Showing posts with label इतिहास बदलने की अनुमति है. Show all posts
Showing posts with label इतिहास बदलने की अनुमति है. Show all posts

Friday, August 17, 2012

इतिहास बदलने की अनुमति है [सात ]

[ मंच पर काल प्रहरी, जिजीविषा और सभी बच्चे डर से बेहोश पड़े हैं। तभी दीवार की गिरी ईंट वाली जगह से तेज़ प्रकाश के साथ एक महिला की आवाज़ आती है ]
आवाज़ - अरे, भय से सब अचेत हो गए।उठो, उठो बच्चो, उठो बहन, तुम भी बच्चों की तरह डर  गईं? और काल प्रहरी जी आप भी, आपको तो बहादुर होना चाहिए !
[ एक-एक करके सब आँखें खोलते हुए उठते हैं, और आश्चर्य से आवाज़ की दिशा में देखते हैं।
पहरेदार  - कौन हो तुम ? ईंट क्यों गिराई ? ठहरो मैं आता हूँ।
आवाज़ - तुम मुझे नहीं पहचानोगे, मैं कौशल्या हूँ, कौशल्या ...राम की माता, अयोध्या की रानी।
सभी - प्रणाम, प्रणाम मांजी, प्रणाम रानी साहिबा, ढोक महारानी जी, नमस्ते आंटी ...
जिजीविषा - अरे, आप ! ये मैं क्या देख रही हूँ ? बच्चो देखो हमें किसके दर्शन हुए ...
करुणा  - दर्शन कहाँ हुए ? केवल आवाज़ ही तो आ रही है।
आवाज़ - बच्चो तुम्हारी बातें सुन कर मुझसे परलोक में भी रहा नहीं गया, तुम ममता को बचाने की बात कर रहे थे न? मैं भी तुम्हारे साथ हूँ।
बच्चे - [ख़ुशी से चिल्लाते हैं] ये ...ममता बचाओ मंच जिंदाबाद !
आवाज़ - तुम्हें  मालूम है, मुझे अपनी आँखों से अपने पुत्र को चौदह साल के लिए जंगल में जाते हुए देखना पड़ा और मैं कुछ न कर सकी।
करुणा - आपने कुछ क्यों नहीं किया ? आप महारानी थीं, आवाज़ उठा सकती थीं, आपकी बात सुनी जाती।
विस्मय - आप बड़ी भी थीं, वो बड़े लोगों की बात माने जाने का ज़माना था ..
आवाज़ - मेरे पति महाराज दशरथ ने कैकेयी को वचन दिया था, इसलिए वे तो असहाय थे, कैकेयी ने अपने पुत्र को राजा बनाने की मांग रख दी ...
विस्मय - इसमें तो कुछ गलत नहीं है, हर माँ अपने पुत्र की तरक्की चाहती ही है।
आवाज़ - लेकिन साथ में उसने मेरे पुत्र के लिए वनवास मांग लिया, मैं कुछ न कर सकी।
करुना - आपको करना चाहिए था, आपसे पूछे बिना आपके बेटे को सौतेली माँ जंगल में कैसे भेज सकती है?
[तभी दौड़ कर काल प्रहरी ईंट उठा कर वापस दीवार में लगा देता है, आवाज़ बंद हो जाती है ]
जिजीविषा - देखा बच्चो तुमने, एक माँ ने अपने बेटे को अपनी आँखों से दूर कर दिया, केवल इसलिए, कि  बच्चा अपने पिता का दिया वचन पूरा कर सके।
विस्मय - इसमें बच्चे की क्या गलती, ये तो पिता की गलती है।
जिजीविषा - हाँ,यही तो मैं कहना चाहती हूँ, कई बार माँ की ममता में कमी नहीं होती, किन्तु परिस्थिति ही ऐसी  बन जाती है कि  माँ को ममता का गला घोटना ही पड़ता है।
बच्चे - नहीं .. नहीं हम ऐसा नहीं होने देंगे, ममता बचाओ मंच जिंदाबाद ..  

Wednesday, August 15, 2012

इतिहास बदलने की अनुमति है [छह ]

जिजीविषा - लेकिन विस्मय, तुम यह भी तो सोचो कि दूसरों की प्राण-रक्षा के लिए अपनों का बलिदान करना भी तो एक महान काम है।
सभी बच्चों का सम्मिलित स्वर - नहीं - नहीं, ममता बचाओ मंच जिंदाबाद !
[बच्चे शोर करने लगते हैं। काल प्रहरी उन्हें शांत करने की कोशिश करता है ]
पहरेदार  - शोर मत करो, शांत हो जाओ, शांत ...
लड़का - यहाँ शोर करने से क्या फर्क पड़ेगा ? सब मुर्दे ...
पहरेदार  - [मुंह पर अंगुली रख कर ] चुप !यह इतिहास की दीवार है, यहाँ सब खामोशी से सो रहे हैं, चुप रहो,
जिजीविषा - अच्छा बच्चो, मेरी बात सुनो, हम सब मिल कर ममता को बचाने का काम करेंगे। पर पहले हम यह पता लगायेंगे कि  अपने देश के होने वाले राजा को बचाने के लिए पन्ना ने खुद के बेटे की बलि देने का जो काम किया वह सही था या गलत !
बच्चों का स्वर - कैसे ..कैसे, कैसे पता लगायेंगे ?
[तभी दीवार से एक ईंट गिरती है, और लाल रोशनी दिखाई देने लगती है। काल प्रहरी चिल्लाता हुआ इधर-उधर भागने लगता है। भगदड़ मच जाती है। जिजीविषा और बच्चे भी गिरते- पड़ते भागते हैं। चारों ओर  "बचाओ-बचाओ" की आवाजें गूंजने लगती हैं। ] 

इतिहास बदलने की अनुमति है [पांच]

पहरेदार  - हाँ- हाँ, जाओ, तुम्हें न्याय मांगना है तो कोर्ट-कचहरी में जाओ, यह तो इतिहास की दीवार है, यह तो पवित्र स्थान है।
लड़का- क्या कहा ? यह इतिहास की दीवार है?
पहरेदार  - हाँ
लड़का- अरे, यह तो और भी अच्छा है। हमें इतिहास से भी शिकायत है।
जिजीविषा - अच्छा-अच्छा तुम पहले करुणा  को बोलने दो। बोलो करुणा !
करुणा  - मैं करुणा  हूँ, मेरा मन बहुत करुण  है। मुझसे किसी का दुःख बिलकुल नहीं देखा जाता। जब से मैंने सुना है कि  एक 'माँ ' ने एक राजकुमार को बचाने के लिए अपने खुद के बेटे की कुर्बानी देदी, मैं एक दिन भी सो नहीं सकी हूँ। मेरे सपनों में रह-रह कर वही बालक आता है ...
लड़का - सो नहीं सकी तो सपने कैसे आते हैं ?
जिजीविषा - चुप रहो, उसे बोलने दो।
करुणा  - वह बालक, बेचारा अभागा, जिसे खुद उसकी माँ ने मरने के लिए छोड़ दिया। आखिर उस माँ की ममता को क्या हुआ ?
[बच्चों में सुगबुगाहट होती है। फिर नारों की आवाज़ आती है- हम सब एक हैं, अपना हक़ लेकर रहेंगे, ममता बचाओ मंच जिंदाबाद !]
जिजीविषा - शांत, शांत, बच्चो शांति रखो,जिसे बोलना है वह खड़ा होकर बोले। और एक साथ नहीं, एक-एक करके बोलो। हाँ हाँ बोलो, पहले अपना नाम बताओ,
[एक लड़का खड़ा होता है ]
लड़का - मेरा नाम विस्मय है।
जिजीविषा - कहो, क्या कहना चाहते हो ?
विस्मय - मुझे तो इस बात पर आश्चर्य है कि  क्या कोई माँ ऐसा भी कर सकती है ? हमारे इतिहास के अध्यापक  ने बताया कि  पन्ना नाम की एक औरत ने एक राजा के लड़के को बचाने के लिए अपने खुद के पुत्र चन्दन की बलि चढ़ा दी। और इस से भी बड़ा आश्चर्य यह है कि  उस महिला को महान मान कर आज तक उसके गुण गाये जा रहे हैं, और बेचारे चन्दन को कोई याद नहीं करता।
[बच्चों में कोलाहल जैसा वार्तालाप शुरू हो जाता है। ] 

Tuesday, August 14, 2012

इतिहास बदलने की अनुमति है [चार]

[बच्चे नारे लगाते हुए बढ़ते आ रहे हैं, और काल प्रहरी उन्हें रोकने की कोशिश कर रहा है]
पहरेदार - अरे,अरे ये क्या। तुम लोग कहाँ आ रहे हो? ठहरो, दीवार को मत छूना , कौन हो तुम लोग ? कहाँ
                   जाते हो ...
बच्चे -        अपना हक़ लेकर रहेंगे , अपना हक़ लेकर रहेंगे ..
पहरेदार  - अरे पर किस से लेकर रहोगे , तुम हो कौन ?
जिजीविषा - बच्चो, एक मिनट ठहरो, तुम सब यहाँ आराम से बैठ जाओ, देखो, हम यहाँ एक सभा करेंगे, सभा
                   यानी एक बैठक  ... तुम सब उसमें अपनी बात कहना ...
[धीरे-धीरे शोर कमज़ोर पड़ जाता है,बच्चे एक-दूसरे  को देखते हुए बैठने लगते हैं। दो बच्चे बैनर पकड़ कर पीछे खड़े हो जाते हैं। काल प्रहरी और जिजीविषा भी सामने बैठ जाते हैं। ]
जिजीविषा - हाँ, अब शांति से बताओ बच्चो, तुम क्या कहना चाहते हो ? एक-एक करके ..
पहरेदार  -पर ये दीवार मत छूना...
जिजीविषा - ओ हो कालू, बच्चों को बोलने दो। बीच में मत टोको।
[एक लड़की खड़ी होकर बोलने लगती है]
जिजीविषा - पहले अपना नाम बताओ,
लड़की -       मेरा नाम करुणा  है
[बीच में एक लड़के की आवाज़ आती है ]
लड़का -      झूठ, इसका नाम कैरी है।
जिजीविषा - अच्छा-अच्छा उसे बोलने दो,
करुणा  -     हम सबने मिल कर यह मंच बनाया है। इसमें हम ममता को बचाने के लिए काम करेंगे।
जिजीविषा - ममता, कौन ममता, कहाँ है ममता ? उसे क्या हुआ है, कौन सी है ममता ! ममता खड़ी हो जाओ
                   बहन ...
[ बच्चों में हलचल होती है ]
करुणा  -     ममता कोई नहीं है। मैं तो उस ममता की बात कर रही हूँ, माँ की ममता, माँ -बाप की ममता ...
जिजीविषा - अच्छा-अच्छा , तो तुम लोग माँ-बाप की ममता को बचाने की बात कर रहे हो ? सच है तुम्हारी
                   बात एकदम ठीक है।[खड़ी होकर ] ममता तो आजकल बिलकुल ख़त्म होती जा रही है आज
                   सबको अपनी-अपनी जिंदगी की चिंता है बस, सबको अपने आराम की पड़ी है, धन दौलत जोड़ने  की पड़ी है,
                   पैसे की  पड़ी है। ममता पर तो कोई ध्यान ही नहीं दे रहा।
लड़का -       [खड़ा होकर] अरे यह दीदी तो हमारी तरफ ही हैं,ये तो वही बात कह रही हैं जो हम कहते हैं, फिर हम किस से न्याय मांगेंगे ? चलो यहाँ से ...

Thursday, August 2, 2012

इतिहास बदलने की अनुमति है [तीन]

[दीवार में एक छेद  दिख रहा है, जिस से लगता है कि  एक ईंट वहां से निकल कर गिर पड़ी है। बेहोश पड़ी जिजीविषा के मुंह पर पानी के छींटे मार रहा कालप्रहरी पलट कर वहां देखता है, फिर
जिजीविषा को वहीँ छोड़ कर तेज़ी से दीवार की ओर  भागता है। वह ईंट को हाथ में उठा लेता है
और उसे फिर से उसकी जगह पर रखने की कोशिश करता है। इतने में ही दीवार के पीछे से हंसने
की आवाज़ आती है]
पहरेदार  - कौन है ? कौन है वहां...
आवाज़-      मुझे नहीं पहचाना ? पहचानेगा भी कैसे, मुझे तूने देखा ही कहाँ है? जब मैं जिंदा था, तब तू पैदा भी  
                   नहीं हुआ था। अब मैं मर चुका हूँ ...
पहरेदार  - मर चुके हो तो बाहर क्यों निकल रहे हो ...चलो, चलो अन्दर।
                  [इतने में ही जिजीविषा जाग जाती है, और जोर जोर से 'कालू' 'कालू' चिल्लाने लगती है।
पहरेदार  - कालू? ये कालू कौन है? किसे पुकार रही हो तुम !
जिजीविषा- तुम्हें, और किसे !
पहरेदार  - मुझे? पर तुमसे किसने कहा कि  मेरा नाम कालू है। मैं कालप्रहरी  हूँ ...
जिजीविषा- कितना बड़ा नाम है- मैं तो तुम्हें ...
पहरेदार  - अरे पर तुम यहाँ रुकीं क्यों? तुम्हें कोई देख लेता तो ?
जिजीविषा- ओ हो, तुम्हीं तो कह रहे थे कि  यहाँ बरसों से कोई नहीं आता...अरे हाँ, उसका क्या हुआ ? वो कौन  
                  आया था यहाँ ? जिसने ईंट गिरा कर यहाँ लाल रोशनी कर दी थी ...
पहरेदार  - लगता है वह आत्मा तो शांत हो कर वापस चली गई ..तुम वैसे ही डर कर बेहोश हो गईं थीं।           [मंच पर तभी कुछ बच्चों का प्रवेश होता है। वे नारे लगाते हुए आ रहे हैं। उन्होंने हाथ में एक बड़ा
सा बैनर उठा रखा है, जिस पर लिखा है- "ममता बचाओ मंच", तेज़ शोर के साथ नारों की आवाजें
आ रही हैं- अपना हक़ लेकर रहेंगे ...अपना हक़ लेकर रहेंगे ...कालप्रहरी  दौड़कर बच्चों को रोकने
की कोशिश करता है, ]... 

Sunday, July 29, 2012

इतिहास बदलने की अनुमति है ![दो ]

जिजीविषा -मैं तो तुम्हें कालू कहूँगी। तुम्हारा घर कहाँ है?
पहरेदार  - मैं भी तुम्हें विषा कहूँगा। मेरा कोई घर नहीं है, मैं तो अनंत काल से इसी तरह चक्कर लगा कर इस     दीवार की रक्षा कर रहा हूँ।
जिजीविषा  - इसकी रक्षा की क्या ज़रुरत? ये क्या सोने की दीवार है? कौन लूटेगा इसे? गन्दी।..[छूती है ]
पहरेदार  - अरे छुओ नहीं, ये इतिहास की दीवार है, जो कुछ बीत जाता है, वह इस दीवार के पार चला जाता है।
जिजीविषा  - देखूं, क्या-क्या चला गया।
पहरेदार  - अरे-अरे ठहरो, तुम जीते-जी उस पार नहीं जा सकतीं। जो मर जाता है वही उस पार जाता है।
जिजीविषा  - ये मरघट है क्या ?
पहरेदार  - नहीं-नहीं ये इतिहास है, जो लोग, जो समय, जो बातें बीत जाती हैं, वह उस पार चली जाती हैं। चाहे जीवन हो, चाहे कला हो, चाहे संगीत, चाहे राजनीति, सब कुछ उधर चला जाता है।
जिजीविषा  - ये कचराघर है क्या?
पहरेदार  - "चुप"!यह पवित्र इतिहास की पावन समाधि है,
जिजीविषा  - समाधि है तो तुम यहाँ क्या कर रहे हो? क्या यहाँ से निकल कर कोई भाग जायेगा?
पहरेदार  - तुमने ठीक कहा, कभी-कभी ऐसा हो जाता है। यहाँ से कोई निकलने की कोशिश करता है।
जिजीविषा  - तुम इस दीवार को ऊंचा क्यों नहीं कर लेते? थोड़ी ईंटें और लगा लो।
पहरेदार  - ये ईंटें नहीं,इतिहास हो चुकी आत्माएं हैं, कभी-कभी कोई आत्मा फिर से दुनिया में आने के लिए छटपटाती है।
जिजीविषा  - सच? फिर तुम क्या करते हो?
पहरेदार  - इसीलिए रखवाली करता हूँ, जब दीवार के पीछे लाल-अँधेरा छाता है, तो इसका अर्थ  है कि कोई आत्मा असंतुष्ट है, और वह दीवार के इस ओर  आना चाहती है। [तभी कोलाहल के साथ लाली छाती है, और जिजीविषा डर  कर बेहोश हो जाती है। कालप्रहरी उसे सम्हालते हुए टॉर्च लेकर दीवार की ओर  भागता है।..   

Saturday, July 28, 2012

इतिहास बदलने की अनुमति है !

[मंच पर एक लम्बी, ईंटों की  दीवार दिखाई दे रही है। दीवार के सामने कालप्रहरी पहरा दे रहा है। उसके एक हाथ में टॉर्च व दूसरे  हाथ में लाठी है। वह बार-बार इधर से उधर चक्कर काट रहा है। बीच-बीच में पार्श्व से "जाग रहा हूँ" की आवाज़ और सीटी  बजने का स्वर सुनाई दे रहा है।कभी अजीब तरह का कोलाहल और कालप्रहरी के क़दमों की आहट सुनाई देती है। बीच-बीच में वह टॉर्च की रोशनी दीवार की ईंटों पर डालता रहता है, तथा ईंटों को लाठी से ठकठका कर देखता रहता है। ईंटों के पीछे इतिहास के वे लोग हैं, जो मर कर उस पार चले गए। इन्हीं में से कभी-कभी कोई किसी ईंट को हटा कर झाँकने की कोशिश करता है। वह ईंट गिरा देता है, और कालप्रहरी दौड़ कर अतीत के उस पात्र को वापस पीछे हटाकर ईंट को यथास्थान रखता है।]
पहरेदार  - (स्वतः बुदबुदाते हुए)वर्षों बीत गए। रोज़ सुबह होती है, शाम होती है, फिर रात हो जाती है।पूरा                
                  एक दिन इतिहास बन कर इस दीवार के पीछे चला जाता है, और अपने साथ ले जाता है कई ...                   
                  (सामने से 'जिजीविषा' का प्रवेश)
जिजीविषा - ऐसा कब तक चलेगा?
पहरेदार  -  तुम  कौन हो? कहाँ चली आ रही हो ...
जिजीविषा - अरे, मुझे नहीं पहचानते?
पहरेदार  - नहीं, मैं किसी भी स्त्री को नहीं पहचानता। फ़ौरन यहाँ से चली जाओ वरना  ...
जिजीविषा - वरना  क्या ?
पहरेदार  - वरना  मुझ पर यह आरोप लग जाएगा कि  मैं तुम से बातें कर रहा था ...
जिजीविषा - कौन लगाएगा आरोप, यहाँ तो कोई भी नहीं है, तुम किस से डर रहे हो ?
पहरेदार  - मैं किसी से नहीं डरता , मैंने किया ही क्या है जो मैं डरूं ...
जिजीविषा - यही तो मैं भी कह रही हूँ। 
पहरेदार  - पर तुम हो कौन ?
जिजीविषा - मैं जिजीविषा हूँ। 
पहरेदार  - तुम कहाँ रहती हो ?
जिजीविषा - कहीं भी। हर एक के दिल में ...
पहरेदार  - छी -छी -छी, कैसी बातें करती हो ?

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...