Thursday, June 5, 2014

अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र जिस पर चिंतित , भारत की वो छोटी सी बात

 महिलाओं के प्रति हिंसा, प्रताड़ना और अपराध का मीडिया में छा जाना क्या ज़ाहिर करता है ? आइये देखें-
१. कुछ ऐसे मुद्दे हैं जिन पर बेवज़ह अनर्गल बोल कर भी अखबारी सुर्ख़ियों में रहा जा सकता है, और यह प्रचार विज्ञापनों की वर्तमान दरों से बहुत सस्ता है।
२. महिलाओं के बढ़ते ज्ञान, शक्ति और अधिकार सम्पन्नता से पुरुष-समाज बौखलाया हुआ है। यद्यपि, अपने महिला-आक्रमणों में ये वर्ग महिलाओं का उपयोग भी कर रहा है।
३. मौजूदा क़ानून के विदोहन के लिए राजनैतिक रूप से लोहा गर्म देख कर बरसों पुराने हिसाब-किताब भी चुकाए जा रहे हैं।
४. कई महीनों तक चले चुनाव-संग्राम में प्रचुर सामग्री मिलते रहने के बाद, मीडिया के सामने "जगह ज्यादा, मसाला कम" का संकट है।
५. सत्ता परिवर्तन ताज़ा-ताज़ा है, इसलिए "तिल का ताड़" बनाने में सिद्धहस्त कई "भूतपूर्व-ठाले"अद्भुत रूप से सक्रिय हैं। उन्हें ये फुलटाइम जॉब रास आ रहा है।
५. कहते हैं-"ख़ाली दिमाग शैतान का घर" और इस समय तख़्ता-उलट के बाद खाली दिमागों का बोलबाला है। लेकिन ऐसा नहीं है कि समस्या कम गंभीर है, इससे युद्ध-स्तर पर लड़ा तो जाना ही चाहिए।                  

Wednesday, June 4, 2014

प्रभामंडल लाभ तो पहुंचाएगा ही !

आप एक कारखाने में काम कर रहे मज़दूर को बुलाइये, और उसे एक दिन के लिए काम से छुट्टी देकर एक हज़ार रूपये दे दीजिये।  फिर उससे कहिये कि यह राशि उसके वेतन के अलावा है। वह बाजार जाए और जो चाहे खरीदे।
अब एक ऐसे व्यक्ति को उसके कार्यस्थल से बुलाइये जिसका दैनिक वेतन एक हज़ार रूपये है।उससे कहिये, ये लो तुम्हारा आज का वेतन, बाजार जाकर कुछ भी खरीद सकते हो।
क्या आपको लगता है कि उन दोनों की खरीदारी में कुछ मौलिक अंतर होगा?
अवश्य होगा।  पहला व्यक्ति उस वस्तु पर ध्यान देगा जो उसकी 'नेसेसिटी' से अधिक उसकी इच्छा या आकाँक्षा में है।  जबकि दूसरा व्यक्ति अपनी रोजाना की ज़रूरतों पर ध्यान केंद्रित करेगा।
बस इसीलिए कहा जाता है कि नेता अपने पुत्रों-पुत्रियों को राजनीति में स्थापित करने के लिए अपनी जगह न सौंपें।
उनकी जगह उन्होंने बनाई है, ये ख़ैरात में नहीं मिली।  इससे वो आएगा, जो चाहिए।  जबकि उनके परिजनों को तोहफ़े की तरह वह स्थान मिल गया।  वे अपने प्रभाव को न कमाए गए धन की तरह खर्च करेंगे।
सच ये भी है कि किसी नेता के परिजन अपने कैरियर के लिए कुछ तो करेंगे।  नेता का प्रभामंडल उसमें प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष लाभ तो पहुंचाएगा ही,बशर्ते वह हो।
            
    

Tuesday, June 3, 2014

ये मत पढ़िए, न तो आपको समझ में आएगा, और न ही अच्छा लगेगा

फिल्मों में, टीवी पर, अख़बारों में शराब के विज्ञापनों पर पाबन्दी है।  जब कोई भी हीरो, शुक्र है कि हीरोइनें बहुत कम,परदे पर शराब पीते दिखाए जाते हैं तो वहां लिखा हुआ आता है कि यह हानिकारक है।  किन्तु शराब की दुकानों पर गहमा-गहमी और भीड़ बदस्तूर जारी है।  ऐसा ही तम्बाकू उत्पादों, सिगरेट बीड़ी आदि के साथ भी है।  ये कितना सुन्दर और स्वस्थ तरीका है किसी समस्या के हल का? इसमें किसी की हानि नहीं है- न पीने वाले की, और न बेचने वाले की।  प्रशासन और शासन भी अपनी ज़िम्मेदारी पूरी कर लेते हैं।
शायद कुछ दिन बाद मीडिया में दुष्कर्म के समाचारों के साथ भी यह लिखना अनिवार्य कर दिया जाएगा कि "इसे पढ़ना उचित नहीं है, यह सम्मान-विरोधी है।"
रोज के समाचारों में जब देश-विदेश में स्मैक, चरस, अफीम, गांजा,हेरोइन, ब्राउनशुगर आदि पकड़े जाने, इनकी तस्करी होने के चर्चे आते हैं, तो युवा लोग और विद्यार्थी सोचते हैं कि करोड़ों रूपये का ये व्यापार सरकारें खुद क्यों नहीं करतीं?
नशे के आदी हो चुके छात्र कहते हैं कि नशा किसमें नहीं है? क्या किताबों में नहीं? पैसे में नहीं ? सत्ता में नहीं ?संबंधों में नहीं ?शोहरत में नहीं ?
मैं जानता हूँ कि आपको अच्छा नहीं लग रहा।  लेकिन मैं और कर ही क्या सकता हूँ,आपको चेताने के सिवा, मैंने तो पहले ही कह दिया था कि मत पढ़िए। क्योंकि लिखना शुरू करते समय खुद मुझे भी पता नहीं था कि मैं क्या कहने वाला हूँ।   
लेकिन गलती आपकी भी तो नहीं, आपको ये पढ़ना ही था, क्योंकि ये मेरी १०००वीं पोस्ट है।          

Monday, June 2, 2014

आइस क्रीम से ज़्यादा ठंडी,कचौरियों से ज़्यादा गर्म यादें!

मेरी कहानी "चिड़िया अपनी शर्तों पर झंझावात चाहती थी" में मैंने एक ज़ेड श्रेणी सुरक्षा-प्राप्त गवर्नर के भाषण का ज़िक़्र किया है।
कहानी में नहीं, बल्कि हकीकत में इस भाषण के बाद हुए भोज में मैंने एक ऐसे नेता के साथ एक ही मेज़ पर खाना खाया जिनकी आवाज़ से आइसक्रीम खाते हुए भाप और गर्मागर्म कचौड़ियाँ खाते हुए बर्फ़ गिर रही थी। वे ऐसे लोगों के ख़िलाफ़ उफ़न रहे थे, जो चौबीस घंटे बंदूक धारियों के साये में चलते हैं। मैं उनके साहस को रक्तचाप के रोगी के चटनी खाने की तरह डरते-डरते खा रहा था।
वे तब राज्य विधानसभा में विपक्ष में थे।  बात मुंबई की है।
आज उनके उस साहस और हिम्मत का पटाक्षेप सड़क पर किसी दुर्घटना ने कर दिया।  मेरे पास तमाम दूसरे लोगों की तरह एक ही विकल्प है- मैं श्री गोपीनाथ मुण्डे को श्रद्धांजलि अर्पित करूँ !  
          

यह संभव नहीं है, व्यावहारिक भी नहीं, लेकिन एक दिन होगा, करना पड़ेगा

कम से कम भारत में तो "चिकित्सा-सुविधा" को व्यापार के दायरे से हटाना ही होगा।  यदि एक डॉक्टर मरीज़ को सामने देख कर पहले  इस बात पर विचार करे कि "मैंने डॉक्टर बनने के लिए क्या खर्च किया है" या कि मरीज़ की जेब का वज़न कितना है, या फिर बीमा कम्पनी इसे क्या-क्या सुविधा दे रही है, डॉक्टर की छवि, मरीज़ की सेहत और समाज के ढाँचे के लिए अच्छा नहीं है।
यहाँ कुछ बिज़नस-माइंडेड डॉक्टर तर्क देते हैं कि यदि मरीज़ की जेब पर बोझ नहीं पड़े, और बीमा-कंपनी हमें पैसा दे दे, तो क्या नुक़सान है।
नुक़सान ये है, कि बीमा-कंपनी भी व्यापारिक कम्पनी है, यदि वह किसी को अवांछित देगी, तो वह समाज से "अवांछित" समेटेगी भी। कुछ युवा और उत्साही डॉक्टर, कुछ वरिष्ठ भी, यहाँ तर्क देते हैं, कि कम्पनी तो फिर भी समेटेगी, चाहे हम कम लें,या ज्यादा। नहीं, सच यही है कि यदि कम्पनी पर आपको अवांछित देने का दबाव बनेगा, तो वह अपनी नैतिक ज़िम्मेदारियों की अनदेखी भी ज्यादा करेगी।
अब हम जहाँ पहुँच गए हैं, वहां चिकित्सा-व्यवस्था के सरकारी अधिग्रहण की नहीं, तो कम से कम निजी क्षेत्र पर प्रभावी अंकुश की जरुरत तो है ही।
सच तो ये है कि जिस समाज से नैतिक मूल्य झर जाते हैं, वहां कठिनाइयाँ बढ़ तो जाती ही हैं।              

बेस्वाद मांस का टुकड़ा

मांस का बेस्वाद टुकड़ा, खाली हाथ वाली अम्मा, अखिलेश्वर बाबू, ये नाम उन्होंने रख दिया था, अम्मा, आखेट, आदि मेरी उन कहानियों के शीर्षक हैं जो १९८५ में छपी थीं।  "मांस का बेस्वाद टुकड़ा" एक उपन्यासिका है, जिसे कुछ अन्य कहानियों के साथ "बेस्वाद मांस का टुकड़ा" शीर्षक किताब में छापा गया।
मुझसे आज भी कोई-कोई ये पूछ लेता है कि बेस्वाद मांस और बेस्वाद टुकड़े में फर्क क्या है?
उत्तर में मैं कहता हूँ कि यदि कोई फाइवस्टार शेफ़ ख़ास मेहमानों के लिए कोई लज़ीज़ डिश तैयार कर रहा होगा तो वह पहली प्लेट पूरी फेंक देगा, किन्तु दूसरी प्लेट में से सिर्फ़ एक टुकड़ा ही फेंकेगा।
मुझे ख़ुशी है कि कई लोग इस एकेडमिक एक्सप्लेनेशन से संतुष्ट भी हो जाते हैं।  कुछ शाकाहारी किस्म के लोग समूचे विवाद को ही तिरस्कार से देखते हैं।  कुछ लज़ीज़ खाने के शौक़ीन लोग हर विवाद में मेरे साथ होते हैं। उन्हें दोनों स्थितियाँ मंज़ूर होती हैं।
कुछ ऐसे लोग भी होते हैं, जिन्होंने जीवन में कभी न कभी "मधुशाला" पढ़ी होती है और वे जानते हैं कि इसके कवि हरिवंशराय बच्चन मदिरापान नहीं करते थे। कुछ लोग जानते हैं कि बॉम्बे का नाम मुंबई हो जाने के बाद भी ख्वाज़ा अहमद अब्बास की "बम्बई रात की बाँहों में" का नाम बदला नहीं है।   
मुझे याद आया, छुट्टियाँ चल रही हैं, और इन दिनों कुछ बच्चे भी इस ब्लॉग पर आते हैं। बच्चो,गली में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलते हुए तुमने देखा होगा कि एक आदमी साइकिल पर "चक्कू -छुरियाँ तेज़ करालो" की आवाज़ लगता हुआ गली-गली घूमा करता है।  गृहणियाँ पुराने चाक़ू-छुरी, जो काटते-काटते भौंथरे हो जाते हैं, उस आदमी के पास ले आती हैं, और वह उन्हें घिस कर फिर से पैना कर देता है।  लिखने वाले भी अपनी भौंथरी कलम इसी तरह पैनाया करते हैं।              

Sunday, June 1, 2014

एक चिट्ठी ऑस्ट्रेलिया-वासियों के नाम

आदरणीय ऑस्ट्रेलिया - वासी गण,
नमस्कार !
मैं पहले ही कुछ बातों के लिए आपसे क्षमा मांग लूँ, पहली तो इसलिए कि आपसे अत्यंत नाज़ुक आभासी पहचान होते हुए भी मैंने आपको चिट्ठी लिख दी।जबकि आजकल न तो चिट्ठी लिखने का कोई चलन है और न ही इसका जवाब आने की गारंटी।
दूसरा, हम भारतीयों की आदत होती है कि किसी से कोई काम पड़ने पर ही चिट्ठी लिखते हैं।  और किसी को भी कोई काम बताने में हम संकोच नहीं करते। हमारे ज़्यादातर काम चिट्ठियों के सहारे ही होते हैं।
तीसरी बात ये है कि हम लोगों के पास समय की कोई कमी नहीं होती और हम समय काटने के लिए चिट्ठी लिखने को आज भी सबसे सस्ता, सुन्दर और सहज कारण मानते हैं।
अब मैं अपनी चिट्ठी की मुख्य इबारत पर आता हूँ। वैसे मैं आपको बतादूं कि चिट्ठियों में हम लोग इतनी जल्दी मुद्दे पर नहीं आते।
खैर, तो समाचार ये है कि मुझे आपकी मदद चाहिए। मैं चाहता हूँ कि ज़ेनिन नाम की एक महिला यदि आपको वहां कहीं दिखे, तो आप उसे मेरा नमस्कार कह दें। मैं उसकी कुछ पहचान बतादूँ , ताकि आप उसे पहचान लें, वह बहुत भली और इंडिया के बारे में दिलचस्पी रखने वाली महिला है।
वह मेरी एक कहानी "ये नाम उन्होंने रख दिया था" की नायिका है।  शेष शुभ ! आपका आभार !        
पुनश्च- मेरी कहानी "ये नाम उन्होंने रख दिया था"आप मेरी किताब "खाली हाथ वाली अम्मा" में पढ़ेंगे !

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...