Showing posts with label शेयर खाता खोल सजनियाँ. Show all posts
Showing posts with label शेयर खाता खोल सजनियाँ. Show all posts

Wednesday, February 9, 2011

शेयर खाता खोल सजनियाँ 25

ऐश्वर्या-अभिषेक की जोड़ी,देखो कितनी समझदार है
एक एक्टिंग करती रहती,दूजा लेता पुरस्कार है
शिक्षा इस पेयर से लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
वेल्थ अकेले ले जाते तो,वो भी रहते बड़ी शान से
"कॉमन-वेल्थ "कबड्डी खेले,कलमाड़ी जी गए काम से
सारा शेयर तू ही लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
कवियों की होती है हूटिंग,हीरो की चलती है शूटिंग
करते रहते मनमोहन जी,महंगाई पर जम कर मीटिंग
राजासी चीटिंग कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
शेयर होता धन की गुल्लक,बच्चा-बच्चा गुण गाता है
जिस जिगरे में बड़ी आग हो,वो ही बीडी सुलगाता है
इसका कश तू कसकर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनियाँ 24

घूम रहे हैं धूमकेतु सौ कब धरती को लग ले धक्का
कल ना जाने क्या हो जाये करले आज मुनाफा पक्का
चक्का जाम कराकर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
अब शीलायें बड़ी चपल हैं,तेरे हाथ कभी ना आनी
शेयर शेयर शेयर जप ले खो जाये ना कहीं जवानी
पाकर लेना-खोकर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
सोना तो चोरी हो जाता ऐसा खोटा काम न करना
हीरे-मोती-माणिक लेकर मुन्नी को बदनाम न करना
सोच समझ कर केयर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
राजनीति की इस बस्ती में रानी जाती राजा जाता
कट जाती हैं रोज़ पतंगें हाथ यहाँ बस मांजा आता
बेच पुरानी मोटर देना,जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनियाँ 23

ये दुनिया विज्ञापन की है रोज़ नए विज्ञापन देखो
विज्ञापन में हीरोइन हो,तुम तो शेयर को ही देखो
विज्ञापन से शेयर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
होती जब सरकार निकम्मी,भ्रष्ट व्यवस्था तब होती है
केवल उछलें-कूदें शेयर बाकी चीजें सब सोती हैं
बैठ निठल्ले,सोकर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
गाँधीवादी अगर बना तो जीवन भर चरखा कातेगा
पूंजीवादी बन जा प्यारे चांदी की थाली चाटेगा
पूंजी की पूजा कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
टीवी में मल्टी-चैनल हैं मल्टी नेशन बना कंपनी
तू भी मल्टी-लखपति बन जा ऐसी कोई खोल कंपनी
दम कुबेर ही बन कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनियाँ 22

तेंदुलकर ने छक्के मारे सब रिकार्ड दुनिया के तोड़े
तोड़-फोड़ से तो अच्छा है तू पाई-पाई को जोड़े
तोड़ो नहीं जोड़कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
जिसने शेयर धाम न देखा रहा हमेशा अस्त-व्यस्त वो
कभी नहीं होगा वो कड़का चीज़ चुनेगा मस्त-मस्त जो
बढ़िया मस्त कलंदर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
अपनी ढपली आप बजाओ तो ना हिल पाता है पत्ता
शेयर से ही मिल पाती है मायावी होती है सत्ता
माया सी ले चेयर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
बुला विदेशी कंपनियों को सब देशी करवालो कारज
शेयर लूट मुनाफे में हो जैसे भी बनवालो कागज़
आज़ादी को देकर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनियाँ 21

राणा-वीर शिवाजी बन कर तारीखों में नाम मिलेगा
भाले-बरछी का क्या करना शेयर से तो दाम मिलेगा
सौदा सस्ता तू कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
अमरीका जो गया चाँद पर,जा मिट्टी-पत्थर ले आया
जो शेयर बाज़ार गया सो मोटी रकम साथ ले आया
फरक साफ है सुन कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
पूंजीवादी नहीं बना तो रूस हुआ यों टुकड़े-टुकड़े
पूंजी का अपमान न करता काहे को होते ये दुखड़े
लफड़े ये मत तू कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
पीटी उषा रही दौड़ती मैदानों में पदक बटोरे
जो दौड़ा शेयर के पीछे उसने धन से भरे कटोरे
नाम नहीं तू नकदी लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।

Tuesday, February 8, 2011

शेयर खाता खोल सजनियाँ 20

भरे तिजोरी भरती जाये बहता जाये धन का दरिया
जिस पर बांध कभी ना बनता शेयर है एक ऐसी नदिया
है ये सदा सरोवर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
असंतुष्ट जब दल में होते कुर्सी दूर खिसक जाती है
पर संतुष्ट सभी रहते हैं शेयर की जब बू आती है
कुर्सी का बीमा कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
मैदाने-जग में आया तो कदम ताल से क्या कतराना
सट्टा- आश्रम का बन जोगी रकम माल से क्या घबराना
बंद गठरिया छक कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
मनभावन सौगात अनोखी ये तो ऊपर की तनखा है
शीश नवा कर लेलो इसको ये प्रसाद "मनमोहन"का है
सरकारी है मेहर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनिया 19

पीर-फकीर-मौलवी-साधू अल्ला का दीदार करेंगे
हम-तुम तो पैसे के जोगी आओ दो के चार करेंगे
पैसा-पैसा चुन कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
छोड़ो मंदिर छोड़ो मस्जिद कौन भला जाये गिरजाघर
सत्ताघर में ही सत्ता है ,सट्टा घर में ही है ईश्वर
लक्ष्मी का पत्ता धर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
महानीन्द जाने कब आके भवसागर में नाव लगाले
मगर खुली हैं जब तक आँखे तब तक तो आ माल बनाले
सफल मनोरथ तू कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
घूँघट के पट खोलेगी तो सिर्फ पिया की झलक मिलेगी
शेयर खाता खोल सजनिया लाखों की कल खनक मिलेगी
दिखला पति को तेवर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

Monday, February 7, 2011

शेयर खाता खोल सजनिया 18

झटका चाहे करे कसाई हलवा-खीर करे हलवाई
पर खाने को मिलता उसको जो शेयर से करे कमाई
भोजन मेज सजा कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
फ़ीस डाक्टर उस से लेता बढ़ जाता है जिसका फीवर
पर ब्रोकर जी देते उसको जिसका चढ़ जाता है शेयर
रखना दूर डाक्टर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।
फंसना हो तो पा लो चेयर हँसना हो तो जानी लीवर
रोता जिसके मन में हो डर ,मुस्काता जो ले ले शेयर
मत खाना अब ठोकर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
काल का पहिया घूमे भैया बीच समंदर डूबे नैया
डूबे तो हम-तुम डूबेंगे बच जायेगा यहीं रुपैया
पुनर्जन्म में आ फिर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनिया 17

राजनीति में शेयर लेकर हीरो हो जाता है जीरो
पर शेयर में शेयर लेकर जीरो हो जाता है हीरो
है ये सबक समझ कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
सूरज निगला पवनपुत्र ने तीनो लोक हुआ अँधियारा
शेयर जब हर्षद ने निगला चारों ओर हुआ उजियारा
ऐसी जोत जगा कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
मरता कोई शेयर वाला समां बंधे तब मेले वाला
परिजन दुःख में भी पहनाते अर्थी को नोटों की माला
ऐसा गौरव मर कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
मर कर जब ऊपर जाता है जो प्राणी हो शेयर-धारी
अगवानी को यम खुद आये,स्वर्ग-व्यवस्था सब हो न्यारी
फिर क्यों ना ये फेवर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनिया 16

ना जाने क्यों इस शेयर को "अंश"कहें ये हिंदी वाले
तू तो "पूरा" शेयर कहना दंश सहें ना कहने वाले
हिंदी की चिंदी कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
कोर्ट वकीलों का है नाता खोट सुनारों के मन आता
वोट रुचे नेताजी को ही नोट मगर शेयर से आता
सबकी रूचि को तक कर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
फूल खिलाओ मुरझाएंगे फल लाओ तो सड़ जायेंगे
पालो तोते उड़ जायेंगे शेयर लाओ बढ़ जायेंगे
ऐसी चीज़ खोज कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
शेयर भाग्य बदल देता है किस्मत तेरी गढ़े दलाली
सत्तापति बन कर बैठे हैं जाने कितने कुली-मवाली
तू भी सब दोहरा कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

Sunday, February 6, 2011

शेयर खाता खोल सजनियाँ 15

बेटा तू भी शेयर लेना अम्मा तुम भी शेयर लेना
भाऊ तुम भी शेयर लेना,ताऊ तुम भी शेयर लेना
धन दौलत का लाकरलेना जैसे भी हो शेयर लेना।
बिन शेयर के जीवन रहता नीरस मोद-विहीन अधूरा
मधु मंगल मय शेयर पाकर ये समझो होता है पूरा
पूरा जोर लगा कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
इस दुनिया में बड़ा कठिन है वोट जुटा कर चेयर लेना
लेकिन भैया बड़ा सरल है नोट लगा कर शेयर लेना
चक्कर खूब चला कर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।
जीवन-रथ के इस पहिये पर रोक एक दिन काल लगाता
पर वो काल जयी हो जाता जो शेयर में माल लगाता
तू भी ताल लगा कर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनियाँ 14

ऐ पांडेजी शेयर लेना, भैया मिश्रा शेयर लेना
ओ लालाजी शेयर लेना, सुनो शाह जी शेयर लेना
सुब्रमण्यम शेयर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना। अ
पंडित जी तुम भी ले लेना खान साहब ना पीछे रहना
लहनासिंह तुम से भी कहना, फ्रेंड डिसूज़ा तुम भी लेना
मिलकर लेना लड़कर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
बच्चे की ना फ़ीस गयी तो घर में भी पढ़ सकता है वो
पर शेयर का पेड़ लगाया, चाहे जब चढ़ सकता है वो
सब कुछ तौल-मोल कर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
तुमतो खुद ही समझ दार हो अब ऐसों को क्या समझाना
ध्यान लगाना प्रभु में लेकिन सब पैसों को वहीँ लगाना
लेना ढोल बजाकर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनियाँ 13

शेयर बेनामी लो कोई ना जाने थैली में क्या है
रहें ढूँढते कर अधिकारी किस चोली के पीछे क्या है
थैली को धो-धो कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
अगर किसी से प्यार करो तो दिल अपना और प्रीत परायी
पर जो ये व्यापर करो तो तेरा शेयर तेरी कमाई
इस से प्रीत लगाकर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।
तिरछी गति सत्ता रथ की है फर्जी टेढ़ा प्यादा सीधा
पर इस धंधे में है जाता फर्जी सीधा,सीधा प्यादा
सीधे पन की मोहर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।
ईश्वर ने संसार बनाया केवट ने जल पार कराया
जोरू ने घर बार बनाया शेयर ने व्यापर बनाया
घर वाली से छिप कर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।

Friday, February 4, 2011

शेयर खाता खोल सजनियाँ 12

माना जीवन में आवश्यक ,करना थोड़ा धरम-करम है
पर ये धंधा भी तो भैया देखो कितना गरम-गरम है
धर्मो-करम समझ कर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
सब्जी-मंडी होती प्यारी पर मछली-बाज़ार निराला
मार्केट तो ढेरों होते,पर शेयर बाज़ार निराला
इस मंडी में घुस कर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
एक था राजा एक थी रानी दोनों मर गए ख़तम कहानी
शेयर की नैया जब तैरे नदिया कभी न सूखे पानी
शाश्वत कथा-ए-शेयर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
जैसे महंगाई बढती है चढ़ती गुड्डी आसमान पर
शेयर भी ऐसे चढ़ता है जैसे लोटन चढ़े कबूतर
सोना-मस्त-कबूतर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनियाँ 11

इनकम तेरी अगर बढ़ी तो आ जायेंगे कर अधिकारी
रेशम पर खादी धर लेना कहलायेगा तू सुविचारी
भाषण खूब पिलाकर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
अबके फागुन में बीबी के गाल अबीर-गुलाल लगाना
सच्ची उस से प्रीत निभाकर उसके नाम पे माल लगाना
शेयर है ये जेवर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।
बीमा का कीमा बन जाता माल तिजोरी में गल जाता
लेकिन शेयर में जो डाला सात पीढ़ियों को फल जाता
है ये बात बराबर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।
जीवन साथी जिसे बनाया उसको लेदो भैया शेयर
फिर देखो कैसी खिल जाती कर के देखो शैया शेयर
हनीमून से तेवर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनियाँ 10

दुनियां तो आनी-जानी है, माया-ममता सब फानी है
बोनस शेयर अगर मिला तो जीवन नैया तर जानी है
चाहे नाम डुबोकर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।
पब्लिक इशू कराके ओपन गुड की भेली बनी कंपनी
दौड़ रही मक्खी सी पब्लिक करके सबकी सुनी-अनसुनी
तू भी टांग अड़ाकर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।
रिश्ते में जैसे हो साली होंठों पे जैसे हो लाली
बस वैसे ही इस धंधे में माल-हलाल कमाल-दलाली
दे साली को लेकर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
बेकारों को कार मिलेगी सड़क-छाप कोठी पा जाएँ
शेयर की अनुकम्पा हो तो भूखे भी रोटी पा जाएँ
भूखे लेना खाकर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।

Thursday, February 3, 2011

शेयर खाता खोल सजनियाँ 9

पक्षी मोर हमारा प्यारा राजनीति ही राष्ट्रधर्म है
शेर हमारा राष्ट्र-जानवर शेयर अपना राष्ट्र-कर्म है
राष्ट्र-कर्म में शेयर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
एक साल में एक दिवाली एक दिवस होली का आता
पर हर रोज़ दिवाली होती,अगर हाथ में शेयर आता
खुली लाटरी जाकर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
जोड़-तोड़ में तुम लग जाओ जब भी पाओ लेलो इसको
ये नायाब सभी होते हैं, टाटा-बिरला-बाटा -टिस्को
फारम फ़ौरन भर कर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
लक्ष्मी-मैया के साये में तेजड़िया सी तेज़ी आये
बिन शेयर कोई ना पूछे मंदड़िया सी सुस्ती छाये
सपने सात संजो कर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

Wednesday, February 2, 2011

शेयरखाता खोल सजनियाँ 8

इस युग में जो शेयर पाता उसके होते साथी-संगी
वो ही कहलाता है जग में महावीर विक्रम बजरंगी
शेयर सुख है रेयर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
चाहे ना हों मुल्ला-काजी हो निकाह हो सकती शादी
शेयर हीन मिले जो शौहर तो बीबी की है बर्बादी
शेयर में ही मेहर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
ख़ास हिफाज़त इसकी करना,जीवन हो जाता है कारा
पेंट फटे तो सिल जाती है शेयर फटे लुटे जग सारा
जीवन में ये केयर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
सरकारों की मजबूती से भला कभी भी क्या पाओगे
शेयर की मजबूती देती मज़ा,इसी के गुण गाओगे
छक्के खूब छुड़ाकर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनियाँ 7

घर बैठा आराम नमामी आया दफ्तर काम नमामी
पर शेयर बाज़ार जो आया, दाम नमामि -नमामि-नमामी
पूरा शीश झुकाकर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
जियरा धक्-धक् करे निगोड़ा, ज्यों-ज्यों भाव बताता टीवी
ज्यों-ज्यों चढ़ता जाता शेयर, त्यों-त्यों पाँव दबाती बीबी
होवे प्रेम अफेयर लेना, जैसे भी हो शेयर लेना।
देखा अजब अजूबा ऐसा, राव-रंक सब फेंके पैसा
लपके जिसको मिले धरोहर,क्यों सखि ईश्वर ना सखि शेयर
इस युग का ये ईश्वर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
शेयर हो सेवा करती है, रखैल हो चाहे पटरानी
भरा समंदर गोपी चंदर बोल मछरिया कितना पानी
पानी भरा सरोवर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।

शेयर खाता खोल सजनियाँ 6

चाहे बेटे को निज हाथों पड़े फूंकना चूल्हा-चौका
काली मोटी बहू मिले पर ब्लू-चिप वाला मैका
रोज़ हवाला तू कर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
राम न जाते कैसे होता रावणवध का महा अफेयर
केकैई ना राजपाट में अगर भरत का लेती शेयर
करना कहीं अफेयर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।
पटना कलकत्ता में चाहे मुंबई दिल्ली में चुन लेना
तीनों लोकों किसी भाव भी पर कोई शेयर तुम लेना
गिरवी रखना जेवर लेना,जैसे भी हो शेयर लेना।
बकरे से बोटी पाओगे झटका चाहे करो हलाली
शेयर से रोटी पाओगे फ्रॉड करो या करो दलाली
किसी बड़े का फेवर लेना जैसे भी हो शेयर लेना।

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...