Tuesday, February 8, 2011

शेयर खाता खोल सजनिया 19

पीर-फकीर-मौलवी-साधू अल्ला का दीदार करेंगे
हम-तुम तो पैसे के जोगी आओ दो के चार करेंगे
पैसा-पैसा चुन कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
छोड़ो मंदिर छोड़ो मस्जिद कौन भला जाये गिरजाघर
सत्ताघर में ही सत्ता है ,सट्टा घर में ही है ईश्वर
लक्ष्मी का पत्ता धर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
महानीन्द जाने कब आके भवसागर में नाव लगाले
मगर खुली हैं जब तक आँखे तब तक तो आ माल बनाले
सफल मनोरथ तू कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
घूँघट के पट खोलेगी तो सिर्फ पिया की झलक मिलेगी
शेयर खाता खोल सजनिया लाखों की कल खनक मिलेगी
दिखला पति को तेवर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

Monday, February 7, 2011

शेयर खाता खोल सजनिया 18

झटका चाहे करे कसाई हलवा-खीर करे हलवाई
पर खाने को मिलता उसको जो शेयर से करे कमाई
भोजन मेज सजा कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
फ़ीस डाक्टर उस से लेता बढ़ जाता है जिसका फीवर
पर ब्रोकर जी देते उसको जिसका चढ़ जाता है शेयर
रखना दूर डाक्टर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।
फंसना हो तो पा लो चेयर हँसना हो तो जानी लीवर
रोता जिसके मन में हो डर ,मुस्काता जो ले ले शेयर
मत खाना अब ठोकर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
काल का पहिया घूमे भैया बीच समंदर डूबे नैया
डूबे तो हम-तुम डूबेंगे बच जायेगा यहीं रुपैया
पुनर्जन्म में आ फिर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनिया 17

राजनीति में शेयर लेकर हीरो हो जाता है जीरो
पर शेयर में शेयर लेकर जीरो हो जाता है हीरो
है ये सबक समझ कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
सूरज निगला पवनपुत्र ने तीनो लोक हुआ अँधियारा
शेयर जब हर्षद ने निगला चारों ओर हुआ उजियारा
ऐसी जोत जगा कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
मरता कोई शेयर वाला समां बंधे तब मेले वाला
परिजन दुःख में भी पहनाते अर्थी को नोटों की माला
ऐसा गौरव मर कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
मर कर जब ऊपर जाता है जो प्राणी हो शेयर-धारी
अगवानी को यम खुद आये,स्वर्ग-व्यवस्था सब हो न्यारी
फिर क्यों ना ये फेवर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनिया 16

ना जाने क्यों इस शेयर को "अंश"कहें ये हिंदी वाले
तू तो "पूरा" शेयर कहना दंश सहें ना कहने वाले
हिंदी की चिंदी कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
कोर्ट वकीलों का है नाता खोट सुनारों के मन आता
वोट रुचे नेताजी को ही नोट मगर शेयर से आता
सबकी रूचि को तक कर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
फूल खिलाओ मुरझाएंगे फल लाओ तो सड़ जायेंगे
पालो तोते उड़ जायेंगे शेयर लाओ बढ़ जायेंगे
ऐसी चीज़ खोज कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
शेयर भाग्य बदल देता है किस्मत तेरी गढ़े दलाली
सत्तापति बन कर बैठे हैं जाने कितने कुली-मवाली
तू भी सब दोहरा कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

Sunday, February 6, 2011

शेयर खाता खोल सजनियाँ 15

बेटा तू भी शेयर लेना अम्मा तुम भी शेयर लेना
भाऊ तुम भी शेयर लेना,ताऊ तुम भी शेयर लेना
धन दौलत का लाकरलेना जैसे भी हो शेयर लेना।
बिन शेयर के जीवन रहता नीरस मोद-विहीन अधूरा
मधु मंगल मय शेयर पाकर ये समझो होता है पूरा
पूरा जोर लगा कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
इस दुनिया में बड़ा कठिन है वोट जुटा कर चेयर लेना
लेकिन भैया बड़ा सरल है नोट लगा कर शेयर लेना
चक्कर खूब चला कर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।
जीवन-रथ के इस पहिये पर रोक एक दिन काल लगाता
पर वो काल जयी हो जाता जो शेयर में माल लगाता
तू भी ताल लगा कर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनियाँ 14

ऐ पांडेजी शेयर लेना, भैया मिश्रा शेयर लेना
ओ लालाजी शेयर लेना, सुनो शाह जी शेयर लेना
सुब्रमण्यम शेयर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना। अ
पंडित जी तुम भी ले लेना खान साहब ना पीछे रहना
लहनासिंह तुम से भी कहना, फ्रेंड डिसूज़ा तुम भी लेना
मिलकर लेना लड़कर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
बच्चे की ना फ़ीस गयी तो घर में भी पढ़ सकता है वो
पर शेयर का पेड़ लगाया, चाहे जब चढ़ सकता है वो
सब कुछ तौल-मोल कर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
तुमतो खुद ही समझ दार हो अब ऐसों को क्या समझाना
ध्यान लगाना प्रभु में लेकिन सब पैसों को वहीँ लगाना
लेना ढोल बजाकर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनियाँ 13

शेयर बेनामी लो कोई ना जाने थैली में क्या है
रहें ढूँढते कर अधिकारी किस चोली के पीछे क्या है
थैली को धो-धो कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
अगर किसी से प्यार करो तो दिल अपना और प्रीत परायी
पर जो ये व्यापर करो तो तेरा शेयर तेरी कमाई
इस से प्रीत लगाकर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।
तिरछी गति सत्ता रथ की है फर्जी टेढ़ा प्यादा सीधा
पर इस धंधे में है जाता फर्जी सीधा,सीधा प्यादा
सीधे पन की मोहर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।
ईश्वर ने संसार बनाया केवट ने जल पार कराया
जोरू ने घर बार बनाया शेयर ने व्यापर बनाया
घर वाली से छिप कर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...