Friday, August 22, 2014

रस्ते में हो गई शाम

"रस्ते में हो गई शाम" संस्मरणों की श्रृंखला है, जिसके अगले भाग में आप पढ़ेंगे कुछ पलों की शेयरिंग - निर्मल वर्मा, विद्या निवास मिश्र,अज़गर वज़ाहत,मेहरुन्निसा परवेज़,सूर्यबाला,चित्रा मुद्गल,राजेंद्र यादव, कमलेश्वर, तेजेन्द्र शर्मा, धीरेन्द्र अस्थाना,अरविन्द,मधुदीप, धनञ्जय कुमार, दामोदर खडसे,दुर्गा प्रसाद अग्रवाल, आलोक श्रीवास्तव, नन्द भारद्वाज,वेदव्यास, गोविंद माथुर, प्रेमचंद गांधी …
"कुछ लोग जीवन में इस तरह मिलते हैं कि घंटों साथ बैठ कर जैसे अलाव तापें और करें बातें।
कुछ इस तरह भी, कि माचिस की जलती तीली के क्षणिक उजास में आप देख लें किसी को "-प्रबोध कुमार गोविल          

Thursday, August 21, 2014

तारे आइने में

बशीर बद्र ने कहा है- "मैं तमाम तारे तोड़ कर उन्हें मुफलिसों में बाँट दूँ, बस एक रात को आसमां का निज़ाम दो मेरे हाथ में "
शायद इसी से प्रेरणा लेकर मास कम्युनिकेशन और फिल्म स्टडीज़ के एक युवा अध्यापक ने कुछ सितारे तोड़ कर अपने छात्रों में बाँट दिए, और उन्हें असाइनमेंट के रूप में बॉलीवुड के "कपूरों" के बीच बाँटने को कहा।आइये देखें, छात्रों ने कैसे किया ये बंटवारा !
- शक्ति कपूर, तुषार कपूर,राजीव कपूर, करण कपूर,कुणाल कपूर, सोनम कपूर,रणधीर कपूर,संजय कपूर, [*]
-पिंचू कपूर, नीतू कपूर, संजना कपूर, कमल कपूर,शशि कपूर,श्रद्धा कपूर,करिश्मा कपूर,[* *] 
-शाहिद कपूर,एकता कपूर, करीना कपूर, पृथ्वीराज कपूर,रणबीर कपूर,[* * *]
-पंकज कपूर, जेनिफ़र कपूर, अनिल कपूर,विद्या बालन कपूर,शम्मी कपूर,[* * * *]
-ऋषि कपूर ,श्री देवी कपूर, राज कपूर,[* * * * *]          

Wednesday, August 20, 2014

आपकी बात तो सही है पर.…

उत्तर प्रदेश, बिहार, असम और कुछ हिस्सों में भारी वर्षा से पिछले दिनों तबाही हुई। बाढ़ के हालात अब भी बने हुए हैं।
धरती प्यासी थी, अम्बर ने जल बरसा दिया। क्या अनहोनी हुई?
लेकिन आसमान जब पृथ्वी को तोहफा देने आया, तब अगवानी की व्यवस्था तो हमारी थी न ?हमने क्या किया?
अभी मैं ट्विटर पर देख रहा था, किसी ने कहा- यदि ऐसी बाढ़ पाकिस्तान में आई होती तो मुंबई की फ़िल्मी दुनिया में डोनेशन देने की प्रतियोगिता शुरू हो गई होती।
मैं सोच रहा हूँ,कि किसी के ऐसा बयान देने के पीछे क्या बात हो सकती है?
-शायद वह इस बात से नाराज़ हों कि हम लोग दूसरों की मदद तो कर देते हैं, पर अपनों की नहीं करते।
-भारत की फिल्म नगरी पाकिस्तान से वाहवाही लूटने को बेताब रहती है।
-बॉलीवुड से मौजूदा पांच-पांच सांसद और ढेरों भूतपूर्व सांसद हैं,वे कुछ करते क्यों नहीं?
-बाढ़ में जाए पाकिस्तान?
शायद उन्हें मालूम नहीं कि बॉलीवुड के "सौ करोड़ क्लब","दो सौ करोड़ क्लब" कमाने के हैं,बांटने के नहीं!          

 
  

Tuesday, August 19, 2014

गरीब

कुछ लोग गरीब हैं।  दुनिया के हर कौने में गरीब हैं, कहीं कम कहीं ज्यादा।  गरीब की परिभाषा पर दुनिया एक मत नहीं है।  कहीं गरीबी को आय से जोड़ा जाता है तो कहीं खर्च से।
गरीब कौन हैं?क्यों हैं? कैसे हैं? यह सब विधिवत अध्ययन की चीज़ें हैं।
कुछ समय पूर्व एक गाँव में बाढ़ आई।  एक किसान के बाड़े में दो भैसें बंधी हुई थीं।  बाढ़ की अफरा-तफरी में गाँव खाली होने लगा।  भैसों की किसे परवाह होनी थी, सब अपनी जान बचा कर भाग रहे थे।  थोड़ी ही देर में गाँव में सन्नाटा हो गया।  रस्सी से बंधी होने के कारण भैंसें कहीं न जा सकीं।  पानी चढ़ता रहा।  जब भैसों की ऊंचाई से भी ऊपर निकल गया तो कुछ देर भैसों ने ज़मीन से ऊपर उठ कर तैरने की चेष्टा की।  सब जानते हैं कि भैसें पानी में तैर कर आनंदित होती हैं।  लेकिन कुछ देर बाद थकान और अचम्भे के कारण भैसों का आनंद हताशा और डर में बदलने लगा।उनके तैरने या हिल-डुल सकने की जद बस उतनी ही थी, जितनी रस्सी की लम्बाई। अलबत्ता बहते पानी में दिशा अवश्य दोनों की तितर-बितर हो रही।
घंटों बीत गए थे।भूख के तेवर भी उत्पाती थे।
कुछ देर बाद एक हरे पेड़ की डाली पानी में बहते-बहते एक भैंस के मुंह के नज़दीक अटक गई।
अब दोनों भैसों की आर्थिक, शारीरिक, और दैवी स्थिति में विराट अंतर था।         

इतिहास क्यों पढ़ते हैं लोग?

कुछ दिन पहले भ्रमण पर जाते एक ग्रुप को शुभकामनायें देते-देते मेरे मुंह से सहसा निकल गया- "वहां की कुछ अच्छी पिक्चर्स लाना।"  बी.एस सी. प्रथम वर्ष में पढ़ने वाली, मेरे मित्र की सुपुत्री ने एक पल अजीब सी नज़र से देखा- मानो, वह मेरी कही बात को समझने की कोशिश कर रही हो। मुझे भी लगा कि शायद वह मेरी बात समझ नहीं पाई।  तभी एकाएक वह बोली- "ओह पिक्स? ज़रूर अंकल !"
वे लोग तो चले गए, किन्तु मुझे बैठे-बैठे याद आया, कि कुछ वर्ष पहले बच्चे ये जानते थे कि पिक्चर एक शब्द है और पिक्स उसका संक्षेप।
मुझे ठीक से याद है , उससे कुछ और पहले के बच्चे अच्छी तरह जानते थे कि फोटो, तस्वीर, चित्र, पिक्चर सब एक ही हैं।
तो अपनी याददाश्त की टॉर्च को इतिहास की ओर फेंकिए, कभी-कभी जितना पीछे जाते जायेंगे, लगेगा जैसे उजाला बढ़ रहा है।
लेकिन ये सब एकदम चुपचाप कीजियेगा,  गली ने नुक्कड़ पर जाने के लिए स्कूटी निकालते किसी बच्चे से ये मत कहियेगा कि आपके दादाजी, दो घंटे में पांच मील पैदल चल लेते थे।  वह आप को यह कह कर फ़ौरन नीचा दिखा देगा कि "अंकल,मैं तो दो घंटे में मुंबई से अहमदाबाद चला जाऊंगा, बुलेट ट्रेन आने दीजिये !"और शायद आप सोचते रह जाएँ कि इसके लिए इसके पिता को कितना पैसा छोड़ना चाहिए? तिलिस्मी भविष्य में "घुटना बदलना" कोई बच्चों का खेल थोड़े ही रह जायेगा? अलबत्ता,ये भी हो सकता है कि तब हस्पतालों के प्रवेश द्वार पर बोर्ड लगे हों-"इट्स फ्री"      

Monday, August 18, 2014

सैर- सपाटा

 अलमस्त लहराकर बोलने की हमारी चाहत हमसे कई शब्द फ़िज़ूल बुलवाती है। घर-वर,खाना-खूना, रोटी-शोटी,मार-काट जैसे हज़ारों शब्द-प्रयोग हम रात-दिन कहते-सुनते हैं।
इनमें कई बार सार्थक संगत शब्द भी होते हैं, तो कई बार निरर्थक दुमछल्ले भी।
क्या आपने कभी सोचा है कि "सैर-सपाटा" हम क्यों बोलते हैं? सैर का सपाटे से क्या लेना-देना !
यह शब्द हिंदी को [हिंदी की पूर्ववर्ती भाषाओँ को] गणित ने दिया है।
चौंक गए न ?
आइये देखें-कैसे !
जब हम रोज़ाना में अपने घर में होते हैं तो तन-मन-धन से घर में होते हैं। हम जैसे चाहते हैं,वैसे रहते हैं।जो खाना है, खाते हैं, जो चाहते हैं पहनते हैं, जैसे चाहें रहते हैं।
घूमने-फिरने या भ्रमण के लिए निकलते ही कुछ परिवर्तन होते हैं।
हमें नई जगह की फ़िज़ा और औपचारिकता के तहत वस्त्र पहनने पड़ते हैं। जहाँ कुछ खर्च नहीं हो रहा था या कम हो रहा था, अब बढ़ जाता है। शरीर को कुछ आनंद मिलते हैं तो कुछ कष्ट।  मन और मूड भी बदल जाते हैं। खान-पान तो खैर बदलता ही है,घर में परहेज़ करने वाले बाहर चटखारे लेते देखे जा सकते हैं।
इन सारे परिवर्तनों का एक ग्राफ बना लीजिये। आप देखेंगे कि जमा पैसा घट गया है,खान-पान का अनुशासन घट गया है। मन का आनंद बढ़ गया है।  अर्थात तन-मन-धन का "गणित" हिल गया है। इस ग्राफ में कुछ घट कर नीचे गया है, और कुछ बढ़ कर ऊपर आ गया है। इस ग्राफ की लहर जैसी रेखा पहले से कहीं "सपाट" हो गई है।
सैर से यही सपाटा तो करके लौटते हैं आप !
                  

Sunday, August 17, 2014

कबड्डी-कबड्डी-कबड्डी

अच्छा लगता है कबड्डी जैसे खेल का लोकप्रिय होना। इस पर बड़े-बड़े लोगों का ध्यान जाना। इसके लिए सुविधाएँ जुटाने की मुहिम का शुरू होना। खिलाड़ियों को मान-सम्मान और धन मिलना, मीडिया में उनका रंग उड़ना।
क्या आप जानते हैं-
क्रिकेट जैसे खेल में एक टीम के बल्ले और दूसरी टीम की गेंद के बीच जंग होती है। बैडमिंटन या टेनिस जैसे खेल में दोनों ओर के बल्ले एक गेंद या शटल कॉक पर प्रहार करते हैं। फ़ुटबाल में दोनों दल एक बॉल के लिए झगड़ते हैं। बास्केटबॉल, हॉकी में भी निर्धारित स्थान तक बॉल का सफर होता है।  शतरंज में दो दिमाग झगड़ने के लिए मोहरों का सहारा लेते हैं, लेकिन कबड्डी जैसे खेलों में खिलाड़ियों के शरीर हारजीत का फैसला करते हैं।
इस तरह कुश्ती, मुक्केबाजी,तैराकी और कबड्डी केवल बदन के खेल हैं।
यहाँ भी कुश्ती-मुक्केबाजी में एक दूसरे के शरीर को परे हटाया जाता है, तैराकी में पानी में अकेले रहते हुए पानी को हटाया जाता है, किन्तु कबड्डी में विपक्षी के बदन को अपनी ओर खींच कर रोका जाता है। तो हुआ या नहीं ये प्यार-भरा खेल? ये खेल बढ़ा तो मोहब्बत का सन्देश ही देगा।  चाहे दो शख़्स हों, दो दल हों, दो समाज हों, या दो देश !      
           

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...