Tuesday, April 29, 2014

समर्थन हाउस

हम दुनिया के सारे रंगों का समर्थन करते हैं.
हम दुनिया की सारी नस्लों का समर्थन करते हैं.
हम हवा, पानी, धरती, आकाश, धूप, छाँव, बरखा सब का समर्थन करते हैं.
जो हमसे प्रेम करे, जो हमसे नफ़रत करे,जो हमारा नुक़सान करे, जो हमें नफ़ा पहुंचाए, हम उन सभी का समर्थन करते हैं.
जो हमारे साथ आये, जो हमसे दूर भागे, जो हमसे डरे, जो हमें डराए, हम सभी का समर्थन करते हैं.
जो मांगे, जो न मांगे, हम उसका भी समर्थन करते हैं.
जो न ले, हम जबरदस्ती उसका समर्थन करते हैं.
हम ईस्ट,वेस्ट,नॉर्थ,साउथ सभी का समर्थन करते हैं.
हम लेफ्ट-राइट, ढीले-टाइट सबका समर्थन करते हैं.
हम बटेरों, ठठेरों, लुटेरों, कठोरों का समर्थन करते हैं.
हम मूक - वाचाल - चपल- लम्पट- संत- ज्ञानी-ध्यानी-तपस्वी-सिद्ध-प्रसिद्ध सभी का समर्थन करते हैं.
जो हमसे पहले थे, जो हमारे बाद होंगे, हम उनका समर्थन करते हैं.   
हम सभी वादों, इज़्मों,सिद्धांतों, सिद्धान्त-हीनताओं का समर्थन करते हैं.
हम रईस-फ़कीर-फक्कड़-अक्कड़-शक्की- झक्की-सीधों-टेढ़ों-वक्रों-चक्रों का समर्थन करते हैं. 
… हमारा इम्तहान मत लो, हमने हमेशा सीने पर गुलाब टाँगे  हैं, "कमल" का समर्थन ? हर्गिज़ नहीं!
"जो तोको झाड़ू धरै, ताहि दे तू समर्थन 
साम-दाम चलता रहे सत्ता-मंच पे नर्तन !"        

लोकतंत्र इसलिए पांच साल में करवट बदलता है?

एक शराब खाने में कुछ विद्यार्थी घुस गए. वे सभी शोध छात्र थे और किसी न किसी मुद्दे को लेकर अनुसन्धान कर रहे थे. वे जानते थे कि  वहां बैठे लोग उनके इस काम को पसंद नहीं करेंगे, फिर भी वे अपने बैग से डायरी और पैन निकाल कर वहां बैठे ग्राहकों से चंद सवाल करने में जुट गए.एक सवाल प्रायः सभी से पूछा गया- "आप क्यों पीते हैं?"
सवाल एक था, किन्तु जवाब अलग-अलग मिले-
-"शराब पीकर मैं थोड़ी देर के लिए वही हो जाता हूँ, जो मैं हूँ "
-"शराब पीकर मुझे लगता है कि चलो कुछ समय के लिए तो मैं बदल गया "
-"शराब मुझे उसकी याद दिलाती है जो मैंने खो दिया"
-"शराब उसे भुला देती है जो अब मेरा नहीं है "
-"शराब मेरी थकान उतार देती है"
-"शराब मेरा नशा उतार देती है"
-"शराब पीते हुए मुझे लगता है कि ग़ालिब, मीर , बच्चन, खैय्याम सब मेरी ही बात कर रहे हैं "
विद्यार्थियों ने निष्कर्ष निकाला कि हमारा संविधान हर पांच साल बाद सत्ता- नवीसों को चुनाव लड़ने के लिए इसीलिए भेजता है कि "चुनाव" भी एक तरह का नशा है, जो लोकतंत्र की ओवरहॉलिंग कर देता है.      

Monday, April 28, 2014

लो, समंदर भी मैला हो गया

लोगों की आदत बड़ी खराब होती है. सुबह-सुबह साफ़ धुला सफ़ेद झक्क रुमाल इत्र लगा कर जेब में रखते हैं, और फिर दिन के किसी भी समय मौक़ा देख कर इसे नाक से लगा कर मैला कर डालते हैं.
और तो और, गंगा तक को नहीं छोड़ा लोगों ने. इसमें अपने इतने पाप धोये कि  बेचारी गंगा भी मैली हो गई.
और अब तो हद ही हो गई.समंदर पर भी आफ़त आ गई. इसमें लहर दर लहर इतने लोग आते जा रहे हैं कि समंदर की सतह धरती से ऊपर निकली जा रही है.लेकिन लोग हैं कि  आते ही जा रहे हैं.
ज्यादा जनसँख्या वाला देश होने का यही तो नुक्सान है कि  कोई अपनी मासूमियत में यदि लोगों से कह दे कि समंदर में जा पड़ो , तो लोग आज्ञाकारी बच्चों की तरह जा-जाकर सागर में ही गिरने लग जाते हैं.
मजे की बात ये है कि समंदर इनसे ही भरा जा रहा है,जबकि ये तो केवल वे लोग हैं जिन्होंने केवल एक आदमी को वोट दिया है.
चलो अच्छा है, टीम को वोट देने वाले गिने-चुने ही निकले वर्ना धरती पर भी बेकार समंदर जितना ही बोझ बढ़ जाता.     
            

Saturday, April 26, 2014

किंडर गार्टन,यूरो- किड या सरस्वती विद्या मंदिरों के ये मास्टरजी

 देश में चुनाव के चलते आज एक नज़ारा आम है. हर टीवी चैनल पर मीडिया कर्मी पत्रकार-गण अलग-अलग पार्टियों के नुमाइंदों को बुला कर बैठा लेते हैं और फिर किसी न किसी मुद्दे को लेकर, कभी-कभी बेमुद्दा भी, उन पर सवालों की बौछार कर देते हैं. उसके बाद ये नेता गण जवाब देने में चीखते-चिल्लाते, पसीना बहाते दिखाई देते हैं.यहाँ तनाव पत्रकारों के चेहरे पर नहीं, बल्कि नेताओं के चेहरे पर होता है क्योंकि कैमरा पत्रकारों का होता है.कई बार तो कैमरा बात पूरी होने से पहले ही हटा लिया जाता है और फिर उनके बयान को चाहे जैसे तोड़ा -मरोड़ा जा सकता है.
ये चर्चाकार कई बार तो सभी सीमायें लांघ जाते हैं और किसी प्राइमरी स्कूल टीचर की तरह नेताओं को बच्चों की तर्ज़ पर डाँटते भी देखे जाते हैं.
यह सब अच्छा है, यदि ये तंज भरी तान देश हित में हो, अच्छे चुनाव के लिए हो, राजनैतिक अनुशासन के लिए हो.
पर …
ये कड़क मास्टरजी कहीं चुनाव के बाद इन्हीं नेताओं के सामने हाथ जोड़ कर कल "श्री" "भूषणों " और "रत्नों " की लाइनों में लगे नज़र न आएं. क्षमा ! 
         

फ्यूडलिज़्म इस को कहते हैं

एक राजा हो, एक मंत्री हो, एक सेनापति हो, एक सिपाही हो.
फिर कुछ वर्ष बीतें, और राजा का पुत्र नया राजा हो, मंत्री का पुत्र नया मंत्री हो, सेनापति का पुत्र राज्य का नया सेनापति बने और सिपाही का बेटा फ़ौज में सिपाही हो.
आम तौर पर इस व्यवस्था को "फ्यूडलिज़्म" या सामंतशाही समझा जाता है.यह वर्षों तक प्रचलन में रही है, और इसमें कुछ अपवादों को छोड़ कर कोई बहुत बुरी बात भी नहीं देखी गई है.क्योंकि यह माना जाता है कि  हर पुत्र प्रायः अपने पिता का काम तो बेहतर समझता ही है .
फिर सामंतशाही से त्रस्त होकर इसे हटाने की मुहिम क्यों चलती है ?
इसलिए कि समय के साथ बीच-बीच में एक नए किस्म की सामंतशाही भी पनप जाती है.
इस नई सामंतशाही में राजपुत्र तो नया राजा बनता ही है किन्तु राजा का रथ हांकने वाला, राजा को नहला-धुला कर तैयार करने वाला, राजा की रसोई बनाने वाला, राजा के वस्त्र-प्रक्षालन करने वाला और राजा का निजी सेवक राज दरबार के हाकिमों के बड़े पदों पर खुद को सुशोभित देखना चाहते हैं.उनकी एकमात्र योग्यता "राजा तक निजी पहुँच" होती है. राजा को भी इन्हें मूक-स्वीकृति देनी पड़ती है क्योंकि ये उसके विश्वासपात्र  "सेवक" होते हैं.
हमारे देश में ऐसे कई प्रधान मंत्री हुए हैं, जो कब हुए,क्यों हुए, किसकी मेहरबानी से हुए, ये कोई नहीं   जानता. वे कब तक रहे, कब चले गए, उन्होंने क्या  किया, इसके बारे में भी किसी ने कोई खास ध्यान नहीं दिया. इनमें सप्ताह, महीना, सालभर रहने वाले भी थे और पाँच सौ तियालीस में से दस, बीस, पचास सीटें पाने वाले भी.कुछ तात्कालिक शोशे छोड़ने वाले भी.
लेकिन आज़ादी के बाद यह शायद पहला ऐसा अवसर है जब प्रधान मंत्री पद पर कार्य करने की दावेदारी जताने के इच्छुक किसी  व्यक्ति की आठों दिशाओं से, हर कसौटी से, हर योग्यता-क्षमता की परख की जा रही है, उसे हर कोण से जांचा- परखा जा रहा है, और बाल की खाल निकाल कर उस से अदृश्य बॉन्ड भरवाये जा   रहे हैं.वह क्या करेगा, कैसे करेगा, उसने अब तक क्या किया ? पूरा देश "सलेक्शन कमिटी" में है,  
मानो इस से पहले के सभी प्रधान मंत्री पूर्ण सक्षम,सर्व-स्वीकृत, सर्वगुण- संपन्न थे.
बहरहाल, यह एक अच्छा संकेत है, जो बताता है कि  देश वास्तव में "प्रधान मंत्री" चुनने जा रहा है.जो भी चुना जायेगा वह किसी "इज़्म" की सौगात नहीं होगा, बल्कि देश का एक दूरदर्शी- लोकप्रिय नेता सिद्ध होगा.                 

Friday, April 25, 2014

जेंडर डिसक्रिमिनेशन अर्थात लिंग आधारित भेदभाव

 एक मकान की छत पर शाम के समय कुछ लोग खड़े होकर मौसम का आनंद ले रहे थे, तभी दूर से दिखाई देते एक खेत के किनारे कच्चे रास्ते पर धूल उड़ाते हुए कुछ मवेशियों का झुण्ड गुज़रा.छत पर उपस्थित परिवार के लोगों के बीच से एक वृद्ध महिला ने कहा- "गायें जा रही हैं."
तभी एक छोटी सी बच्ची ने ध्यान से उधर देख कर खेल-खेल में गिनती शुरू की- "गाय,सांड,गाय, बछड़ा,बैल, गाय, बछड़ा … "
तभी मेरा ध्यान वास्तव में इस बात पर गया कि  जाने वाले समूह में सभी गायें नहीं हैं.
प्रायः ऐसा होता है, सामने से पक्षियों का झुण्ड उड़ कर निकलता है और हम कहते हैं, देखो तोते !निश्चय ही उनमें कुछ तोतियां [मादा तोते] भी होती होंगी.
जब रसोई की खुली खिड़की के सामने रखा दूध गायब मिलता है तो हम झट कह देते हैं कि  बिल्ली दूध पी गई.क्या हम जानते हैं कि  दूध किसी बिल्ली ने ही पिया है, बिलाव [नर] ने नहीं ?
इसी रसोई में जब शाम की बची बासी रोटी फेंकने की बारी आती है तो कहा जाता है कि  रोटी कुत्ते को डाल दो, कोई नहीं कहता कि कुतिया को रोटी डाल दो.
अगर आपको लगता है कि हम उसी वर्ग का नाम ले देते हैं जिसका नाम छोटा या आसान हो, तो ज़रा सोचिये- आसमान में उड़ते पंछियों को आप "चिड़िया उड़ रही हैं कहते हैं या चिड़े उड़ रहे हैं? आपने किसी को बकरे चराने जाते सुना है? सब बकरियां चराने ही जाते हैं. तालाब में नहाती भैसों में क्या भैंसे नहीं होते? पर हम कह देते हैं की भैंसें नहा रही हैं.यहाँ तक कि  हम यह कहने में भी नहीं चूकते कि कबूतर ने अंडे दे दिए.
ऐसे लोग, जो हिंदी कम जानते हैं या सीख रहे होते हैं, वे इस दुविधा में और भी उलझ जाते हैं.वे सोचते हैं कि इस उलझन को वे ही नहीं सुलझा पा रहे, जबकि हम हिंदी-भाषी लोग खुद भी इससे अनभिज्ञ हैं.
एक बार मेरे एक मित्र ने जब मुझसे पूछा- "आपने कैसे कह दिया कि मेज पर पैन रखा है और पेन्सिल रखी है, या मेज नीची है और स्टूल ऊंचा है ?" तो मेरे पास बगलें झाँकने के अलावा और कोई चारा नहीं था.क्या आपके पास है?    
      

Thursday, April 24, 2014

"द हिन्दू", हाँ-हाँ यही

 अभी कुछ दिन पहले एक अखबार में एक कार्टून देखा होगा आपने, जिसमें ट्रेक्टर चलाते हुए मोदीजी को दिखाया गया था, और उसके पहियों से घायल होकर सड़क पर पड़े कुछ अन्य नेताओं को.
शायद कार्टूनिस्ट कहना चाहता था कि मोदीजी केवल अपनी मर्जी से पार्टी चला रहे हैं, और अन्य नेताओं की बात नहीं सुन रहे हैं.
मुझे याद है कि  जब केंद्र में पहली बार विपक्ष की सरकार सत्ता में आई थी, तब इसी अखबार में एक कार्टून छपा था, जिसमें तत्कालीन प्रधानमंत्री [मोरारजी देसाई] एक मुर्गी की तरह टोकरे में बैठे दिखाई दे रहे थे,और चारों ओर अलग-अलग पक्षियों के फूटे अण्डों से बच्चे झाँक कर चिल्ला रहे थे. 
मतलब ये था कि  सब अपनी-अपनी बात कह रहे हैं, और मुर्गी की कोई नहीं सुन रहा.
कहते हैं कि  "जन्म हो या मरण, पंडित तो लड्डू खायेगा"
जो लोग हमेशा इस बात से चिंतित रहे कि  कांग्रेस में एक के अलावा किसी की नहीं चलती वे अब इस बात से बेचैन हैं कि  भारतीय जनता पार्टी में केवल एक की ही चल रही है.
कॉलेज के दिनों में दोस्त एक चुटकुला अक्सर सुनाया करते थे-
"एक लड़की ने अपनी सहेली से पूछा- ये लड़के आपस में क्या बातें करते रहते हैं?
सहेली ने कहा- वही,जो हम लोग करते हैं.
-हाय, बड़े बदतमीज़ हैं. लड़की ने कहा."           

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...