Tuesday, September 9, 2014

इतने कठिन प्रश्न-पत्र नहीं बनाये जाते एक्ज़ामिनर महाशय !

आपने एक न्यायप्रिय राजा और दो स्त्रियों की कहानी ज़रूर सुनी होगी। दोनों स्त्रियों में एक ही बच्चे को लेकर विवाद हो गया। वे दोनों ही उसे अपना कहती थीं। जाहिर है कि बच्चे की माँ तो दोनों में से एक ही होगी, किन्तु दूसरी ने भी अपना दावा इस संवेदनशीलता से रखा कि बात बढ़ गई। यह तय नहीं हो पा रहा था कि बच्चे की असली माँ  दोनों में से कौन सी है। बच्चा भी इतना छोटा था कि अपनी वास्तविक माँ का कोई प्रभावी संकेत न दे सका। जटिल समस्या लोक-चौपाल से निकल कर राजदरबार में पहुँच गई।
बहुत प्रयास के बाद भी जब कोई फैसला न हो सका तो बुद्धिमान राजा ने घोषणा की कि बच्चे को काट कर आधा-आधा दोनों महिलाओं में बाँट दिया जाये। बस फिर क्या था,बच्चे की असली माँ तड़प उठी कि ऐसा न किया जाए, और बच्चा चाहे पूरा ही दूसरी महिला को दे दिया जाय। फ़ौरन दूध का दूध व पानी का पानी हो गया। नकली माँ दण्डित की गई, और बच्चा असली माँ को सौंपा गया।
ईश्वर इसी न्याय प्रियता से शायद और भी मसले सुलझाना चाहता है। उसने धरती का स्वर्ग कहे जाने वाले कश्मीर को दरिया की तरह मचलते हुए सैलाब में झोंक दिया। अब वह आसमान में बैठा देख रहा है कि  उसके दोनों दावेदार मुल्कों में से किस का दिल धड़कता है? बेचैनियां कौन से देश का खाना-खराब करती हैं? मदद और इमदाद के लिए कौन दौड़ता है? दुआ के हाथ किस जानिब से उठते हैं? और कौन फ़क़त तमाशाई बना रहता है?
जो भी हो, ईश्वर को ऐसे सख्त इम्तहान शोभा नहीं देते। भला कोई इंसान और इंसानियत को यों मुश्किल में डालता है?      
           

Wednesday, September 3, 2014

"रिहर्सल" ऐसी आशंकाओं को कम करते हैं

किसी ने कहा है कि जब हम बोल रहे होते हैं, तब केवल वह दोहरा रहे होते हैं जो हम पहले से ही जानते हैं। किन्तु जब हम सुन रहे होते हैं तो इस बात की सम्भावना भी रहती है कि हम कुछ नया सीख भी रहे हों।
हमेशा सुनना कमतर होने और बोलना श्रेष्ठ होने की निशानी नहीं है।
मेरे एक मित्र परसों एक कार्यक्रम की यह कह कर बड़ी सराहना कर रहे थे कि हर वर्ष यह बड़ा अच्छा कार्यक्रम होता है।  मैंने उनसे पूछा - वो फिर हो रहा है,क्या आप उसमें जायेंगे?
वे बोले- यदि मुझे वक्ता के रूप में आमंत्रित करेंगे तो चला जाऊँगा, खाली सुनने तो जाता नहीं हूँ।
मैंने उनसे कहा -इसका अर्थ है कि वहां जो श्रोता आएंगे, वे आपसे तो कमतर ही होंगे? तो घटिया लोगों के बीच जाकर आपको क्या मिलेगा? वे सोच में पड़ गए।  उन्हें इस बात का असमंजस था कि उनका मित्र उनका मज़ाक कैसे उड़ा सकता है।
कुछ दिन पूर्व कुछ लोग चंद ऐसे ख्यातिप्राप्त वरिष्ठ लोगों का इस बात के लिए उपहास कर रहे थे, कि राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री से किसी समारोह में पुरस्कार लेते समय उन लोगों से इसका "रिहर्सल" करवाया गया। क्या इसमें आपको भी कोई हैरानी की बात लगती है? हमेशा पुरस्कार ग्रहण करने वाला पुरस्कार देने वाले से छोटा नहीं होता।  इसके अलावा-
-आयोजकों पर कार्यक्रम को समयबद्धता और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न करने की ज़िम्मेदारी होती है, यदि वे इसके लिए पूर्व तैयारी करते हैं तो आपको अस्त-व्यस्तता से बचाने के लिए। इसमें किसी की हेठी नहीं है।
कुछ साल पहले विश्वसुंदरी प्रतियोगिता में कार्पेट पर चलते हुए मिस लाइबेरिया के सैंडिल की हील अटकने से वे गिर गयी थीं, रिहर्सल ऐसी आशंकाओं को कम करते हैं।                      

Monday, September 1, 2014

सूरज का ठंडा टुकड़ा

एक बार जंगल में घूम रहे शेर से एक परिंदे ने पूछा- "क्यों भई , तू किस बात पर दहाड़ता रहता है, तेरे जबड़े दुखते नहीं ?"
शेर ने कहा-"मुझमें ताकत का घमंड है, मेरे स्वभाव में श्रेष्ठता की गर्मी है,मुझे अच्छा लगता है सबको अपनी उपस्थिति का अहसास कराना।"
पंछी बोला-"ये सब तो ठीक है, मगर याद रख, तू सूरज के टुकड़े पर रहता ज़रूर है, लेकिन वह अब ठंडा हो चुका है।"
शेर ने कहा-"तू जानता है न मैं कौन हूँ?"
-"हाँ,राजा है,पर मेरा नहीं, जानवरों का।" पक्षी ने लापरवाही से कहा।
-"तो तेरा राजा कौन है?"शेर ने आश्चर्य से कहा।
-"मोर !" परिंदा बोला।
शेर ने सोचा, इसके मुंह लगना ठीक नहीं,इसे मेरी कोई बात पसंद नहीं आएगी। वैसे भी,ये मेरा वोटर तो है नहीं! शेर अपने रास्ते पर बढ़ गया।           

Sunday, August 31, 2014

मनुष्यता का अर्थशास्त्र

जिस तरह संपन्न देशों में हर व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा कोड दिया जाता है, यदि उसी तरह हर व्यक्ति का मूल्य-मूल्यांकन [वैल्यू डिटरमिनेशन] करके उसे इंगित किया जा सके तो इससे किसी भी देश की केवल जनसंख्या के स्थान पर उस देश की जनसंख्या की गुणवत्ता और उसकी कुल जन-सम्पदा का वास्तविक मूल्य जाना जा सकता है। यह लगभग प्रति व्यक्ति आय और सकल राष्ट्रीय आय की तरह ही होगा, किन्तु इस गणना से किसी देश की जनसंख्या  का वास्तविक महत्व जाना जा सकेगा। इसके लिए देश के नागरिकों की उम्र,शिक्षा,आय,व्यय,संपत्ति,ज्ञान,कौशल,व्यवसाय आदि को आधार बनाया जा सकता है।अभी देखा जाता है कि कुछ देशों के नागरिकों की तो सब जगह मांग बनी रहती है जबकि कुछ देशों से अवांछित शरणार्थियों के रूप में जनसंख्या का पलायन होता है। इस व्यवस्था से कई लाभ होंगे-
-किसी देश की ताकत या महत्व का वास्तविक आकलन हो सकेगा, केवल जनसंख्या आधारित आंकड़ा पर्याप्त नहीं हो पाता।
-एक देश से दूसरे के बीच गुणवत्ता-पूर्ण जन-विनिमय हो सकेगा।
-"ब्रेन-ड्रेन" पर नियंत्रण किया जा सकेगा।
-यह देश के भीतर भी नागरिकों के लिए विकास व उन्नति का एक अभिप्रेरक कारक होगा।
-विकासशील देश जन-मूल्य चुका कर भी वांछित जनशक्ति का आयात कर सकेंगे। इसी तरह वे जन-सम्पदा बेच भी सकेंगे।
-अत्यंत कम जनसंख्या वाले संपन्न देश भी वांछित जन -शक्ति खरीद सकेंगे।
-व्यक्तित्व का भू-मंडलीकरण होगा।                   

Wednesday, August 27, 2014

मैंने चाहा कि बता दूँ मैं हक़ीक़त अपनी, तूने लेकिन न मेरा राज़.…

मार्ग का मतलब है रास्ता
दर्शक का मतलब है देखने वाला
हिंदी बहुत आसान और स्पष्ट भाषा है, सहज, सरल।  इसमें न तो क्लिष्टता है,न ही किसी किस्म का दुराव-छिपाव।
कुछ लोग दर्शक से तात्पर्य "दिखाने वाला"भी समझ लेते हैं।  यह कैसे संभव है?
यदि हिंदी की प्रगतिशीलता के अंतर्गत शब्द गढ़ने का प्रयत्न भी किया जाए, तो दिखाने वाले के लिए 'दिखावक' या 'दर्शावक' जैसा कुछ होना चाहिए।
'मार्गदर्शी' भी ऐसा ही है।
अब ये तो सब टाइम-टाइम की बात है।  जब खाप पंचायत का ज़ोर बढ़ा तो लोग एम्पायर को भी 'खेलपंच'कहने लगे।
हाँ,अब अगर सरकारी अफसर बनने वाले बच्चे न्यूयॉर्क की किसी बिल्डिंग को "खेलपंच राज्य भवन"कहने लगें तो दोष हिंदी का थोड़े ही माना जाना चाहिए।        

तय करें कि आप चेतन हैं या भगत?

कोई भी एक साथ चेतन और भगत नहीं हो सकता।  यदि आप चेतन हैं, अर्थात जड़ नहीं हैं, तो आप किसी की कही बात आँख बंद करके नहीं मान लेंगे।  आप अपनी चेतना में उसका तथ्यात्मक निरूपण करेंगे, और उसके आधार पर फैसला करेंगे।
यदि आप भगत हैं, अर्थात किसी के अन्धानुयायी हैं तो सोच-विचार से आपका कोई लेना-देना नहीं।  आपका आका, या जिसके आप भक्त हैं, वही आपका भाग्य-विधाता है।जो उसने कहा है, वही मानिए और जो उसे भाये वही कीजिये।
फ़िलहाल तो आपको यह तय करना है कि  आप साईं बाबा को भगवान मानें या नहीं !
उसके बाद यदि समय मिले तो बाकी बातों पर भी विचार कर लीजिये- मसलन, कहाँ घर लेंगे,बच्चों को कहाँ पढ़ाएंगे, अपनी बचत कौन से बैंक में रखेंगे, कार लेंगे या फ़िलहाल दोपहिया से काम चलेगा, शाहरुख़, आमिर,ऋतिक वगैरह को थियेटर में देखेंगे या टीवी पर, मिल्खा को भारतरत्न दिलाना चाहेंगे या मैरीकॉम को, क्रिकेट खेलेंगे या कबड्डी, दिल्ली- संसद की मानेंगे या धर्मसंसद की।        

Sunday, August 24, 2014

"कार्टिलेज एज"

यह समय "कार्टिलेज" समय कहा जा रहा है।  क्योंकि यह समय सख्त इंसानियत पर कोमल मुलम्मे का नहीं है।  यह कोमल इंसानियत पर कार्टिलेज जैसे अर्धसख्त आवरण का समय है।  कुछ लोग कोमल इंसानियत को लिजलिजी मनुष्यता भी कह रहे हैं।  उधर कुछ लोग मुलम्मे को पूर्ण सख़्त मानते हुए इसे 'बोन'समय भी कहते दिख रहे हैं।  उनका तात्पर्य अस्थि-समय से है।
यह सब कहाँ हो रहा है, और ये है क्या? इसका मतलब क्या है, और इस से होगा क्या? यही जानना चाहते हैं न आप?
कोई कह रहा है कि अब विश्व युद्ध हो ही जायेगा।  कोई-कोई कह रहा है कि विश्व युद्ध होने की आशंका एक अर्ध-उजागर सत्य है।  यह सम्भावना न तो पारदर्शी है, और न अपारदर्शी।
इसमें से सत्य की चंद रश्मियाँ निकलती ज़रूर दिखती हैं, किन्तु उनकी प्रखरता संदिग्ध है।
घिनौने घोंघे की तरह सब हो रहा है।  घोंघा सागर में नहा कर भी मटमैला ही रहता है।वह भैंस के दूध की भांति धवल नहीं हो सकता।  उसे होना भी क्यों है? उसका न कुछ बनेगा न ही बिगड़ेगा।
कहा न, ये कार्टिलेज समय है।       

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...