Saturday, July 21, 2012

अब तक महफूज़ रही चांदी...

लन्दन की खबर है कि चालीस साल पहले डूब गए ब्रिटिश कार्गो जहाज़ से 44 टन भारतीय चांदी सुरक्षित निकाल ली गई है। यह चांदी दशकों तक सागर के गर्भ में इसलिए महफूज़ रही क्योंकि जहाँ यह पड़ी थी, वहां तक केवल समुद्री जीव-जंतुओं की ही पहुँच थी। धरती के वाशिंदों की नज़रों से यह कतई ओझल थी।
   अब यह भारत में आ रही है, जहाँ यह कभी किसी महिला के गले से खींची जाएगी, कभी इसके लिए किसी वृद्धा के पैर काटे जायेंगे, कभी इसके लिए बच्चों के अपहरण होंगे, कभी इसके कारण बाज़ारों में गोलियां चलेंगी, और कभी गैर-कानूनी कामों के लिए यह अफसरों को भेंट चढ़ाई जाएगी।
   चलिए, अभी तो इसके मिल जाने की ख़ुशी मनाएं, और उन जांबाजों का शुक्रिया अदा करें जिनकी मेहनत  और सतर्कता से यह खोई दौलत फिर से हाथ आ सकी। रही बात हिंसा की, तो इसके लिए अकेले भारत पर ही क्यों आक्षेप लगाया जाये, उन चौदह लोगों की क्या ग़लती  थी, जो अमेरिका में एक सिनेमाघर में फिल्म देखने अपने-अपने घरों से निकले थे?

Friday, July 20, 2012

ज़रूरी है बारह घंटे की नींद !

   यह शीर्षक पढ़ने में अच्छा लगता है, पर आसानी से गले नहीं उतरता। जी भर कर सोना, भला किसे नहीं पसंद? दिन-रात के कुल समय में से पूरा का पूरा आधा समय आराम से सोने के लिए मिल जाए, तो फिर और क्या चाहिए। लेकिन कोई बारह घंटे खर्राटे ही भरता रहेगा, तो अपने रोज़ के काम कैसे  पूरे करेगा? अब ये कोई कुम्भकरण का ज़माना तो है नहीं।
   तो फिर बारह घंटे सोने की बात का क्या मतलब ?
   मतलब यह, कि  सोना तो सामान्यतः आठ घंटे ही पर्याप्त है, लेकिन कुछ कार्य ऐसे हैं  जो हमारे शरीर को नींद के समान ही आराम और सुकून देते हैं, और उन्हें थोड़ा समय देकर हम तरोताजा हो सकते हैं। दिन-भर में आठ घंटे सोने के अलावा इन कामों को भी तीन-चार घंटे दीजिये- [ये काम आप अपने अन्य नियमित कामों के साथ ही कर सकते हैं]
1. थोड़ी देर गुनगुनाइए।
2. अपने को आईने में देखिये।
3. अपने पसंदीदा शख्स को छिप कर या तसवीर में देखिये।
4. भीगिए।
5. अपने पालतू कुत्ते को तंग कीजिये।
6. अपने सबसे पुराने, फेंकने योग्य कपड़े थोड़ी देर फिर पहनिए।
7. तीन-चार घंटे के लिए अपना मोबाइल छिपा दीजिये। 

Thursday, July 19, 2012

कुछ न कहना ही अच्छा है राजेश खन्ना के बारे में

   किसी के न रहने पर उसके बारे में बोलते समय उसके बारे में सब अच्छा ही अच्छा कहने का रिवाज़ है। ऐसे में राजेश खन्ना के बारे में कुछ कहते समय गफलत की स्थिति है। क्योंकि यदि तारीफ में कुछ कहा गया तो इसे महज़ परंपरा ही कहा जायेगा। लेकिन उनके बारे में कुछ न कहना और भी गलत होगा।
   केवल और केवल स्टार-पुत्रों व स्टार-पुत्रियों की प्रायोजित लॉन्चिंग देखने की आदी नई पीढ़ी शायद नहीं जानती होगी कि  वे अखिल भारतीय टेलेंट कंटेस्ट जीत कर लाखों में एक चुन कर आये थे।
   उन्होंने हृषिकेश मुखर्जी की फिल्मों को भी इस तरह किया, मानो वे इन्हीं के लिए बने हों, और गुलशन नंदा की लिखी कहानियां - दाग और अजनबी भी इसी तरह कीं, मानो इनका नायक बनने के लिए ही वे थे।
   सुमिता सान्याल से लेकर हेमा मालिनी तक वे सहज थे। उनके चेहरे की युवता उन्हें पत्नी डिम्पल की छोटी बहन सिंपल के साथ भी उसी तरह फिट करती थी, जिस तरह उनकी आरंभिक नायिका बबिता की बड़ी बहन साधना के साथ।
   वे जब सांसद बन कर संसद में गए तो उन्हें देख कर ऐसा लगता था, कि  वे यहाँ शायद ही किसी की सुनें। वे हमेशा वहां रेलवे प्लेटफार्म पर बैठे मुसाफिर नज़र आये।
   वे शबाना आज़मी के साथ भी एक्टिंग कर लेते थे, और उनसे टीना मुनीम के साथ भी एक्टिंग हो जाती थी।वे मीना कुमारी को क्रोधित करना जानते थे, और अंजू महेन्द्रू के गुस्से को ठंडा करना भी। 
   वे अब चले गए।  

Wednesday, July 18, 2012

भाषा नहीं तो क्या, पक्षियों का मनोविज्ञान समझा है राजेश कुमारी जी ने

   पक्षियों का सुरक्षा-मनोविज्ञान बहुत दृढ़ होता है, वे खतरा सूँघने की अद्भुत क्षमता रखते हैं, इसी से समूह में रहना पसंद करते हैं। हल्की  सी सरसराहट भी उन्हें चौकन्ना कर देती है। इसी से वे अपने समूह से अलग जाना केवल विशेष परिस्थितियों में ही पसंद करते हैं, जैसे-भूख लगने पर, शरीर में कोई असुविधा होने पर। ऐसे में वे अपने को सब की बराबरी करने में सक्षम नहीं पाते।
   लेकिन एक ही पेड़ पर सबके बैठने और दूसरे पेड़ पर किसी के न जाने के पीछे एक छोटा सा कारण और भी है। पेड़ों को दाता  ही कहा जाता है, लेकिन इन मानव-मित्रों में भी कुछ अपवाद हैं। कुछ पेड़ मनुष्य या वातावरण को कोई लाभ नहीं पहुंचाते, बल्कि हानिकारक ही होते हैं। विलायती बबूल, युक्लिप्टस आदि ऐसे पेड़ हैं, जो कम से कम जल-विहीन क्षेत्रों में तो ज़मीन को नुक्सान ही पहुंचाते हैं। ये ज़मीन का पानी सोख लेते हैं, और बदले में कुछ भी लाभकारी नहीं देते। "सप्तपर्णी"भी ऐसा ही एक पेड़ है। कुछ क्षेत्रों में तो इन पेड़ों को लगाने पर सरकारों ने भी  प्रतिबन्ध लगा दिया है। इनके पत्ते, फल,या फूल कोई उपयोगिता नहीं रखते। मृतावस्था में आते ही इन पर चींटियाँ या दीमक भी जल्दी लगती है।
   अब पंछियों ने बोटनी या वनस्पति-शास्त्र न पढ़ा हो तो क्या,  पर्यावरण में अपने मित्रों को तो वे भी पहचानते ही हैं !

Tuesday, July 17, 2012

पांच कारण ढूँढ लिए, सही कौन सा है, यह जानने के लिए एक दिन और दीजिये !

   पक्षियों की भाषा का जानकार  तो कोई नहीं मिला, लेकिन फिर भी अलग-अलग समय पर जाकर ध्यान से देखने पर इस बात के कुछ कारण  ज़रूर मिले कि  सारे पक्षी एक ही पेड़ पर क्यों बैठते हैं।
     1.पक्षियों में  भी आदमियों की तरह 'भेड़चाल'की आदत होती है, एक जहाँ बैठा, बाकी भी उसी को बैठने की जगह समझने लगते  हैं।
     2.दूसरे पेड़ पर चींटे और मधुमक्खियाँ हैं।
     3.एक पेड़ पर 'देवता' का वास है, दूसरे पर 'भूतों' का।
     4.एक पेड़ के नीचे खाली मैदान है, दूसरे  के नीचे गाय-भैंस बंधी हैं।
     5.पहला पेड़ एक किसान की ज़मीन पर है, दूसरा सरकारी ज़मीन पर।
   निश्चित रूप से इनमें से कोई एक ही कारण  होगा, दूसरे  पेड़ पर पक्षियों के न बैठने का, कल तक सामने आ जायेगा।  

Monday, July 16, 2012

क्या आप पक्षियों की भाषा समझते हैं?

   एक बार आते- जाते मैंने गौर किया कि सड़क के किनारे दो ऊंचे-ऊंचे सूखे पेड़ हैं।लगभग एक सी ऊंचाई है उनकी। दोनों के बीच करीब पचास फुट की दूरी होगी। यह पतझड़ के मौसम की बात नहीं है, क्योंकि इन पेड़ों के आसपास ढेर सारे हरे-भरे पेड़ भी हैं। मैं एक ख़ास कारण  से इस नज़ारे को ध्यान से देखने लगा।
   उनमें से एक पेड़ पर शाम के समय बहुत सारे पक्षी बैठे रहते हैं। वे संख्या में इतने सारे होते हैं कि  दूर से देखने पर उस पेड़ के पत्तों जैसे लगते हैं। कई बार उस पेड़ पर बैठने की बिलकुल जगह नहीं होती, फिर भी इधर-उधर से उड़ान भर कर आते परिंदे पंख फड़फड़ाते हुए जगह ढूंढते हैं, और कहीं न कहीं उसी पेड़ पर टिक जाते हैं। आश्चर्य की बात है कि  दूसरे पेड़ पर कभी कोई पक्षी नहीं बैठता।
   यहाँ तक कि  जगह न होने पर भी हर पखेरू पहले पेड़ पर ही बैठने की जद्दो-ज़हद करता है, पर दूसरे पेड़ का रुख नहीं करता। जबकि उस पर भी बैठने की उतनी ही जगह है। आप सोच रहे होंगे कि  दूसरा पेड़ कोई विषैली प्रजाति का होगा, और पहला किसी अच्छे किस्म की प्रजाति का।
   पहले मैंने भी ऐसा ही सोचा था, पर ऐसा नहीं है। ऐसा भी नहीं है कि  पहले पेड़ के आसपास कोई दाना-पानी है और दूसरे  के पास बंजर जगह।
   अब मेरी उत्सुकता है कि  मैं इस पक्षपात का कारण पता लगाऊँ। मैं न पंछियों की भाषा समझता हूँ, और न ही उनका मनोविज्ञान। मैं केवल मानव मनोविज्ञान के सहारे ही यह पहेली हल करने की कोशिश कर रहा हूँ। मैं जल्दी ही आपको इसका कारण  बताने का प्रयास करूंगा। इस बीच यदि आपके दिमाग में कोई 'क्लू' आता हो तो कृपया बताएं।  

Sunday, July 15, 2012

यादें कीमती होती हैं, मीरा की याद हुई लाख की

अभी कुछ देर पहले राजस्थान साहित्य अकादमी का मीरा समारोह सम्पन्न हुआ। राजस्थान के मुख्यमंत्री ने इस 31 हज़ार रूपये के पुरस्कार की राशि बढ़ा कर एकलाख करदी।
   इस समारोह में प्रभाकर श्रोत्रिय  ने जब यह कहा कि राजस्थान में आजकल केवल राजस्थान के ही साहित्य की बात ज्यादा हो रही है, तो वातावरण थोड़ा गंभीर हो गया।
   इसी समारोह में एक वक्ता ने यह भी कहा कि  ईश्वर बयानों में सख्ती नहीं चाहता था, इसीलिए उसने जिव्हा में हड्डी नहीं बनाई।
   एक बार गांधीजी से किसी शिक्षाविद ने पूछा, कि आपके हिसाब से शिक्षा कैसी होनी चाहिए?  गांधीजी ने पलट कर उसी से पूछा- यदि एक आदमी ने एक सेब पच्चीस पैसे  में खरीदा और एक रूपये में बेचा, तो बताओ उसे क्या मिला? शिक्षाविद ने तुरंत कहा- पचहत्तर पैसे!
   "शिक्षा ऐसी होनी चाहिए,कि  देश के किसी भी बच्चे से जब यह सवाल पूछा जाए तो उसका उत्तर हो-जेल !" गांधीजी बोले।   

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...