है ? कौन है वहां...
आवाज़-      मुझे नहीं पहचाना ? पहचानेगा भी कैसे, मुझे तूने देखा ही कहाँ है? जब मैं जिंदा था, तब तू पैदा भी  
                   नहीं हुआ था। अब मैं मर चुका हूँ ...
पहरेदार  - मर चुके हो तो बाहर क्यों निकल रहे हो ...चलो, चलो अन्दर।
                  [इतने में ही जिजीविषा जाग जाती है, और जोर जोर से 'कालू' 'कालू' चिल्लाने लगती है।
पहरेदार  - कालू? ये कालू कौन है? किसे पुकार रही हो तुम !
जिजीविषा- तुम्हें, और किसे !
पहरेदार  - मुझे? पर तुमसे किसने कहा कि  मेरा नाम कालू है। मैं कालप्रहरी  हूँ ...
जिजीविषा- कितना बड़ा नाम है- मैं तो तुम्हें ...
पहरेदार  - अरे पर तुम यहाँ रुकीं क्यों? तुम्हें कोई देख लेता तो ?
जिजीविषा- ओ हो, तुम्हीं तो कह रहे थे कि  यहाँ बरसों से कोई नहीं आता...अरे हाँ, उसका क्या हुआ ? वो कौन  
                  आया था यहाँ ? जिसने ईंट गिरा कर यहाँ लाल रोशनी कर दी थी ...
पहरेदार  - लगता है वह आत्मा तो शांत हो कर वापस चली गई ..तुम वैसे ही डर कर बेहोश हो गईं थीं।           [मंच पर तभी कुछ बच्चों का प्रवेश होता है। वे नारे लगाते हुए आ रहे हैं। उन्होंने हाथ में एक बड़ा
सा बैनर उठा रखा है, जिस पर लिखा है- "ममता बचाओ मंच", तेज़ शोर के साथ नारों की आवाजें
आ रही हैं- अपना हक़ लेकर रहेंगे ...अपना हक़ लेकर रहेंगे ...कालप्रहरी  दौड़कर बच्चों को रोकने
की कोशिश करता है, ]... 

Wednesday, August 1, 2012

महान चरवाहे और निकम्मी भेड़ें

अलीगढ़  को कोलकाता  से दावत मिली है। ममता बैनर्जी ने तीन सौ एकड़ ज़मीन अलीगढ़ मुस्लिम विश्व विद्यालय का परिसर बंगाल में बनाने के लिए दी है।
   शिक्षा तो खैर ठीक है, कोई भी कहीं भी ले सकता है। एमआईटी तक अपनी शिक्षा ओपन लर्निंग से विश्व भर में दे रहा है। उसके लिए उपजाऊ दिमाग चाहिए, उपजाऊ महँगी ज़मीन नहीं।
   तो क्या कोलकाता का ऑफर यूँही है?
   कल्पना कीजिये, कि  इसकी जगह यदि बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय का परिसर वहां बन जाए, तो क्या  उच्च शिक्षा पोषित होगी ? नहीं, तब नहीं होगी। आदमी-आदमी की बात होती है, संस्था-संस्था की बात होती है, जगह-जगह की बात होती है और नीयत-नीयत की बात होती है। 

बंदरबांट का नाम क्यों बदनाम करें, आदमी भी तो ऐसे ही बाँट रहे हैं।

जब  हमारा संविधान बन रहा था, तब एक सर्वोच्च संवैधानिक पद की कल्पना की गई। इसे 'राष्ट्रपति' कहा गया। कल्पना यह थी कि  सरकार कभी भी शत-प्रतिशत बहुमत लेकर नहीं बनेगी, इसलिए जो लोग सरकार के साथ न होकर विपक्ष में होंगे, उनके उठाये मुद्दों पर भी तटस्थ दृष्टिकोण रखने वाला सर्वमान्य, सक्षम, विद्वान व्यक्ति इस गरिमा-पूर्ण पद को सुशोभित करे। हो सकता है कि इस पद पर स्थापित व्यक्ति अपनी सीमाओं के चलते सर्वस्वीकार्य न हो सके। ऐसे में आसन की निष्पक्ष-पूर्णता के लिए एक उपराष्ट्रपति की कल्पना भी की गई। यह सोचा गया कि  यदि राष्ट्रपति सर्वमान्य न आ सके तो संतुलन के लिए उपराष्ट्रपति अलग विचारधारा को भी प्रश्रय दे सकेगा। इस तरह यह दोनों सर्वोपरि पद सरकार को एक अनुशासित दिशा-निर्देश दे सकेंगे।
   शायद यह कभी किसी ने नहीं सोचा होगा कि  पलंग पर विश्राम करती सरकार अपनी पीठ के नीचे से एक गद्दी निकाल कर सिरहाने लगा लेगी।
   मर जाने के बाद दुनिया में वापस लौटने का ऑप्शन तो है नहीं, तो अब हमारे संविधान निर्माता यह कैसे देखें कि  वे क्या चाहते थे, और क्या हो गया।   

Tuesday, July 31, 2012

हाँ, बस यही कह रहा था मैं

अभिनव बिंद्रा को इस बार अपेक्षित सफलता नहीं मिली। वे स्वर्णिम सितारे की तरह ओलिम्पिक में गए थे। गगन नारंग अब हमारा नया सितारा हैं। अब हम  लौटने के बाद उनकी आभा में सांस लेंगे। गगन की सफलता का श्रेय मैं नहीं ले रहा, पर मेरा मतलब यही था। ज़बरदस्त सफलता से अनुभवी खिलाड़ियों के व्यक्तित्व की वह अदम्य आस धूमिल हो जाती है जो उन्हें अपने प्रदर्शनों के वक्त अतिरिक्त पैनापन देती है। वे आसानी से कह पाते हैं कि  दर्शक शोर मचा रहे थे, इसलिए मैं हारा। वे यह नहीं सोच पाते कि  दर्शक उन्हें जिताने के मकसद से स्टेडियम में कभी चुप नहीं बैठेंगे। उन्हें दर्शकों के उल्लास-भरे हो-हल्ले में ही जीतना-हारना होगा। अब हम उसी ब्लेड से शेव करेंगे, जिससे गगन करते हैं। वे बिस्किट हमें स्वादिष्ट नहीं लगेंगे, जो बिंद्रा को पसंद थे। हम ऐसे ही हैं, इसलिए गगन और बिंद्रा खेलें, हम पर ज्यादा ध्यान न दें, कि हम चुप बैठे थे या कि  चिल्ला रहे थे।
गगन को इस शानदार सफलता पर गरमा-गर्म बधाई।
यह पटाक्षेप नहीं है, देश और सफलताओं की राह देख रहा है।    

Monday, July 30, 2012

यह डिम्पल और महिलाओं की एक बड़ी सफलता है

   राजेश खन्ना अपनी जायदाद में से डिम्पल के नाम कुछ नहीं कर गए, इस बात से कुछ लोगों को कष्ट हुआ है। मीडिया ने भी खबर को उछाला है। यद्यपि राजेश ने अपना पैसा अपनी प्यारी बेटियों को ही दिया है जो डिम्पल की भी आज्ञाकारी बेटियां  हैं। यह एक सामान्य सी, पति-पत्नी के तनावपूर्ण रिश्तों की परिणति नहीं है, इस बात में गहरे अर्थ छिपे हैं।
   राजेश ने जब डिम्पल से विवाह किया था, तब वे न केवल उम्र में उनसे काफी छोटी थीं बल्कि "बॉबी "फिल्म की चमत्कारी सफलता से रातों-रात बनी सुपर हस्ती थीं। उधर राजेश अपनी बेमिसाल और लगातार तूफानी सफलता के हलके से धुंधलाने पर फूंक-फूंक कर कदम रखने वाली सुरक्षित पारी खेल रहे थे। यह भी उनकी सोने पर सुहागा सोच ही थी कि  वे डिम्पल से विवाह कर लें। उनके विवाह के बाद असली जीवन में डिम्पल को वही करना पड़ा जो परदे पर अभिमान फिल्म में अमिताभ के लिए जया बच्चन ने किया। जया के त्याग ने अमिताभ को रुपहले परदे पर एंग्री यंगमैन बना दिया, वहीँ डिम्पल के त्याग ने राजेश के ज़ेहन में एक ठंडी आंधी उम्रभर चलाई।
   इसमें कोई संदेह नहीं कि  राजेश और अमिताभ की सफलताओं के आगे आसमान की ऊंचाइयां भी कम पड़ीं, लेकिन यह भी ध्रुव सत्य है कि  डिम्पल और जया की शख्सियत भी अपने पतियों से इंच-मात्र भी कम नहीं पड़ी। ये दोनों ही अपनी पत्नियों की सुपीरियरिटी की आंच से कभी मुक्त नहीं हुए।
   ऐसे में वसीयत करते समय राजेश के दिमाग में डिम्पल का न आना इसी आंच की गर्मी का नतीजा है। यह आने वाले युग का भी संकेत है कि  पत्नियाँ पति की मुट्ठी के धान से ही अपना उदर पालने की स्थिति में अब नहीं रहने वालीं, न उनके जीतेजी, और न उनके जाने के बाद।
   महिलाओं को इस जीत पर शानदार बधाई ...

Sunday, July 29, 2012

इतिहास बदलने की अनुमति है ![दो ]

जिजीविषा -मैं तो तुम्हें कालू कहूँगी। तुम्हारा घर कहाँ है?
पहरेदार  - मैं भी तुम्हें विषा कहूँगा। मेरा कोई घर नहीं है, मैं तो अनंत काल से इसी तरह चक्कर लगा कर इस     दीवार की रक्षा कर रहा हूँ।
जिजीविषा  - इसकी रक्षा की क्या ज़रुरत? ये क्या सोने की दीवार है? कौन लूटेगा इसे? गन्दी।..[छूती है ]
पहरेदार  - अरे छुओ नहीं, ये इतिहास की दीवार है, जो कुछ बीत जाता है, वह इस दीवार के पार चला जाता है।
जिजीविषा  - देखूं, क्या-क्या चला गया।
पहरेदार  - अरे-अरे ठहरो, तुम जीते-जी उस पार नहीं जा सकतीं। जो मर जाता है वही उस पार जाता है।
जिजीविषा  - ये मरघट है क्या ?
पहरेदार  - नहीं-नहीं ये इतिहास है, जो लोग, जो समय, जो बातें बीत जाती हैं, वह उस पार चली जाती हैं। चाहे जीवन हो, चाहे कला हो, चाहे संगीत, चाहे राजनीति, सब कुछ उधर चला जाता है।
जिजीविषा  - ये कचराघर है क्या?
पहरेदार  - "चुप"!यह पवित्र इतिहास की पावन समाधि है,
जिजीविषा  - समाधि है तो तुम यहाँ क्या कर रहे हो? क्या यहाँ से निकल कर कोई भाग जायेगा?
पहरेदार  - तुमने ठीक कहा, कभी-कभी ऐसा हो जाता है। यहाँ से कोई निकलने की कोशिश करता है।
जिजीविषा  - तुम इस दीवार को ऊंचा क्यों नहीं कर लेते? थोड़ी ईंटें और लगा लो।
पहरेदार  - ये ईंटें नहीं,इतिहास हो चुकी आत्माएं हैं, कभी-कभी कोई आत्मा फिर से दुनिया में आने के लिए छटपटाती है।
जिजीविषा  - सच? फिर तुम क्या करते हो?
पहरेदार  - इसीलिए रखवाली करता हूँ, जब दीवार के पीछे लाल-अँधेरा छाता है, तो इसका अर्थ  है कि कोई आत्मा असंतुष्ट है, और वह दीवार के इस ओर  आना चाहती है। [तभी कोलाहल के साथ लाली छाती है, और जिजीविषा डर  कर बेहोश हो जाती है। कालप्रहरी उसे सम्हालते हुए टॉर्च लेकर दीवार की ओर  भागता है।..   

Saturday, July 28, 2012

इतिहास बदलने की अनुमति है !

[मंच पर एक लम्बी, ईंटों की  दीवार दिखाई दे रही है। दीवार के सामने कालप्रहरी पहरा दे रहा है। उसके एक हाथ में टॉर्च व दूसरे  हाथ में लाठी है। वह बार-बार इधर से उधर चक्कर काट रहा है। बीच-बीच में पार्श्व से "जाग रहा हूँ" की आवाज़ और सीटी  बजने का स्वर सुनाई दे रहा है।कभी अजीब तरह का कोलाहल और कालप्रहरी के क़दमों की आहट सुनाई देती है। बीच-बीच में वह टॉर्च की रोशनी दीवार की ईंटों पर डालता रहता है, तथा ईंटों को लाठी से ठकठका कर देखता रहता है। ईंटों के पीछे इतिहास के वे लोग हैं, जो मर कर उस पार चले गए। इन्हीं में से कभी-कभी कोई किसी ईंट को हटा कर झाँकने की कोशिश करता है। वह ईंट गिरा देता है, और कालप्रहरी दौड़ कर अतीत के उस पात्र को वापस पीछे हटाकर ईंट को यथास्थान रखता है।]
पहरेदार  - (स्वतः बुदबुदाते हुए)वर्षों बीत गए। रोज़ सुबह होती है, शाम होती है, फिर रात हो जाती है।पूरा                
                  एक दिन इतिहास बन कर इस दीवार के पीछे चला जाता है, और अपने साथ ले जाता है कई ...                   
                  (सामने से 'जिजीविषा' का प्रवेश)
जिजीविषा - ऐसा कब तक चलेगा?
पहरेदार  -  तुम  कौन हो? कहाँ चली आ रही हो ...
जिजीविषा - अरे, मुझे नहीं पहचानते?
पहरेदार  - नहीं, मैं किसी भी स्त्री को नहीं पहचानता। फ़ौरन यहाँ से चली जाओ वरना  ...
जिजीविषा - वरना  क्या ?
पहरेदार  - वरना  मुझ पर यह आरोप लग जाएगा कि  मैं तुम से बातें कर रहा था ...
जिजीविषा - कौन लगाएगा आरोप, यहाँ तो कोई भी नहीं है, तुम किस से डर रहे हो ?
पहरेदार  - मैं किसी से नहीं डरता , मैंने किया ही क्या है जो मैं डरूं ...
जिजीविषा - यही तो मैं भी कह रही हूँ। 
पहरेदार  - पर तुम हो कौन ?
जिजीविषा - मैं जिजीविषा हूँ। 
पहरेदार  - तुम कहाँ रहती हो ?
जिजीविषा - कहीं भी। हर एक के दिल में ...
पहरेदार  - छी -छी -छी, कैसी बातें करती हो ?

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...