Saturday, December 5, 2015

बुद्धिमत्ता को कोई नहीं भूलता

"द्विअर्थी " साहित्य अकबर के ज़माने से ही लोकप्रिय है।  अकबर-बीरबल के किस्सों में बुद्धिमानी भी होती थी और लतीफ़ापन भी.अब ये दोराहा राजनीति में आता दृष्टिगोचर हो रहा है.
दिल्ली राज्य सरकार ने कोर्ट के कहते ही प्रदूषण की समस्या हल कर दी.सड़क पर दौड़ते वाहनों को आधा-आधा बाँट दिया. तीन दिन ये चलें, तीन दिन वो चलें.
भारत में पूरा तो कभी भी कुछ नहीं हो सकता, लेकिन आधा-आधा हो तो सब हो सकता है. यही हमारी हर समस्या का समाधान है.पूरी तो यहाँ सफाई जैसी चीज़ भी नहीं होती. सरकार साफ करेगी तो हम गन्दा करेंगे, हम विपक्ष हैं.
अगली समस्या है भ्रष्टाचार.
भ्रष्टाचार हटाया तो आधे खुश होंगे कि  काम हो गया , आधे दुखी कि कमाई गयी .
तो सरकार तय कर दे कि सोमवार,बुधवार,शुक्रवार ईमानदारी से काम होंगे, मंगलवार,गुरुवार और शनिवार ले-देकर.
अब  जिनकी कमाई भ्रष्टाचार से है वे भी खुश, और जिनके पास रिश्वत देने को पैसे नहीं हैं वे भी खुश.अपने काम दिन देख कर करवालो.
तो अब सारी योजनाएं अकबर-बीरबल के किस्सों की तरह मशहूर होने वाली हैं.      

Friday, December 4, 2015

विश्वसनीय चुटकुले

जब आपको कोई लतीफ़ा या चुटकुला सुनाया जाता है तो आप हँस कर उसका आनंद उठा लेते हैं।  शायद ये कोई नहीं सोचता कि ये चुटकुला कैसे और कब बना होगा? किसने बनाया होगा। 
लेकिन हम लोग खुशकिस्मत हैं कि लतीफों की फैक्ट्रियां हमारे आसपास ही लगी हैं और हम नित नए उत्पाद बनते देखते हैं। 
कुछ साल पहले एक सरकार ने अपने दफ्तरों में बढ़ती फाइलों और कागज़ों के अम्बार से तंग आकर ये फ़रमान निकाला कि गैर-ज़रूरी कागज़ात को रद्दी में निपटा दिया जाये।  लेकिन सरकार खासी मुस्तैद भी थी, ये भी सोचा कि रद्दी में बेचने के बाद में यदि किसी कागज़ की ज़रूरत पड़ी तो क्या होगा? तत्काल दूसरा आदेश भी निकाला कि रद्दी में बेचने से पहले सभी कागज़ों की एक-एक फोटोप्रति ज़रूर फाइलों में रख ली जाये.
दिल्ली राज्य की सरकार तो एक कदम और आगे बढ़ गयी.प्रदूषण कम करने के लिए निश्चय किया है कि सड़कों पर एक दिन ०,२,४,६,८ अंतिम नंबर वाली गाड़िया चलें और दूसरे दिन १,३,५,७,९ अंतिम नंबर वाली.
सच में दिल्ली की सड़कों पर बेतहाशा बढ़ती गाड़ियों की संख्या ने प्रदूषण तो बहुत बढ़ा दिया है.
तो अब दिल्ली में एक गाड़ी के मालिक दो-दो गाड़ियां खरीदने के लिए आज़ाद हैं। दिल्ली वाले एक दिन कार में, दूसरे दिन बस में तो जाने से रहे.आखिर दिल्ली वाले हैं !
फिर और भी रौनकें बढ़ेंगी.नंबर चैक होंगे तो जगह-जगह ट्रैफ़िक-जाम, ट्रैफ़िक पुलिस डाल-डाल तो वाशिंदे पात-पात.फिर चाट, सलाद,गुटके, चाय-पानी की रेहड़ियां.दिल्ली में हज़ारों गाड़ियों से पटी सड़कों पर लेन नंबर २, ४, ६ तो किसी को दिख नहीं पाती, एक अदद सिपहिया को दो दूनी चार कौन से चश्मे से दिखेगा? सिपाही भी वो, जिनके लिए दिल्ली सरकार दुखी है कि हमारी नहीं सुनते.
एक फायदा ज़रूर होगा- चालान काटने वाले सिपाही विधायकों की अंधाधुंध बढ़ी तनखा तो वसूल देंगे.
तो आदरणीय दिल्लीवासियो,जो सरकार आपको बिजली-पानी मुफ्त देगी उसकी तनखा तो आपको देनी ही पड़ेगी न?
जब तीन दिन आप पब्लिक ट्रांसपोर्ट से चल लेंगे तो शायद पब्लिक ट्रांसपोर्ट को भी ये पश्चाताप होने लगे कि हाय,जब हम इन्हें तीन दिन ले जा पाये तो छहों दिन क्यों न ले गए?      
   

Thursday, December 3, 2015

भाग्यशाली भारत

भारत में वर्षों तक कभी राजाओं -रजवाड़ों का शासन था।  राजा न रहे तो उसकी संतान का तत्काल राज्याभिषेक हो जाता था।  जब तक राजा जीवित रहे, ताज उस के सिर पर ही रहता था, चाहे वह वृद्ध, अशक्त या रुग्ण ही हो.उसके मरते ही सत्ता उसके पुत्र के पास चली जाती थी चाहे वह अनुभवहीन, छोटा या नासमझ ही क्यों न हो.राजा का ही यह दायित्व था कि वह जाने से पहले राज्य को शासक दे, चाहे इसके लिए कितने भी विवाह करने पड़ें, किसी को गोद लेना पड़े या किसी शत्रु के हाथों पराजय झेलनी पड़े.
यह परम्परा भारत से अँगरेज़ शासकों ने छुड़ाई,जब उन्होंने छल,बल,छद्म या लालच से उन्हें सत्ता मुक्त किया.
जिस तरह शराब छोड़ने पर भी शराबी के मुंह से मदिरा की गंध आसानी से नहीं जाती, उसी तरह सत्ता छूटने पर उसका ख़ुमार उतरना भी आसान नहीं होता.
राजाओं से छिने राजसी-वैभव की यह लत इंदिराजी ने छुड़वाई,जब उन्होंने पूर्व-राजाओं को सरकार की ओर से दिए जाने वाले गुज़ारे-भत्ते [ प्रिवीपर्स] को बंद किया.
इंदिराजी ने इसी तरह के और भी कई बड़े-बड़े काम किये.
लेकिन इसका नतीजा यह हुआ कि सब बड़े-बड़े कामों की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री की ही मान ली गयी.ठीक तो है, जिसने पहले किया, वही अब करे.
भारत इस अर्थ में अत्यंत भाग्यशाली है कि यहाँ जब भी कोई काम फैलता है तभी कोई न कोई उसे करने वाला भी देश को मिल ही जाता है.बीसवीं सदी की ही तरह इक्कीसवीं सदी में भी !     

प्रेस से छेड़छाड़ सरकारी पाप कहलाता है

प्रेस से छेड़छाड़ सरकारी पाप कहलाता है फिर भी सरकार "असहिष्णुता" रोकने के लिए ये तो कर ही सकती है-
१. चंद मिनटों में सैंकड़ों ख़बरों के प्रसारण वाली शैली पर रोक लगाए [शालीन सम्पूर्ण बयानों में से आधा-अधूरा जुमला ले उड़ना इसी से होता है ]
२. समाचार चैनलों के एंकरों [विशेषकर बहस संचालित करने वाले] के गले की "पिच सीमा" तय करे.ये सभ्य और शालीन प्रवक्ताओं/ नेताओं  को भी प्राइमरी स्कूल के बच्चों की तरह डांट कर बेवजह आक्रामक और उद्दंड बना रहे हैं.
३. चर्चा में कब किसके सामने से कैमरा हटेगा, यह अधिकार किसी तटस्थ मध्यस्थ को सौंपने की बाध्यता हो.इन "बहसों" को देखते समय याद आ जाता है कि भांड-विदूषकों ने गंभीर कवियों को मंचों से कैसे हाशिये पर धकेला !      

Wednesday, December 2, 2015

यदि कर सके तो सरकार ये कर दे !

इस समय माहौल बहुत अच्छा है। 
देश के अधिकांश बुद्धिजीवी, साहित्यकार, कलाकार, संत,विचारक आदि अपने सब दैनिक क्रियाकलाप छोड़ कर "सूरज को देखते हुए सूरजमुखी फूल" की भांति केवल मोदीजी और केंद्र सरकार को ही देख रहे हैं। ये आपको बताते हैं कि सरकार ने क्या नहीं किया, क्या-क्या गलतियां कीं, प्रधानमंत्री कहाँ गए, कहाँ नहीं गए, उन्होंने क्या पहना, क्या पहनना छोड़ दिया, क्या खाया, किसके साथ खाया, क्या बोले, क्यों बोले, क्यों नहीं बोले... आदि। 
सरकार उनकी इस सक्रियता का सकारात्मक लाभ क्यों न ले?
प्रत्येक जिला अधिकारी के कार्यालय में एक बोर्ड और मार्कर रखवा दे, और बुद्धिजीवियों का आह्वान करे कि वे जब चाहें, यहाँ आकर बोर्ड पर लिख जाएँ कि सरकार ने क्या गलत किया, या वो क्या करे?
आवश्यक हो तो सरकार इसके लिए उन्हें आने-जाने का किराया-भत्ता भी दे। जनसम्पर्क विभाग रोज इस बोर्ड की सामग्री स्थानीय अख़बारों को उपलब्ध करवा दे.   
बोर्ड पर शीर्षक हो- "क्या कहते हैं देश/समाज के हितैषी?"

ये चुनौती है

 एक समय था जब हमारे देश का तमाम कामकाज अंग्रेजी में चलता था,उस समय अधिकांश भारतवासी कुछ भी समझ नहीं पाते थे.
किन्तु अब राजभाषा कर्मियों के निरंतर प्रयास से यह दिन आ गया है कि अब काफी कामकाज हिंदी में भी होने लगा है.लेकिन इसके भी अपने नुकसान हैं.अब कई अंग्रेजीदां लोग इसे समझ नहीं पाते.
 हिंदी के तमाम शिक्षकों और विशेषज्ञों के लिए इस समय एक बड़ी चुनौती है। उन्हें या तो "मुहावरों" को सुधारना होगा, या फिर बिलकुल हटा देना होगा।
होता ये है कि कोई मुहावरा बोला जाता है, यथा -"धोबी का कुत्ता,घर का न घाट का"
इसका अर्थ है कि व्यक्ति दो काम करने चला पर कोई भी पूरा नहीं कर पाया."हाथी निकल गया, कुत्ते भौंकते रह गए" का अर्थ है व्यक्ति ने आलोचना की परवाह किये बिना अपना काम कर लिया.
किन्तु हमारी संसद में यदि कोई हिन्दीभाषी ये मुहावरा बोलता है तो उसे समझे बिना कहा जाता है-"हमें कुत्ता कह दिया, हमें हाथी बता दिया"
और इस तरह जो बात 'हिंदी के प्राथमिक ज्ञान' की है उसे "असहिष्णुता"का मुद्दा बता कर संसद ठप्प कर दी जाती है.
मज़ा ये, कि संसद ठप्प करने वाले कभी ये नहीं कहते कि हमने आज न काम किया, न औरों को करने दिया, अतः हमारे वेतन-भत्ते काट लो !    

Tuesday, December 1, 2015

अद्भुत ! आश्चर्यजनक !

आजकल एक बड़ी मज़ेदार चीज़ देखने को मिल रही है। 
वर्षों से हम जिन लेखकों और साहित्यकारों को पढ़ और सराह रहे थे,उनमें से कई आज अपनी पूरी ताकत केवल वर्तमान सत्ता को कोसने, विरोध करने, मज़ाक उड़ाने और उस पर तरह-तरह की टिप्पणी करने में लगाए हुए हैं.
ऐसे-ऐसे नामी संपादक जिन्हें किताबों और पत्रिकाओं के प्रूफ देख पाने तक का समय नहीं मिलता था, वे मोदीजी के भाषण, उक्तियाँ,उच्चारण,पहनावे, कार्यकलाप, भारतीय जनता पार्टी के कार्यों, कार्यक्रमों पर इस तरह टकटकी लगाए हुए हैं जैसे इनका जन्म ही इस काम के लिए हुआ है.देश की जिस जनता ने ३०० सीटें देकर इस दल को सत्तासीन किया है, उसके समर्थकों के लिए भी इन्होंने तरह-तरह के नाम ईज़ाद कर लिए हैं और ये रात दिन, सोते जागते, उठते बैठते केवल यही देख रहे हैं कि मोदीजी पल-पल क्या कर रहे हैं !
किसी समय आपातकाल के बाद इंदिराजी को भी ऐसा ही सौभाग्य मिला था कि हर आदमी उनकी ही बात कर रहा था, चाहे उनके पक्ष में, चाहे उनके विरोध में.शायद वे इसी कारण आराम से दोबारा सत्ता में आई थीं.
लगता है अगले चुनाव में बीजेपी को अपना प्रचार करने की ज़रूरत बिलकुल नहीं पड़ेगी, वो इन "बुद्धिजीवियों" के रात-दिन के भजनालाप से ही जीत जाएगी ! 

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...