Saturday, September 20, 2014

"दस" बस है

कहते हैं कि गणित में एक क्या, शून्य यानी ज़ीरो भी बहुत है। फिर दस को कम कौन कह सकता है। दस तो बस है। दस में तो कुछ तूफानी किया जा सकता है।  कहने का मतलब है- डर के आगे जीत है!
तो जीत हो गई।  एकता की जीत, भाईचारे की जीत, मिलजुल कर रहने के ज़ज़्बे की जीत।
जीत ऐसे ही नहीं होती।  उसके लिए जीतना पड़ता है।  पिता को कहना पड़ता है कि बेटा, घर छोड़ कर मत जा, जो तू चाहेगा वही होगा। चार अंगुलियां होने पर ही मुट्ठी बनती है।मुट्ठी में ताकत होती है।  ताकत में हिम्मत होती है।  हिम्मत में गैरत होती है। गैरत में ही ज़िंदगी होती है।
आज समय बहुत बदल गया है। अब सूरज नहीं डूबना कोई बड़ी बात नहीं मानी जाती। सूरज अस्त होगा तभी तो सूर्योदय होगा। यदि सूर्यास्त ही नहीं हुआ तो सूर्योदय की सम्भावना कहाँ रह जाएगी। और सूर्योदय-सूर्यास्त को रोकने का अर्थ है ज़िंदगी को रोकना।  ज़िंदगी रोकने का मतलब है गैरत को रोकना।  हिम्मत को रोकना, ताकत को रोकना, बात घूम-फिर कर वहीँ आ जाती है।
तो अगर पैंतालीस प्रतिशत लोग कहें कि "अलग", और पचपन प्रतिशत लोग कहें कि "साथ-साथ", तो अंतर पूरा 'दस' का हुआ। और दस बस है।
बात यूनाइटेड किंगडम और स्कॉटलैंड की है।
हाँ,एक बात ज़रूर है।
अगर घर के पैंतालीस प्रतिशत लोग घर छोड़ने की मंशा रखते हों, तो घर के बुजुर्गों की नींद भी उड़ जानी चाहिए। चैन से तो हर्गिज़ नहीं बैठा जा सकता। क्योंकि अगर भगवान न करे,कभी दस प्रतिशत और गुस्सा हो गए, तो फिर कुछ भी हो सकता है। दस बस है।                         

Wednesday, September 17, 2014

गांव हमारा शहर तुम्हारा

विकास बहुत आसान है। शरीर को कोई रोग हो जाये,तो उसका इलाज नहीं करने से बीमारी का विकास हो जाता है।  लेकिन ये बापू,अर्थात महात्मा गांधी की विकास की अवधारणा नहीं है।  उनके विकास का मतलब तो बड़ा गहरा है।  वैसा विकास आसान नहीं है।  आइये देखें, कैसा विकास चाहते थे बापू?
पहले तो ये जानना ज़रूरी है कि शहरी और ग्रामीण विकास में अंतर क्या है!यदि शहर की खुशहाली बढ़े, रोज़गार बढ़े, सुविधाएँ बढ़ें तो ये शहरी विकास है।  और यदि यही सब बातें गांवों में बढ़ें तो ये ग्रामीण विकास है।  मतलब ये हुआ कि विकास चाहे शहरों में हो या गांवों में, इस से देश का भला तो होता ही है।
तो फिर बापू ग्रामीण विकास की बात क्यों करते थे? ग्रामीण विकास को देश के लिए ज़रूरी क्यों मानते थे? गांवों के विकास की बात इसलिए होती थी, क्योंकि हमारे देश की अस्सी प्रतिशत जनसँख्या गांवों में रहती है।  यदि गांव खुशहाल होंगे तो ज़्यादा आबादी को इस विकास का लाभ मिलेगा।  लोग रोजगार और रोटी के लिए गांव छोड़ कर शहर की ओर  नहीं भागेंगे।
दूसरे,बापू ये मानते थे कि पूँजी गांवों में पैदा होती है शहरों में पैदा नहीं होती।  वहां तो उसका प्रयोग होता है, बंटवारा होता है, उपभोग होता है।  उपजाने का काम गांवों का है।  हर तरह की उपज वहां होती है।  गांवों को विकसित बनाने से उत्पादन का काम और ज़ोर पकड़ेगा।गांव में काम करने वाले खुशहाल होंगे तो वे देश की उन्नति में ज़्यादा योगदान देंगे।
शहर में लोग एक-एक फुट ज़मीन बेच कर हज़ारों रूपये कमा लेते हैं,लेकिन गांव में जिनके पास लम्बी-चौड़ी धरती है उनके तन पर ठीक से कपड़ा भी नहीं होता।उनके बच्चे अच्छे स्कूलों में नहीं पढ़ पाते।  उनकी बीमारी के इलाज के लिए अच्छे डॉक्टर,अच्छे अस्पताल नहीं होते।  जबकि शहरों में सुख-सुविधाओं में जीने वालों की रोटी गांवों से आती है।  हल गांवों में चलते हैं।
एयर कंडीशंड कमरे में सवेरे नौ बजे उठ कर दोपहर पांच सितारा होटल में लंच के लिए पनीर का ऑर्डर देने वाले ये नहीं जानते कि इस पनीर के लिए दूध किसी फटेहाल किसान ने सर्दी-गर्मी-बरसात में अलस्सुबह चार बजे उठ कर निकाला है।
बापू ये जानते थे।  बापू को ये पता था कि शहरों में बैठे-बैठे पैसे को दुगना कर लेने की कई योजनाएं हैं, लेकिन गांवों में मेहनत करते-करते भी तन के कपड़े आधे हो जाते हैं।  शहर के स्कूलों में पढ़ कर बच्चों को इतना ज्ञान मिलता है कि  उन्हें लाखों की नौकरी मिल जायें पर गांव में बच्चे माँ-बाप के जोड़े हुए गहने-रूपये फीस में चले जाने पर भी अज्ञानी रह जाते हैं।  इसलिए बापू ग्रामीण विकास की बात करते थे।  गांव की खुशहाली की बात करते थे।            

Tuesday, September 16, 2014

फेसबुक पर

कल "इंजीनियर्स डे" था, दुनिया को तकनीक के सहारे ऊंचा उठाने वालों के नाम।  ओह,जाने ये कैसे लोग हैं जिन्होंने दुनिया को बदल दिया, लोगों की ज़िंदगी को बदल दिया। सतत चिंतन और कर्म से कहाँ से कहाँ ले गए  बातों को।
समुद्र में उफनते लहराते पानी को कैद करके पाइपों के सहारे हमारे घरों के भीतर भेज दिया।  सूरज डूबने के बाद घिरी अँधेरी उदासी को चकाचौंध जगमगाती रोशनी में बदल दिया। सीढ़ी दर सीढ़ी हमारे घरों को आसमानों तक ले गए। दुनिया के एक सिरे से दूसरे सिरे तक इंसान को उड़ाते ले जाने लगे। लोहे-इस्पात से आदमी के इशारे पर नाचने वाले आज्ञाकारी सेवक गढ़ दिए। ज़मीन के भीतर से बेशकीमती नगीने निकाल-निकाल कर इंसानी काया को सजा दिया। 'असंभव' नाम के लफ्ज़ का तो जैसे नामो-निशान मिटाने पर तुल गए।
मुझे तो लगता है कि एक न एक दिन इनकी पकड़ 'जीवन-मृत्यु' के चक्र से निकल कर जन्म-जन्मान्तरों पर हो जाएगी।
सच, कितना मज़ा आएगा ?
तब हमारे मित्र गण आसानी से "फेसबुक" पर [फोटो सहित] बता पाएंगे कि वे इंसान बनने से पहले की चौरासी लाख योनियों में से अभी कौन सी योनि में हैं।                  

Sunday, September 14, 2014

सागर आज भी सीमा है

ये बात बड़ी तकलीफ देने वाली है कि हम वैज्ञानिकों को आसानी से सम्मान देने को तैयार नहीं होते। वे किसी भी सार्वभौमिक समस्या को पहचान कर उसके निदान के लिए शोध-अनुसन्धान में अपना सारा जीवन लगा देते हैं,कोई न कोई हल भी खोज लेते हैं, मगर हम हैं कि अपने "ढाक के तीन पात" वाले रवैये से बिलकुल भी बदलने को तैयार ही नहीं होते।
वैज्ञानिकों ने चाँद पर हमें भेज दिया, वैज्ञानिकों ने दुनिया की दूरियां मिटा डालीं, पर हम मन की दूरियाँ मिटाने को तैयार नहीं। जहाँ एक ओर पूरे ग्लोब को एक साथ बांधे रखने की कोशिशें हो रही हैं, वहीं हम हैं कि टूटना चाहते हैं, बिखरना चाहते हैं, छिटकना चाहते हैं। हमें अलगाव चाहिए,एकांत चाहिए, स्वच्छंदता चाहिए।
सागर पर इंजीनियर लाख पुल बना डालें,हमारा आवागमन सहज कर दें, किन्तु हमारे लिए तो समुद्र अभी भी सीमा है। उसके इस पार अलग दुनिया हो, उस पार अलग दुनिया।
कल "इंजिनीयर्स डे" है। न जाने कैसे मनेगा?
लेकिन ज़मीन के बीच बहता समंदर तो मचल कर कसमसा रहा है, धरती के दो टुकड़ों को अलग करने के लिए। बात इंग्लैंड और स्कॉटलैंड की है। प्रतीक्षा १८ तारीख की।       

Friday, September 12, 2014

आदमी की बातें

मैदान में एक भैंस घास चर रही थी। उसके पीछे-पीछे एक सफ़ेद-झक़ बगुला अपने लम्बे पैरों पर लगभग दौड़ता सा चला आ रहा था।
नज़दीक पेड़ पर बैठे एक तोते ने वहां बैठे एक कबूतर से कहा-"प्रेम-प्रीत अंधे होते हैं, देखो, रुई के फाहे सा नरम-नाज़ुक धवल प्राणी उस थुलथुल-काय श्यामला के पीछे दौड़ा जा रहा है। "
कबूतर ने जवाब दिया-"प्रेम-प्रीत का तो पता नहीं, परन्तु भूख ज़रूर अंधी होती है, भैंस चरने में मगन है, उसे पीछे आते मित्र की कोई परवाह नहीं, और बगुला भी कोई भैंस की मिज़ाज़-पुरसी करने नहीं आया है, बल्कि भैंस की सांसों से घास में जो मच्छर उड़ रहे हैं, उन्हें अपना निवाला बनाने आया है।"
"ओह, तो वे दोनों ही अपने-अपने ज़रूरी कार्य में व्यस्त हैं, तब हमें अकारण उन पर छींटाकशी करने का क्या हक़?" तोते ने पश्चाताप में डूब कर कहा।
कबूतर बोला-"हाँ, लेकिन जोड़ी तो बेमेल है ही।"
तभी चरती हुई भैंस कुछ दूर बने एक तालाब के पास जाकर पानी में उतर गई। बगुला भी पानी के किनारे मछलियों पर ध्यान लगा कर खड़ा हो गया।
तोता फिर चहका-"देखो-देखो, जोड़ी बेमेल नहीं है, दोनों की मंज़िल एक ही थी, दोनों को तालाब में ही जाना था, दोनों रास्ते के मुसाफिर थे, अगर एक ही मंज़िल के राही हों, उनमें तो अपनापा हो ही जाता है।"
"कुछ भी हो, वह भोजन के बाद नहाने गई है, और बगुला तालाब से नहा-धोकर ही भोजन के लिए निकला होगा,कितना अलग स्वभाव है दोनों का" कबूतर ने उपेक्षा से कहा।
तोता बोला-"अब घर लौट कर वह दूध देगी, और ये यहाँ मछली खायेगा।  जबकि कहते हैं, दूध और मछली का कोई मेल नहीं है, दोनों एक साथ खा लो तो पचते नहीं हैं।"
कबूतर ने कहा-"और क्या, आदमी तो ऐसा ही कहते हैं।"
तभी पेड़ की तलहटी में बैठी एक गिलहरी बोल पड़ी-"आदमी की बातें खूब सीख रखी हैं तुम दोनों ने!"

            

Thursday, September 11, 2014

ये अच्छा है

पिछले पूरे सप्ताह जम्मू-कश्मीर में जो विकराल तांडव चला, उससे निपटने में भारतीय सेना की तत्परता अत्यंत सराहनीय है। विपदाओं का आना तो किसी ढब रोका नहीं जा सकता,किन्तु सेना ने यह अवश्य जता दिया कि यदि धरती समस्याओं से भरी है, तो समाधानों से भी, ज़ज़्बों से भी और हौसलों से भी।
लगभग ऐसी ही विपदा की आहटें आज जापान से भी आ रही हैं। काश,कुदरत की उद्दंडता को वहां भी मुंहतोड़ जवाब मिले।
लेकिन कुछ लोग ऐसा कहते हैं कि इस तरह जन-आपदाओं में सेना को उत्तरदायी बना कर झोंक देना उचित नहीं है।  ऐसे अवसरों, बल्कि कुअवसरों पर तो आपदा-प्रबंधन दलों और स्थानीय प्रशासनों को ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए।
यह बात किसी भी देश,और विशेषतः विकासशील देश के लिए तो उपयोगी नहीं हो सकती। अन्य बचाव दल इंफ्रा-स्ट्रक्चर में सेना जैसे सज्जित और त्वरित नहीं हो सकते।उनके लिए प्रशिक्षण और सामानांतर सुविधाएँ जुटाना बेहद खर्चीला है। दूसरी ओर युद्धों का अत्यंत सीमित हो जाना सेना के अनुप्रयोग को भी तो सीमित करता है।  ऐसे में,यदि ऐसे विकट अवसरों पर सेना आम जनता के बीच मदद के लिए आती है तो एक ओर उसका अभ्यास बना रहेगा और दूसरे आम लोगों और सेना के बीच प्रगाढ़ परस्पर सौहार्द पूर्ण सम्बन्ध भी बनेंगे।  लोग देखेंगे कि कौन सीमा पर हमारा रक्षक है, और सेना के जवान भी जानेंगे कि हमने किस अवाम की हिफ़ाज़त को अपनी ज़िंदगी का सबब चुना है।  यह रिश्ता अच्छा है, पर भगवान करे कि इसकी ज़रूरत देश को कम से कम ही पड़े।             

Wednesday, September 10, 2014

आप क्या लेंगे अपने साथ?

देखते-देखते कश्मीर की अतिवृष्टि और बाढ़ बेहद खतरनाक विभीषिका में तब्दील हो गयी। निरीह और निर्दोष लोगों ने अपने घर की छत पर खड़े-खड़े मौत को तेज़ी से अपने करीब आते देखा।
ऐसे में राहत और बचाव में लगे लोग किसी देवदूत की तरह लोगों की जान सहेजने की मुहिम में जुटे रहे। अथाह पानी के ऊपर से उड़ता हुआ कोई हेलीकॉप्टर जब छतों पर सहारे की रस्सी लटकाता,या फिर पानी के ऊपर से गुज़रती कोई नाव छत पर खड़े लोगों से कूद पड़ने का आग्रह करती तो हर एक के मन में यही ख्याल आता कि शरीर के भीतर जो एक "जान" नाम की चिड़िया बैठी है, केवल उसे ही अपने साथ में लेकर भागना है।बाकी सब कुछ भूल जाना है।
आज से छह साल पहले आज के ही दिन ऐसा ही एक नज़ारा हुआ था। लेकिन तब किसी हेलीकॉप्टर की रस्सी या कश्ती के आह्वान की सुविधा नहीं मिली। 'जान'नाम की चिड़िया को साथ ले उड़ने की मोहलत भी वक़्त ने नहीं दी। पुराने दुःख नए दुःखों को कम तो क्या करेंगे, हां, बढ़ा भले ही दें।   
खैर, कुदरत का करीना भी यही है, और करिश्मा भी यही !           

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...