Showing posts with label रक्कासा सी नाचे दिल्ली. Show all posts
Showing posts with label रक्कासा सी नाचे दिल्ली. Show all posts

Friday, February 25, 2011

रक्कासा सी नाचे दिल्ली 14

दिल्ली तो खेवनहार मित्र तेरी नैया की, दे न दगा
दिल्ली की लुटिया डूब गयी तो किस की दुम पे झूलेगा
तू बेशक अन्तरिक्ष में उड़ ,पर कदम रहें इस धरती पर
वो सैरगाह हो सकती है ,पर घर ये ही होगा दिल्ली
हर पल तेरा पानीपत है,हर क्षण तेरा जैसे झाँसी
हर घडी तेरी कुरुक्षेत्र समझ,हर लम्हा तेरा है प्लासी
हिंसा-हत्या से लाल हुई रोती है भारत की माटी
तू झूम-झूम कर घाट-घाट,रक्कासा सी नाचे दिल्ली
तू नंगों की लज्जा से डर ,भूखों के दिल की आह न ले
बेकारों की जो फौज खड़ी उनके सपनों की भी सुधि ले
अपनी करनी के फल तुझको करते तो होंगे कुछ उदास
आखिर तू भी है दिल वाली , कुछ तो डरती होगी दिल्ली
दिल्ली तेरे देवालय में बुत बन कर है इतिहास खड़ा
ये जुगनू राह दिखायेंगे तेरा जो इन पर ध्यान पड़ा
राजा तो होते मिट्टी के ,मिट जाते हैं वो वक्त ढले
फानी दुनिया में रह जातीं कर्मों की गाथाएं दिल्ली

रक्कासा सी नाचे दिल्ली 13

फुटपाथों पर जो बड़े हुए , अधनंगे-अधभूखे चेहरे
वे दिख ना पाते हैं इसको ,हैं कहाँ बेचारे पड़े हुए
इस शुतुरमुर्ग सी दिल्ली को अब ' दर्शन दूर ' सहज लगता
छाती पर रिसते ज़ख्मों को अब देख नहीं पाती दिल्ली
चूसा है खून गरीबों का जिन आदमखोरों ने तमाम
उनके कुत्तों को टीवी पर प्रोटीन खिलाती सुबह शाम
ये भारत को ना देख सकी भारत ना छू पाया दिल्ली
दिल्ली ने दुनिया देखी है ,दुनिया ने देखी है दिल्ली
कुटिया में जो खोई सूई बुढिया जा गलियों में ढूंढें
भारत के दुखड़ों का इलाज दिल्ली परदेसों में ढूंढें
दिल्ली को है सबसे प्यारा 'वसुधा-कुटुम्बकम' का नारा
बस इसी वजह से आये दिन अम्बर में दिखती है दिल्ली
जब से टीवी संग आँख लड़ी दिल्ली के सब रंग-ढंग बदले
अब सत्ता और सियासत के फ़िल्मी ढंग अपनाती दिल्ली
तू मेरे आँगन धमक थिरक, में तेरे चौबारे नाचूं
नित उछल-उछल कर खोज रही 'संस्कृति 'को दीवानी दिल्ली

Thursday, February 24, 2011

रक्कासा सी नाचे दिल्ली 12

जब वोटों के दिन आते हैं दिल्ली खा जाती है चंदा
फिर सूद-मुनाफाखोरों का बरसों तक चलता है धंधा
नेता हो जाते शेर सभी , जनता बनती भीगी-बिल्ली
तांडव होता महंगाई का, ता-ता-तत-थई करती दिल्ली
ये सबका मोल लगाती है लिख देगी तेरा भी लेखा
तू चम्पी कर , पद-रज लेले फिर नाम-मान कुछ भी लेजा
हों मौन तो शेरों-चीतों को परिवेश खुला देती दिल्ली
कोई विपक्ष में बोले तो नज़रों से दूर करे दिल्ली
बिल्ली पर कह कर वार करे,शक है चूहों को खाने का
पर ढूंढ न पाए ये सबूत आदम-खोरों के कर्मों का
आरोप लगें पर हों न सिद्ध, तू कुछ भी कर बस उजला रह
गन्दगी नहीं बर्दाश्त इसे है पर्यावरण-प्रिय दिल्ली
तू डाल-डाल हम पात-पात ,हैं इस से भी कहने वाले
जब सवासेर मिल जाते हैं आता है ऊँट पहाड़ तले
कुछ ऐसे भी हैं चिड़ीमार दिल्ली से ही धोखा करते
मदिरा-कन्या-चांदी पर ये देने की सोच रहे दिल्ली

रक्कासा सी नाचे दिल्ली 11

ये जयललिता का मधुर-स्वप्न, है माया की मंजिल दिल्ली
ये सुषमा के सपनों का घर, ये ममता का साहिल दिल्ली
ऑफिस ये जया भादुरी का , वैजंतीमाला का दफ्तर
ये जया प्रदा की कर्मभूमि ,ये हेमा की ' धन्नो ' दिल्ली
ये प्रतिभा देवी की प्रतिभा, ये मीत अम्बिका सोनी की
शर्मीला का ये अमरप्रेम,ये गीत लता का है दिल्ली
क्या नगर ज़नाना है दिल्ली, लिल्लाह जवानी शीला की
ये शहर खानदानी प्यारा,क्या खूब सोनिया की दिल्ली
ये तीर्थ राजनेताओं की ,बस्ती सोये अरमानों की
चारों धामों से श्रेष्ठ धाम , ये कुर्सी के दीवानों की
दिल्ली है मित्र दलालों की , दिल्ली धरती है लालों की
दिल्ली में सब नेता होते, दिल्ली है खूब कमालों की
पश्चिम के फैशन भी पीछे इस दिल्ली की दिलबाज़ी से
कम से कम वस्त्रों में काया झलकाना अब इस से सीखे
फैशन वालों की पटरानी , श्रंगार-प्रियों की ठकुरानी
ज्यों इन्द्र सभा में इन्द्राणी, घोटालों की रानी दिल्ली

रक्कासा सी नाचे दिल्ली 10

हर पोथी-पतरे की किस्मत लिखता है केवल एक नाम
अभिकरण,अधिकरण,प्राधिकरण,कहने को हैं सब ताम-झाम
दिल्ली है अबुल-फज़ल जैसे गणितज्ञों की नगरी वैसे
सब भूल गयी अब गिनती है बस डेढ़ नाम केवल दिल्ली
घूमे सब सरकारी अफसर दिन भर कारों में सरकारी
फिर बेदम धुएं से होती दिल्ली ' पर्दूषण ' की मारी
है रखती कभी उधार नहीं संग चुकता कर देती दिल्ली
सबको गंगाजी साफ करें गंगा को साफ करे दिल्ली
वर्दी की देख-रेख में अब, दुनिया है जिस्म-फरोशी की
हैं झिलमिल चौक चांदनी के पर तमस भरी किस्मत इनकी
नारी-शुचिता की सरे आम है यहाँ तिजारत अब होती
जमना के पावन तीर बसी मीना-बाज़ारों की दिल्ली
रखवाला है अब अस्मत का ,इन बहनों की ,ऊपरवाला
हाँ,हर्जाना कुछ नोटों का चाहे तो ले जाये बाला
सीता-अनुसुइया-सावित्री जूडो-कुंगफू क्यों सीख रहीं
लगता है खतरा देख रही इस नयी सदी में कुछ दिल्ली

Wednesday, February 23, 2011

रक्कासा सी नाचे दिल्ली 9

घर बैठे ऊब बोरियत सब दिल्ली अब दूर करेगी लो
ये पॉप सुनो झूमो-थिरको रामा-कृष्णा के बैले लो
डिस्को-मेलौडी-जैज़ ट्विस्ट इसके मन भाता ब्रेकडांस
घूमर-भंगड़ा-गरबा भूली अच्छी आज़ाद हुई दिल्ली
आज़ादी के दीवानों को ये ढूढ़-ढूंढ कर लाती है
ज़ख्मों पर नमक छिड़कने को अंग्रेजी गीत सुनाती है
सम्मान तिरंगा खुली साँस जिन लोगों ने है इसे दिया
बदले में देती है उनको दो मिनट मौन बस ये दिल्ली
सबको अब ऊर्जा देती है उजली सी टोपी खद्दर की
चरखा रहता तस्वीरों में सब बात है अपने मुकद्दर की
आ बैल चलें अब खेतों में ,भूखी ना सोवे ये दिल्ली
बोयें विश्वास उगायें छल, हम-तुम भी हो जाएँ दिल्ली
दिल्ली मंडी है मेलों की सबके कर्मों को बेचेगी
फेंकेगी कीचड़ में पत्थर और दामन अपना खेंचेगी
पहले दे देगी मात तुझे पीछे शतरंज बिछाएगी
निगलेगी सात नीतियां तब ' पॉलिसी 'कहेगी एक दिल्ली

रक्कासा सी नाचे दिल्ली 8

ये शाहजहाँ की दिल्ली है , है वास्तुकला की दीवानी
होटल - मधुबार बनाती है कर झुग्गी - बस्ती वीरानी
ये काल-चक्र के हस्ताक्षर अकबर-बाबर का दिल दिल्ली
खूंरेजी और अहिंसा-प्रिय ये नेहरु-गाँधी की दिल्ली
ये खून-सना बापू का घर , ये रक्त-सिक्त इंदिरा का घर
ये बारूदों से मज्जा की जब-तब होती टक्कर का घर
ये पंडों-पीर-पुजारी की चलती दूकानों की बस्ती
ये सारे भारत को अपने प्रवचन से भरमाती दिल्ली
पाना हो सांसों का परमिट, दिल्ली दफ्तर में अर्ज़ लगा
लेना है रोटी का कोटा , दिल्ली के आगे जुगत भिड़ा
गेंहू,जौ,चावल, प्याज़,नमक, पिज्जा-नूडल प्रायोजित हैं
अब कोंटीनेंटल छौंक रही , देसी घी में देखो दिल्ली
हो एक्सपोर्ट पानी बाहर इम्पोर्ट ब्रांडी-व्हिस्की का
प्याऊ से ज्यादा मधुशाला,ये धंधा खूब मुनाफे का
सौंधी मिट्टी के गर्भ बीच अब पत्थर का सपना बोती
शीशे के कक्षों में लिखती खेतों का अर्थशास्त्र दिल्ली

Sunday, February 20, 2011

रक्कासा सी नाचे दिल्ली 7

होली हो , ईद ,चतुर्थी हो, चाहे हो ईस्टर - दीवाली
अब सारे जश्न मनाती है कन्धों पर लेकर दोनाली
है गिरजों की , हरद्वारों की, ये मस्जिद और गुरुद्वारों की
पर पूजन और अजानों को अब वक्त नहीं पाती दिल्ली
भूली उपदेश कर्म का अब, दिल्ली का कर्म हुआ ' कर्मा '
धर्मों की परिभाषा भूली , दिल्ली का धर्म हुआ ' धर्मा '
ईसा के , राम , रहीमा के ,नानक के कितने बन्दे हैं
हर पांच बरस में बन्दों की बस लिस्ट बनाती है दिल्ली
लक्ष्मी-दुर्गा की शमशीरों से कटे मिले माटी में सिर
वो पुनर्जन्म पा दिल्ली में शायद हैं सब उग आये फिर
दिल्ली ने छीने प्रिवीपर्स ,पहले तो सब राजाओं से
फिर गद्दी देकर मंत्री की ,सबको ले आयी फिर दिल्ली
लिखने वाले किस्मत इसकी , दुनिया भर के सारे दलाल
वो करें गला इसका हलाल, ये रही बेचारी उन्हें पाल
वो राजा तो रण में जाकर खुद लड़ते थे तलवारें ले
अब तो देखो लड़वाने में माहिर राजा लाई दिल्ली

रक्कासा सी नाचे दिल्ली 6

ये दिल्ली नगरी ड्रामा की ,ये दिल्ली है लिटरेचर की
दर्पण समाज का लिटरेचर,दिल्ली दर्पण लिटरेचर की
पढनी हों गीता-रामायण तो दुर्लभ हैं,ढूंढो भाई
'पीले-शास्त्रों ' को गली-गली उपलब्ध कराती है दिल्ली
उनके पोथे दीमक चाटे जो खून-पसीने से लिखते
पर अभिनन्दन उनके होते जिनके पग मद डगमग होते
सम्मान-हिंडोला झूल रहे जो इसकी चरण-चाकरी कर
है उन पर इसका वरद-हस्त उनकी सौ माफ़ करे दिल्ली
अपनी ये मथुरा-मक्का है,ये काशी है ये है काबा
चालीसों और संग होंगे ,है दिल्ली एक अलीबाबा
भीतर हों राम-कृष्ण-विष्णु है कोई फर्क नहीं प्यारे
मंदिर होते इकसार सभी जो भी बनवाती है दिल्ली
पहले देवों की शान और थे सुरा लगाते होठों से
अब देवगणों के प्रायोजक 'थम्स-अप 'बूते पर नोटों के
बिरला की छत्तर-छाया में, हे नमो-नमो नारायण तुम ?
मंदिर को बिरला बनवाते , बिरला को बनवाती दिल्ली

रक्कासा सी नाचे दिल्ली 5

चम्बल की घाटी छूट गयी अब यहीं बने कोठी-बंगले
सर को 'विश' करने जायेगा तो सदा रहेंगे भाग्य खुले
गांजा-दारू-स्मैक-चरस अब बच्चे-बच्चे को भाते
होकर मदमस्त नशे में ये देखो है झूम रही दिल्ली
स्मगलिंग-मर्डर-करचोरी में होते डिप्लोमा-डिग्री
और हर डिग्री-डिप्लोमा की बस ले-देकर होती बिक्री
त्रेता-द्वापर-सतयुग बीते ,वैदिक युग से छुट्टी मिल ली
कलियुग में ठाट-बाटसे अब आनंद मनाती है दिल्ली
अब दूर नहीं वो दिन भी जब 'मर्डर' के होंगे विद्यालय
रिश्वतखोरी-आयुक्त भवन और भ्रष्टाचार-निदेशालय
ये भ्रष्ट नहीं वो भ्रष्ट नहीं बस भ्रष्टों जैसा दिखता है
अब आये दिन ऐसी बातें संसद में करती है दिल्ली
चाहे जैसा हो चाल- चलन, हो पंजों -दांतों पर सुर्खी
जो वोटों के अंडे देती वो 'माननीय' होती मुर्गी
दिल्ली में राजनीति की यों, है बन्दर-बाँट यहाँ होती
रख लेती केवल राज-राज नैतिकता दे देती दिल्ली

रक्कासा सी नाचे दिल्ली 4

है मंत्र छिपा मैकॉले का इस जंतर-मंतर में अब तक
हैं वायसराय,गवर्नर,सर ,जिंदा सब रूहों में अब तक
वोटों के मौसम में घूमे ये गाँव-गाँव कह राम-राम
फिर पांच बरस तक करती है बस 'हाय-हेलो' न्यारी दिल्ली
भारत का द्वार कहे कोई तो लाज उसे अब आती है
इण्डिया गेट की रौनक ही दिल्ली के मन को भाती है
जिंदा लोगों की बस्ती तो कहलाती ' प्लेस ' बहारों की
मरघट हैं सारे घाट यहाँ ,है फूल चढ़ाती अब दिल्ली
भाषण देने को आता है ये धूल उड़ाता मौसम जब
जनता को ढकती बंदूकें मिट्टी में मिल जाता है अदब
कोई हो परेशान कहता,ये दिल्ली ऊँचा सुनती है
कोई डरता,कानाफूसी भी सुन लेती है सब दिल्ली
काले धन का है धवल रूप दिल्ली में रुतबा भारी है
नेता-बस्ती में अमन-चैन नुक्कड़ पर मारा-मारी है
दिल्ली के संत-महंतों में है मोक्ष छिपा भारत का अब
पलकें झपकाता है भारत जब होठ हिलाती है दिल्ली

रक्कासा सी नाचे दिल्ली 3

दिल्ली ने जो बचपन पाले, नेता-अफसर बन बैठे सब
अंग्रेजों की माला जप कर हैं भारत-भाग्य-विधाता अब
गावों -कस्बों के बचपन जो पढ़ते पेड़ों की छाँव तले
उनकी किस्मत में कलम कशी,बस लिखती रही सदा दिल्ली
शिक्षा के मानदंड कहकर 'बदलेंगे ये हैं सड़े गले'
ये पीट रही है ज़ोरों से जो ढोल विदेशी पड़ा गले
पंद्रह बरसों तक विद्यालय में पढ़ा-लिखा सब धूल मिला
बस थर्टी डेज़ के 'लेसन 'में सब सिखला देगी अब दिल्ली
दिल्ली की बरसी पर आओ तुम फूल चढाने को यारो
भाषण सुनने को संग लाओ अब अनुवादों के तुम ब्यूरो
हो बरसी चाहे पुण्यतिथि तुम दिल्ली दर्शन को आना
हर शांतिदूत की बरसी पर ये कर्फ्यू हटवाती दिल्ली
होता है स्वागत भव्य सदा आये दिन नृप-सम्राटों का
अंग्रेजी में स्वागत भाषण,अंग्रेजी में बोले टाटा
करने को कायम अमन-चैन बुलवाती विश्व-फरिश्तों को
फिर बुलट-प्रूफ में सैर-सपाटे करवाती प्यारी दिल्ली

रक्कासा सी नाचे दिल्ली 2

बंगलों ने भ्रष्टाचार किया,सीना ताने हैं खड़े हुए
ली कोठी ने जम कर रिश्वत, तब बाग-बगीचे बड़े हुए
सपनों में बसता वायुयान,ख़्वाबों में मोटर दिखती है
जागी आँखों की वेला में पदयात्रा करती है दिल्ली
वादे करने का आता है,बस पांच बरस में मौसम अब
फिर खाने की ऋतु रहती है,डर कर हैं अदब बजाते सब
दो दानों का अनुदान करे तो दिल्ली 'शो' करवाती है
पर चाल करोड़ों लाखों की चुप होकर 'पास' करे दिल्ली
कहना मत कोई लाल किला,दिल्ली के होठों को यारो
तुम तो लिप-स्टिक भारत की,ओ रेड-फोर्ट की दीवारो
गुलमोहर नाम तो अच्छा है,पर उतनी महक नहीं इसमें
ये तब ही लुत्फ़ उठाती है,जब ' मेफेयर ' कहती दिल्ली
तुम गौतम गाँधी को जिंदा,जो नामों में चाहो रखना
हो जाते हैं ' एमजी ''जीबी 'सड़कों के नाम नहीं रखना
तेरे होंगे गलियां-कूंचे,इसके तो सब एवेन्यू हैं
सरणी-विहार तेरे होंगे,है एन्क्लेव रखती दिल्ली

रक्कासा सी नाचे दिल्ली -1

ये ऐबक का रंगीन शहर,ऊँची मीनारों की दिल्ली
ये शाह ज़फर का नूरे-नज़र, शंकित किरदारों की दिल्ली
ये शेर शाह की नगरी है, शासन-प्रबंध निष्णात दक्ष
है तबसे अब तक बनी हुयी,सत्ता-प्रपंच में सिद्ध-हस्त
कुर्सी-कुर्सी पसरे फैले, ये तुगलक से सुल्तानों की
दफ्तर-दफ्तर चाणक्य-नुमा जजमानों की नगरी दिल्ली
कन्धों पर काला कोट पड़ा,जो गोरों ने सिलवाया था
आँखों पर है काला चश्मा,लन्दन ने भेंट चढ़ाया था
इस जहाँगीर की नगरी में अब देखो न्याय-धर्म कैसा
दादा ने पत्थर मारा था,पोते को सम्मन दे दिल्ली
ये कोट नहीं छूटे प्यारे, भागे प्राणी की लंगोटी है
ये धर्मराज की धरती पर अब दुर्योधन की रोटी है
पर ऐसी बात नहीं कहना,जो नींद उड़ा दे दिल्ली की
कोई अभियोग लगाना मत,आयोग बना देगी दिल्ली

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...