Saturday, July 14, 2012

थोड़ा और खोदें, हर खदान से निकलता ही है कुछ न कुछ

   लाला रामस्वरूप ने बच्चों को पढ़ाने- लिखाने पर खर्च करने में कभी कोताही नहीं की। यही कारण  था कि   सात बच्चों में से तीन, महिपाल,धनेश और सतीश ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई  की। वे जानते थे कि  छोटी जगह रह कर यह सब न हो सकेगा, इसलिए जिला मुख्यालय अलीगढ़ में रहने की व्यवस्था की गई। वहां उनके एक पुत्र ने मुस्लिम विश्व विद्यालय से क़ानून की पढ़ाई की। सामान्य परिपाटी के विरुद्ध दोनों पुत्रियों रामदेवी और विद्या  को भी पढ़ने  भेजा गया।
     ज्ञानार्जन से घर के माहौल में आधुनिकता का पुट आने लगा। बड़े पुत्र का घर का नाम जहाँ धार्मिक आस्थाओं के चलते 'द्वारका' रखा गया था वहीँ तीसरे पुत्र बन्नो के बाद चौथे तक आते-आते दयाभान  का घर का नाम 'मिस्टर' रखा गया।
     "विद्या" नाम इस घर को खूब फला। छोटी बेटी विद्या के साथ-साथ  महिपाल की धर्मपत्नी भी विद्यावती ही थी।जगदीश का विवाह शकुन्तलादेवी से हुआ, धनेश का केवल 17 वर्ष की आयु में मधु से, दयाभान का पुष्पा  से,और सतीश का भी पुष्पा नाम की, शकुंतला की छोटी बहन से हुआ।
     बाद में नौकरियों के चलते सब बच्चे अलग-अलग शहरों में चले गए।
     राजस्थान में आये जगदीश के चार पुत्र और दो पुत्रियाँ हुए। बड़ी पुत्री रानी  को लाला राम स्वरुप की इच्छा के कारण  संस्कृत की शिक्षा दी गईऔर उसका विवाह अनिल से हुआ । छोटी पुत्री पूनम  का विवाह एक अत्यंत प्रतिष्ठित व्यवसायी रवि  से हुआ। दो पुत्र विनोद और अनुरोध  इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर इंजीनियर बने, जिनका विवाह क्रमशः अशोकरानी  और अंजली से हुआ और  एक पुत्र  कृषि वैज्ञानिक बना जिसका विवाह मृदुला से हुआ । चौथे प्रबोध ने, शिक्षा को डिग्रियों में न बाँट कर केवल रुचिकर अध्ययन के तहत कला, वाणिज्य, विज्ञान, विधि, साहित्य, भाषा, पत्रकारिता की शिक्षा भी ली, और देश के अलग-अलग हिस्सों में, अलग-अलग तरह की नौकरियां भी कीं। एक अत्यंत मेधावी, वैज्ञानिक,प्रशासक और शिक्षाविद लड़की रेखा  से विवाह किया।
     गड्ढा खोदते-खोदते ज़मीन से पानी निकल आया और पानी में अपना ही अक्स दिख रहा है, भूमिगत जल बेहद शुद्ध होता है न ! अब बंद करता हूँ, अपना ही अक्स कोई कब तक देखे?
          

आगे बढ़ें, देखें किसके पुरखे मिलते हैं ...

...कुछ साल और गुज़रे कि  घर में कन्या-रत्न भी आ गई। साक्षात् लक्ष्मी जैसी इस कन्या का जन्म शिवरात्रि के आसपास होने से इसे शिव की अर्धांगिनी पार्वती का नाम दिया गया। पार्वती का जन्म ठीक उसी वर्ष में हुआ, जब लमही ग्राम में मुंशी प्रेमचंद का जन्म हुआ। इस महान विभूति की तरह पार्वती को भी 'पी' अक्षर से अपना नाम मिला। तीन बालकों की किलकारी से गूंजते घर में लाला उदयराम अपना पूरा ध्यान अब कारोबार में लगाते, लेकिन उनकी पत्नी अभी परिवार-वृद्धि का पटाक्षेप नहीं चाहती थीं। वे कहतीं, आँगन में चार कोण होते हैं, दिशाएँ चार होती हैं, तो संतानें भी चार क्यों न हों?
     1884 की दिवाली की रात जब लालाजी के घर एक और पुत्र जन्मा तो उसे रामस्वरूप मान कर उसका नाम भी यही रखा गया। रामस्वरूप के आने के बाद लालाजी का व्यापार खूब फलने-फूलने लगा।
     कुछ समय बाद दिलेराम का विवाह हो गया। गोविन्दराम को ईश्वर-भक्ति का ऐसा चस्का लगा कि  उसने उम्रभर शादी ही नहीं की। पार्वती मित्तल परिवार में बहू बन कर चली गई, और उसकी डोली उठने के बाद सबसे छोटे पुत्र ने लालाजी की गद्दी संभाल  ली और लाला रामस्वरूप कहलाने लगे। कलावती नाम की एक घरेलू और विदुषी महिला से उसका विवाह भी हो गया।
     पटवारी की सरकारी नौकरी में आ जाने से रामस्वरूप की दिलचस्पी ज़मीन-जायदाद में तो थी ही, पिता का आढ़त का व्यापार भी था। रामस्वरूप ने पिता की मिल्कियत  को पास के जिले अलीगढ़  तक फैला लिया और वहां के एक गाँव बरला में अपनी आलीशान हवेली बनाई।वह जितना लगाव अपनी संपत्ति से रखते थे, उससे कहीं ज्यादा अपने घर की लक्ष्मी कलावती से रखते थे। नतीजा यह हुआ कि  उनके घर सात संतानें हुईं। पांच पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार लेकर लाला रामस्वरूप अब बच्चों की शिक्षा और परवरिश पर सोचने लगे। [...जारी] 

Friday, July 13, 2012

चलिए, अतीत के मेले में खोये हुए 'पुरखे' ढूंढें

किसी भी घर में, चाहे वह राजमहलों जैसा हो, चाहे झुग्गी-झोंपड़ी जैसा, कुछ ऐसे लोगों की यादें ज़रूर होती हैं, जो अब दुनिया में  नहीं रहे, लेकिन जिनके कारण उस घर की वर्तमान पीढी होती है - अर्थात परिवारके पूर्वज !
     लगभग डेढ़ सौ साल पहले 1857 में भारत में आज़ादी के लिए एक ज़बरदस्त जंग छेड़ी  गई। इस जंग में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई व तात्याटोपे जैसे कई शूरवीर जन-नायकों ने बगावत का बिगुल बजाया।
     इसी वर्ष उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर जनपद के छोटे से कस्बे बहलोलपुर में उदयराम नाम के एक बालक का जन्म हुआ। बालक ने जन्म की घड़ी  से ही युद्ध की रणभेरियाँ सुनीं। कस्बाई मानसिकता वाले साधारण  व्यवसायी परिवार के इस  बालक के मन में इस बात ने गहरा असर डाला, कि क्रांतिकारी वीरों को घर-परिवार का सुख छोड़ कर अपना सर्वस्व  न्यौछावर करना पड़  रहा है।अतः बालक ने अपनी छोटी सी आमदनी में से कुछ राशि बचा कर लगातार क्रांतिकारियों पर खर्च करने का मानस बनाया। समय के साथ क्रांति का स्वर मंद पड़ा और स्कूली पढ़ाई पूरी कर किशोर उदय विवाह के बंधन में बंधा। आदर से साथी व्यापारी अब उदय को लाला उदयराम कहने लगे।
     कुछ समय बाद लाला उदयराम की पत्नी ने एक बालक को जन्म दिया। वीरों की सहायता करने के कारण उदयराम के मित्र उनकी दिलदारी से बहुत प्रभावित थे, अतः उन्होंने बेटे का नाम दिलेराम ही रख दिया। दिलेराम इसी नाम से गांवभर में लोकप्रिय हो गया। उदय और उसकी पत्नी बेटे का मुख देखते और प्रभु-भजन में ध्यान लगाते, व्यापार  अच्छा चल ही रहा था। उदय की पत्नी ने जब दूसरे  पुत्र को जन्म दिया तो बेटे का नाम भगवान  कृष्ण के नाम पर रखने की इच्छा से गोविन्द रख दिया गया। उनका गाँव मथुरा-वृन्दावन-गोकुल से कोई दूर तो था नहीं, धार्मिक आस्था का आलम यह था कि  गोविन्द के साथ भी राम जोड़ कर उसका नाम गोविन्दराम हो गया। [आगे कल ...]

Thursday, July 12, 2012

कहानी "व्हेल वॉच " का चौथा [ अंतिम ] भाग

      गहरे पानी से निकल कर विशालकाय व्हेल लहरों के ऊपर छपाक से किसी विमान की तरह कूद कर बाहर आती है। उसके आते ही चारों ओर से बीसियों बगुले फड़फड़ा कर इधर-उधर दौड़ते हैं, क्योंकि व्हेल से उड़े पानी के छींटों से सैकड़ों छोटी-छोटी मछलियाँ हवा में उछलती हैं। बगुले उन्हें ही पकड़ने के लिए झपटते हैं। इस तरह एक व्हेल की जुम्बिश से सैंकड़ों मछलियों के भाग्य का निस्तारण होता है। दर्जनों बगुले पलते हैं।यह एक अद्भुत नज़ारा होता है। प्रकृति इन बगुलों का पेट भरने के लिए व्हेल की अंगड़ाई से सैंकड़ों मछुआरों का काम कराती है। बगुलों के लिए यह कुदरत का महाभोज होता है।
     बंगले के बगुले शहर भर की मछलियों को तेज़ी से मोक्ष प्रदान करने को मुस्तैद थे। व्हेल दिखी नहीं थी, मगर पानी हिलना-डुलना शुरू हो गया था। लोगों ने हाथों में डिजायर के कागज़ संभालने शुरू कर दिए थे। मैं तो केवल छुट्टी के दिन का सैलानी था, इसलिए मैंने व्हेल वॉच के लिए आँखों का कैमरा संभाल लिया था।
     थोड़ी ही देर में गलियारे से आते मंत्रीजी दिखे। उनके साथ आठ-दस लोग इस तरह आगे-पीछे चल रहे थे, मानो वे न हों तो मंत्रीजी को यह मालूम न चले कि  उन्हें कहाँ जाना है, कहाँ बैठना है...
     अपने घर में जिस व्यक्ति को बिना मदद के यह नहीं पता चल पा रहा था कि  उसे कहाँ जाना है, उसे प्रदेश-भर के सुदूर गाँव-देहातों को खंगाल कर हजारों लोगों के लिए यह तय करना था, कि  किसे कहाँ से कहाँ जाना है, क्यों जाना है। जैसे एक कंकर सारे तालाब की लहरों को तितर-बितर करके पूरे तालाब को झनझना देता है वैसे ही मंत्रीजी को भी पूरा प्रदेश अपने हाथ की जुम्बिश से हिला देना था। उनकी चिक से उड़ी मक्खी  जिस कागज़ पर बैठ जाती उस कागज़ की नाव सड़कों और पटरियों को पार करती, नदियाँ-जंगल-पहाड़ लांघती, खेतों-बाजारों से गुजर जाती।
     लोग इसी जुम्बिश की आस में उनके नाम के जयकारे लगा रहे थे। मेरी तो छुट्टी थी, मैं तो व्हेल वॉच का आनंद लेने वाला एक सैलानी था ...! [समाप्त ]

कहानी "व्हेल वॉच " का तीसरा भाग

  

मिल गए फिर आप !

पूरे अट्ठारह दिन आप से संपर्क कटा रहा। कभी-कभी ऐसा लगता था कि  आपसे पांच सौ से ज्यादा पोस्ट का संपर्क खिसक कर जैसे पानी में चला गया हो। लेकिन पानी की खूबी यह है कि  यह उतर जाता है। इसमें डूबा हुआ भी  फिर वापस मिल जाता है।
   इस बीच मौसम बदल गया। जो लोग गर्मी से बेहाल थे, अब राहत महसूस कर रहे हैं। अब सब-कुछ भीगा-भीगा सा है, सुहाना। लेकिन एक बात है, कुछ जगह अब भी वैसा सावन नहीं आया, जैसा आया करता है। चलिए, शायद ये कमी भी किसी से 'प्यासा सावन' जैसे कथानक लिखवाले। बहरहाल मैं खुश हूँ। क्योंकि पिछले दिनों आप मेरी लम्बी-लम्बी कहानियों से बोर हो गए थे। अचानक आये व्यवधान  ने कुछ दिन मुझे यह सोचने का समय दिया, कि  लोग छोटी-छोटी रचनाएं पसंद करते हैं, और मुझे चुप रखा।
   लेकिन फिर मुझे यह तो बताना ही होगा, कि  मैं खुश क्यों हूँ? इसलिए, कि  आपसे संवाद फिर कायम हो गया। 

Sunday, July 1, 2012

कभी पहुंचाते हैं, तो कभी रोक देते हैं रास्ते

घर के बाहर सड़क खोदने वालों ने ऐसा गड्ढा खोदा कि  हमारा आपका संपर्क तोड़ दिया। जल्दी ही मिलेंगे। 

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...