Wednesday, December 30, 2015

वे बना रहे हैं शानदार मक़बरा

तेज़ी से बीतते हुए ये पल ईंटें चिन रहे हैं।
इन्हें एक स्मृति भवन तैयार कर देने की जल्दी है।
इस भवन की दीवारों पर ये टांग देंगे एक पूरे साल का लेखा-जोखा, और पहना देंगे उसे इतिहास की माला।पुष्पहार से सजे ये पल फिर नहीं लौटेंगे, कभी नहीं !
मैं असमंजस में हूँ, इस साल घटने वाली घटनाओं में मुझे कुछ ऐसी बातें साफ़-साफ़ दिखाई दे रही हैं, जो किसी के मिटाये से नहीं मिटेंगी।  मुझे उन पल-श्रमिकों पर तरस आ रहा है जो नाहक़ मक़बरा गढ़ रहे हैं, ये लाख कोशिश करें कुछ बातों को तो हरगिज़ नहीं दफ़न कर पाएंगे इतिहास की खोह में।
आइये देखें, ऐसा क्या है जिस पर ये बीतते पल बेअसर रहेंगे?
१. आपकी हमारी उम्मीदें
२. आपके-हमारे रिश्ते
३. और बेहतर दुनिया बनाने की हमारी-आपकी कोशिशें
४. बिना व्यवधान उगते चाँद और सूरज
५. नाचते-गाते लोग
६. हम सबके ख़्वाब
७. हर सुबह नए जोश से उठने के हमारे हौसले
८. हर आँख में प्यार देखने के ललक-भरे सिलसिले
९. सबकी रोटी के लिए सुलगती आंच
१०. पुराना बीतने से पहले एक नया साल लाकर खड़ा कर देने का शाश्वत ज़ुनून !         

Monday, December 28, 2015

पीढ़ी अंतराल और बॉलीवुड

पीढ़ियों में अंतर होता ही है।
पिछले दिनों क्रिसमस की धूमधाम के बीच आने वाले नए साल के प्रति स्वागतातुरता और बढ़ी दिखी। समाचारों ने भी अपने-अपने ढंग से, अपने-अपने देखने वालों के बीच जिज्ञासा जगाई।
नयी पीढ़ी को ये देखना भाया कि दीपिका पादुकोण ने सबसे ज़्यादा फॉलोअर्स के साथ आभासी दुनिया की सबसे बड़ी बॉलीवुड हस्ती का मुक़ाम पाया। उनका साथ दिया क्रम से आलिया भट्टऔर प्रियंका चोपड़ा ने। खबर ये भी बनी कि सोनाक्षी सिन्हा बेहद चपलता से सक्रिय रह कर भी टॉप फ़ाइव में जगह नहीं बना सकीं।
उधर पुरानी पीढ़ी को दुनिया के दूसरे पहलू के अहसासों ने भिगो दिया जब उन्हें लव इन शिमला,परख,एक मुसाफिर एक हसीना, वो कौन थी, मेरे मेहबूब,राजकुमार,आरज़ू,वक़्त,मेरा साया,इन्तक़ाम,एक फूल दो माली, दूल्हा-दुल्हन,हमदोनों , मनमौजी,बद्तमीज़,छोटे सरकार,अनीता,अमानत, इश्क़ पर ज़ोर नहीं,दिल दौलत दुनिया,गीता मेरा नाम, आप आये बहार आई,ग़बन,महफ़िल,हम सब चोर हैं, प्रेमपत्र जैसी फिल्मों की नायिका "साधना" के निधन के बाद उनकी शवयात्रा के समाचार देखने पड़े।
साधना से जुड़े कुछ तथ्य जहाँ रोचक हैं, वहीँ आश्चर्यजनक भी।
-१९६० से १९७० के बीच सर्वाधिक हिट फ़िल्में देने वाली इस नायिका को उस समय के सर्वाधिक प्रतिष्ठित फिल्मफेयर अवार्ड के लिए तो कभी नहीं चुना गया, किन्तु फिल्मफेयर की सहयोगी पत्रिका माधुरी ने  दर्शकों की राय से जब "फिल्मजगत के नवरत्न" चुनने का सिलसिला शुरू किया तब पहले ही वर्ष दर्शकों ने राजेश खन्ना को सर्वाधिक लोकप्रिय नायक और साधना को सर्वाधिक लोकप्रिय नायिका चुना।
-मीना कुमारी,वहीदा रहमान,माला सिन्हा, नूतन और वैजयंती माला के कैरियर के उतार के दिनों में सायरा बानो,आशा पारेख, शर्मिला टैगोर,बबिता,नंदा आदि के बीच स्पर्धा साधना के बाद आरम्भ होती थी, अर्थात वे दौर की सबसे सुंदर और सफल अभिनेत्री मानी जाती थीं।
-साधना ने किसी फैशन या प्रचलित परिधान को अंगीकार नहीं किया, बल्कि जो पहना, जिस तरह खुद को पेश किया, वही फैशन बन गया।
-साधना ने अपने कैरियर में न किसी गॉडफादर का सहारा लिया, न अपना झंडा बुलंद रखने के लिए कोई  गॉडएन्ज़िल छोड़ा।
-साधना अपने सबसे अच्छे दिनों में कैमरे के सामने से हट गयीं और ज़िंदगी भर दर्शकों को अपनी उसी छवि के साथ नज़रआने के लिए सार्वजनिक जीवन से दूर रहीं।
-साधना ने दिलीप कुमार और अमिताभ बच्चन के साथ कोई फिल्म नहीं की।                  
                 

Sunday, December 20, 2015

"किशोर" की परिभाषा


तीन वर्ष पूर्व दिल्ली में घटे भीषणतम दुष्कर्म मामले के बाद ये सवाल उभर कर आया कि आखिर किस उम्र के किशोर को यौन क्रिया की दृष्टि से "पूर्ण मानव" माना जाये?
इसका सबसे सटीक और पूर्ण उत्तर यही है कि जिस उम्र का व्यक्ति [युवक या बालक] ऐसा अपराध करदे,वही उम्र सज़ा के लिए पर्याप्त मानी जानी चाहिए. यदि बच्चा बड़ों जैसा अपराध करे और हम उसे बच्चा समझ कर सजा में छूट देदें,तो हमें इस बात लिए भी तैयार रहना चाहिए कि कल हर चोर/डाकू/आतंकवादी बच्चों को अपराध के लिए प्रशिक्षित करके उनसे ही अपराध करवाएगा और हमारा कानून माफ़ी का गुलदस्ता हाथ में लिए अपराधियों को पुचकारता रहेगा.
यह एक कड़वा सच है कि देश में कोई कानून बनाना अब वैसे भी मुश्किल होता जा रहा है क्योंकि हम दबंग बहादुरी के उस दौर में पहुँच गए हैं जब जनता के चुने हुए लोग काम करने के लिए "जनता से नकारे गए" लोगों के मोहताज़ हैं.देश ने समय-समय पर किस्म-किस्म की गांधीगिरी का साक्षात्कार किया है !       

Tuesday, December 15, 2015

लोकतंत्र में सत्ता वह है जिसे हम चुनते हैं ...तो हमने कुछ नहीं खोया

एक पखवाड़े बाद जब ये साल हमारी निगाहों से ओझल हो जायेगा तो शायद हर बीतने वाले साल की तरह कुछ दिन तक हम लोग इसे भी याद करेंगे.इससे वाबस्ता कई बड़ी-छोटी बातें और ख़बरें हमारे सामने लाई जायेंगी.लेकिन कुछ बातें ऐसी भी हैं, जिनके बाबत प्रायः हम नहीं सोचेंगे.आइये,आज उन्हीं के बारे में सोचें.
देश [और दुनिया ने भी] ने तेज़ी से इस साल जिन बातों को खोया है,उनमें से कुछ ये बताई जा रही हैं-
१. नेताओं ने मान-सम्मान
२. अभिनेताओं ने लोकप्रियता
३. खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास
४. अमीरों ने सहानुभूति
५. गरीबों ने जीने के स्रोत
६. कलाकारों ने दर्शक
७. साहित्यकारों ने विश्वसनीयता
८. प्रशासकों ने पकड़
९. बच्चों ने बेहतर भविष्य के अवसर
१०. लोगों ने सहनशीलता
किन्तु संतोष की बात ये भी है कि अब देश की दो की जगह चार ऑंखें हो गयी हैं-दो सत्ता की, दो विपक्ष की. और ये सब बातें हमने केवल विपक्ष की नज़रों में खोई हैं, सत्ता की नज़र में नहीं।
      

Wednesday, December 9, 2015

"खान" और "कुमार" एक साथ भी हुए हैं !

बॉलीवुड में अशोक कुमार,मनोज कुमार, राजकुमार, राजेंद्र कुमार, किशोर कुमार, अक्षय कुमार का जलवा रहा तो फ़िरोज़ खान, संजय खान, शाहरुख़ खान, आमिर खान, सलमान खान, सैफ अली खान की चमक भी फैलती रही। 
लेकिन जिस शख़्सियत का जन्मदिन देश कल मनाने जा रहा है वह एक ऐसा खान था,जो कुमार बन कर फ़िल्मी-आसमान में छाया रहा। ये बात है दिलीप कुमार अर्थात यूसुफ़ खान की,जो खान भी है और कुमार भी !
दिलीप कुमार स्वभाव से बेहद शर्मीले रहे हैं. यही कारण है कि वे मुस्लिम नायिकाओं [नर्गिस/मधुबाला/मीना कुमारी/वहीदा रहमान/सायरा बानो/मुमताज़ के साथ जितनी सहजता से काम कर लेते थे, हिन्दू परिवार से आई अभिनेत्रियों के साथ अंतरंगता से जुड़ने में झिझकते थे.
ये आश्चर्य ही कहा जायेगा कि लगातार उनके ज़माने में सक्रिय बनी रही अभिनेत्रियों साधना/नंदा/आशा पारेख/बबिता/हेमा मालिनी/जया भादुड़ी आदि के साथ उन्होंने एक भी फिल्म नहीं की.माला सिन्हा के साथ मात्र एक, और शर्मिला टैगोर के साथ भी सिर्फ एक फिल्म,वह भी तब, जब वे नवाब पटौदी से प्रेमविवाह करके आयशा सुल्ताना बन चुकी थीं.नूतन के साथ गिनी-चुनी भूमिकाएं जिनमें भूमिका में ही पर्याप्त दूरी थी.
यहाँ अपवाद सिर्फ वैजयंतीमाला थीं, जिनके साथ उनकी कालजयी सुपरहिट फिल्म "गंगा जमुना"आई. इसके बारे में भी जानकारों को पता है, कि वैजयंतीमाला मद्रास से आने के कारण उत्तर भारत की संस्कृति के लिए उस दौर में नई थीं, और वे भी दिलीप की तरह हिंदी जगत में औपचारिक रहती थीं.
दूसरी तरफ वहीदा रहमान/मीना कुमारी / मधुबाला के साथ दिलीप की जबरदस्त जोड़ी थी.इन तीनों के साथ उन्हें ट्रेजेडी किंग बना देने वाली यादगार भूमिकाएं मिलीं.
सबसे बड़ा अजूबा तो ये, कि जिन सायरा बानो को दर्शक/समीक्षक बड़ी या संजीदा अभिनेत्री तक नहीं मानते थे, उनके साथ "अभिनय सम्राट" की उपाधि से नवाज़े गए दिलीप ने सर्वाधिक फिल्में दीं, और बेहद लोकप्रिय.
चलिए छोड़िये, ये शायद "दिल का मामला" था, सायरा जी उनकी जन्म-जन्मान्तर की जीवन संगिनी जो बनीं.
बहरहाल, हमारी दुआएं हैं कि दिलीप कुमार का यही नहीं, बल्कि १०० वां जन्मदिन भी देश उनके साथ इसी हंसी-ख़ुशी से मनाये.      
 

Tuesday, December 8, 2015

जब महापुरुषों के बारे में लिखें

कुछ लेखक निरंतर बड़े और महान लोगों के बारे में लिखते रहते हैं।  यह अच्छा है, और नई पीढ़ी के लिए ज़रूरी भी।  यदि ऐसा करते समय कुछ बातों का ध्यान रख लिया जाये तो इस कार्य की उपयोगिता और भी बढ़ सकती है-
१. अब ऐसा समय नहीं है कि समाज में अधिकांश पुरुष ही "महान" दिखाई दें, महिलाएं भी इस कतार में बराबर की हिस्सेदार हैं, इसलिए शीर्षकों में "महान हस्तियां" कह कर संतुलन लाएं.
२. जिस व्यक्ति के बारे में लिख रहे हैं, उसकी योग्यताओं और अच्छाइयों को लेकर व्यावहारिक तथा विश्वसनीय रहें.उसे चमत्कारिक अतिशयोक्ति से "सुपरमैन" बनाने की कोशिश न करें.बच्चे उसी बात को अपनाना चाहते हैं, जिस पर विश्वास कर सकें।
३. यदि आप किसी व्यक्ति के संवाद सीधे [डायरेक्ट स्पीच] लिख रहे हैं तो उन्हें उसी भाषा में देवनागरी/रोमन में लिखने की कोशिश  करें,जिसमें वे कहे गए हैं. अन्यथा उन्हें विवरणात्मक शैली [इनडायरेक्ट स्पीच]में ही लिखें.दूसरी भाषा में प्रत्यक्ष उसी के मुंह से कहलवाना विश्वसनीय नहीं लगता.      

विपक्ष में हैं तो क्या?

इंदिराजी जब प्रधानमंत्री बनीं,उन्होंने शिक्षा मंत्रालय का नाम मानव संसाधन विकास मंत्रालय कर दिया। इसके पीछे सोच ये था कि यदि देश में शिक्षित लोगों की आबादी ४० प्रतिशत है, तो "शिक्षा"मंत्री केवल ४० प्रतिशत लोगों का न रहे, वह शत-प्रतिशत लोगों का ख्याल करे।  वे अनौपचारिक/दूरस्थ/मुक्त शिक्षा की भी पक्षधर थीं। 
देश का सौभाग्य है कि मौजूदा प्रधानमंत्री ने अपने पूर्ववर्तियों की हर "अच्छी" बात स्वीकारने की कोशिश की है.समाज के बीच लोकप्रिय और साधारण शिक्षित स्मृति ईरानी जी को मानव संसाधन विकास मंत्रालय सौंपना भी ऐसा ही एक कदम था। अधिकांश उच्च शिक्षित लोग अशिक्षितों की समस्या समझ, उनके साथ न्याय नहीं कर पाते.
यह एक कठोर सत्य है कि यदि आप किसी खिलाड़ी को किसी काम की ज़िम्मेदारी देंगे तो वह सिद्धहस्त खिलाड़ियों के लिए ही सॉफ्टकॉर्नर रखेगा.यदि गैर-खिलाड़ियों की सही देखभाल चाहते हैं तो बड़े खिलाड़ी को यह काम मत दीजिये.
एक बड़े डॉक्टर जब स्वास्थ्यमंत्री बनाये गए तो उनके जेहन में डॉक्टरों का हित कौंध रहा था.वे आनन-फानन में सभी सरकारी डॉक्टरों की सेवानिवृत्ति की आयु सत्तर वर्ष करने के कागज़ात तैयार कर बैठे.उनके लिए समूची व्यवस्था, बजट,अन्य पेशों के संभावित आक्रोश का मुद्दा गौण रहा.सर्व समावेशी प्रधान मंत्री ने तत्काल सरकार पर ये बोझ आने से रोका.
आप खुद सोचिये, यदि विधायकों-सांसदों के वेतन बढ़ाने का काम किसी गैर-सांसद/विधायक को दिया जाता तो ये इतनी तत्परता से बढ़ पाता ?
एक साधारण बस की कल्पना कीजिये.बस में बैठे मुसाफिर अंदर बैठे मुसाफिरों का ही पक्ष लेते हैं, बाहर खड़ों का नहीं.
इंदिरा जी मंत्री-परिषद का री-शफ़ल इसीलिए जल्दी-जल्दी करती रहती थीं.
         
  

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...