Saturday, July 28, 2012

चलें लन्दन, पर यह याद रखें कि किसी सितारे ने कभी आसमान नहीं तोड़ा

   ओलिम्पिक का लन्दन में जैसा अतुलनीय और विस्मयकारी आगाज़ हुआ, उसने एक बार फिर साबित किया, कि  लन्दन आखिर लन्दन ही है।
   भारतीय खिलाड़ी भी अपना अब तक का सबसे बड़ा दल लेकर लन्दन पहुँच चुके हैं। भव्य आयोजन में सब कुछ बड़ा और भव्य ही होता है, लिहाज़ा खिलाड़ियों के सपने भी बड़े ही हैं। लेकिन हमारे पूर्व-अनुभवों में भी एक बड़ी बात छिपी है, जिसे हम अनदेखा नहीं कर सकते। हमारा अतीत यह सिद्ध करता रहा है, कि  किसी भी आयोजन में हमारे बड़े सितारों ने कोई कमाल नहीं दिखाया, बल्कि आयोजनों ने हमारे नए खिलाड़ियों को अचानक सितारा बनाया है। अतः यहाँ भी हमारी उम्मीदें छोटे प्रभा-मंडल वाले जांबाजों से ज्यादा हैं। इसका   यह मतलब नहीं है कि हम अपने नामवरों को शुभकामनाएं नहीं दे रहे। हम तो बस यह कह रहे हैं, कि  लन्दन से सबसे बड़ा खिलाड़ी हमारा कोई छुटभैया ही बन कर लौटेगा.
   बाकी फिर खिलाड़ियों का खिलाड़ी, ऊपर वाला जाने। चमत्कार करना तो उसका भी शगल है।    

Friday, July 27, 2012

इतिहास का एक बोध-वाक्य "प्रिवेंशन इज बैटर देन क्योर"

   नहीं नहीं, 'पूर्व - सावधानी इलाज से बेहतर है' यह  जुमला इतिहास का नहीं है। हम यदि ग्लोबल सन्दर्भों में बात करें, तो यह आज भी कई जगह प्रचलित है। हाँ, कुछ चुनिन्दा देशों में अब इसे मार -भगाया गया है। मैं  यह नहीं कह रहा कि हम उन्हीं देशों में हैं, लेकिन यदि आपको ऐसा लगता है तो ग़लती मेरी नहीं है।
   यदि कोई अपनी सारी कमाई किसी नशे में उड़ा दे, तो हम 'नशा' बनाने वाले, नशा बेचने वाले, नशे के लिए उकसाने वाले को कुछ नहीं कहते। यहाँ तक कि  नशा करने वाले तक को कुछ नहीं कहते। हाँ, जब उस नशे से आदमी मरने लगता है, उसका घर-परिवार उजड़ने लगता है, तब रुदाली बन कर उसके द्वार पर सामाजिक संस्थाएं भी आती हैं, और सरकार भी।
   अभी कल तक "गुटखा" बनाने वाले मोटा मुनाफा कमा रहे थे, अखबारों में बड़े-बड़े सितारों को लेकर लुभावने विज्ञापन दे रहे थे, यहाँ तक कि  सरकारों को भरपूर चंदे दे रहे थे, बड़े-बड़े राष्ट्रीय आयोजनों को प्रायोजित कर रहे थे, अब अचानक सब मिल कर गुटखा खाने वालों का मुंह पकड़ने दौड़ पड़े। कदम जब भी उठा, बधाई !  

Thursday, July 26, 2012

जापान और भारत में ज्यादा फर्क कहाँ है?

   अब तो सब एक से होने की मुहिम  में हैं। एक दूसरे  में ज्यादा फर्क ही कहाँ है, चाहे आदमी हो या देश !फिर  भी छोटा-मोटा फर्क तो रहेगा ही। अब सब बिलकुल एक से तो होने से रहे।
   जापान में लोग कहते हैं- जो काम दुनिया का कोई भी आदमी कर सकता है, वह हम क्यों नहीं कर सकते? और जो काम दुनिया का कोई आदमी नहीं कर सकता, उसे हम तो करके रहेंगे ही।
   भारत में लोग कहते हैं, जो काम दुनिया का कोई भी आदमी नहीं कर सकता, उसे हम भला कैसे कर सकते हैं। और जो काम दुनिया का कोई भी आदमी कर सकता है, उसे करने दो, हम भला क्यों रोकें?
   अमेरिका में, लोग कुछ नहीं कहते, कर देते हैं।
   एक खेत में तेज़ी से एक पत्थर आकर गिरा। पास खड़े पेड़ ने खेत को भड़काने की कोशिश की- देख, तू सर्दी-गर्मी-बरसात सहता है, हल तेरे बदन को चीर डालता है, बीज तेरे सीने पर आकर बैठ जाता है, पानी तेरा बदन सड़ा देता है, फिर भी तू फसल देता है, और अब ये ऊपर से तेरे ऊपर पत्थर !
   -दिमाग खराब मत कर, पंछियों से मेरी फसल की  रक्षा क्या तू करेगा? खेत बोला। 

Wednesday, July 25, 2012

सीमा आँखों की होती है, अन्तरिक्ष की नहीं

जब हमारा जन्म होता है, कुदरत चारों ओर से सहारा देती है। कुदरत अपने पांच बेशकीमती तत्व देकर हमें गढ़ती है। और हमारे आँखें खोलते ही अपनी सारी सीमाओं  को तोड़ कर एक अनंत आकाश हमारे सामने फैला देती है। फिर बारी हमारी होती है- हम बड़े-बड़े सपने देखें और जुट जाएँ उन्हें पूरा करने में ! हमारे जन्म पर हमारा हमको यही सबसे मूल्यवान उपहार है।  

Tuesday, July 24, 2012

पच्चीस जुलाई

कल पच्चीस जुलाई है। वास्तव में अब से एक घंटे पैंतीस मिनट बाद ही पच्चीस जुलाई शुरू हो जाएगी। फिर पच्चीस घंटे और पैंतीस मिनट तक पच्चीस जुलाई ही रहेगी। पच्चीस जुलाई हर साल चौबीस जुलाई के बाद और छब्बीस जुलाई के पहले आती है। भारत में प्रायः पच्चीस जुलाई को राष्ट्रपति बदलते हैं, इस  बार भी पच्चीस जुलाई को प्रणव मुखर्जी राष्ट्रपति बन जायेंगे और प्रतिभा देवीसिंह पाटिल इस पद को त्याग देंगी। 

Monday, July 23, 2012

कोई पहाड़ नहीं टूटा

मुझे याद है, एक समय ऐसा भी हुआ करता था कि  यदि किसी दिन अखबार पढ़ने को न मिले, तो दिन-भर एक अदृश्य बेचैनी सी हुआ करती थी। ऐसा लगता था कि  जैसे कोई बेहद ज़रूरी काम छूटा  रह गया। घर की रसोई में यदि पिछले सप्ताह के किसी भी दिन का अखबार रोटी के बर्तन में लग गया, तो महसूस होता था जैसे ज़रूरी कागज़ खो गया हो। यदि अखबार की रद्दी बेची जा रही हो, तो यह खास ध्यान रखा जाता था कि  ताज़ा महीने के अखबार कबाड़ी को न दिए जाएँ।
   लेकिन अब इनमें से कोई बात ध्यान नहीं खींचती। पिछले दो दिन से हॉकर्स  की स्ट्राइक के कारण अखबार नहीं मिले। लेकिन आश्चर्य है कि  कहीं किसी तरह का व्यवधान दिनचर्या में नहीं दिखा। बल्कि अब लग रहा है कि  पिछले दो दिन से सुबह की चाय काफी इत्मीनान से पी जा रही है।
   क्या यह प्रिंट मीडिया के दम तोड़ने के दिन हैं? क्या इलेक्ट्रोनिक मीडिया ने प्रिंट मीडिया को पूरी तरह हाशिये पर खिसका दिया? क्या छपे शब्द ने अहमियत और विश्वसनीयता खो दी ? क्या विज्ञापनों, पेड न्यूज़ और प्रकाशन-घरानों की आपाधापी ने कागज़ को "अन्यत्र" इस्तेमाल के लिए आज़ाद कर दिया?
   घर पर अखबार नहीं आया, और ऐसा नहीं लगा कि  कहीं कोई पहाड़ टूट पड़ा हो... 

Saturday, July 21, 2012

रमज़ान शुरू, चहके बाज़ार महका आलम

मुबारक दिन आलसी नहीं होते, वे तयशुदा समय पर चले ही आते हैं। ये ही दिन इंसान के कठिन दिनों में सँभलने का संबल भी होते हैं।
   कभी-कभी लगता है कि  बादल जैसे इस बार नाराज़ हैं। जो मौसम फुहारों से भीगा होना चाहिए था, वह तप रहा है। कुछ दिन पहले सारी  दुनिया को सहलाने वाली खबर अखबारों में थी, कि  अमेरिका के कई राज्यों में भी भीषण सूखे की आशंका है। पानी बचाने के तमाम सन्देश विज्ञापनों में हैं, फिर भी वह बच नहीं रहा। जो है, वह ठीक से बंट नहीं रहा। विज्ञापनों ने अपनी विश्वसनीयता खुद खोई है।
   जब शाहरुख़, आमिर, सलमान या ऋतिक विज्ञापनों में आते हैं, तो विज्ञापित चीज़ का रुतबा नहीं बढ़ता, बल्कि खुद उनका रुतबा बढ़ता है। और जो विज्ञापन इन महामानवों के बिना बनते हैं, उन्हें फ़िलर माना जाता है, मुकम्मल विज्ञापन नहीं।   

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...