Showing posts with label अमेरिका से. Show all posts
Showing posts with label अमेरिका से. Show all posts

Saturday, August 25, 2012

घर शिफ्ट कर लिया नील आर्मस्ट्रोंग ने !

     उन्होंने 1969 में चाँद पर कदम रख दिया था। चाँद, जिसे देखकर सुहागिनें करवाचौथ के दिन सदियों से अपना व्रत खोलती रहीं हैं, चाँद, जिसे देख कर ईद मनती है। उस तिलिस्म को वे हकीकत में बदल आये थे। अन्तरिक्ष उनका घर था।
   वही आर्मस्ट्रोंग 82 साल की आयु में दुनिया से अब न आने की बात कह गए। अपने अंतिम वर्षों में उन्होंने कोई रोग भी झेला। लम्बे समय तक जिस पत्नी का साथ रहा था, उस से मनमुटाव के चलते अब वे अपनी दूसरी पत्नी के साथ थे। एक अत्यंत महत्वाकांक्षी वैज्ञानिक होने के नाते उन्हें अपने परिवार और घरेलू मामलों के लिए ज्यादा समय नहीं मिलता था। यहाँ तक कि  एक बार आपदा के कारण उनका अपना घर तहस-नहस हो गया, और उन्हें दूसरा घर बनाना पड़ा। इस नए आशियाने के निर्माण की बागडोर पूरी तरह उनकी पत्नी ने ही संभाली, और उन पर यह आरोप भी लग गया कि  वे "अपने" परिवार के लिए महफूज़ और मज़बूत घर नहीं बना पायेंगे। घर नष्ट हो जाने के दिन बच्चों का  स्कूल से लौटने पर घर के बाहर पड़े फर्नीचर पर बैठना और पड़ौस में जाकर भोजन करना उन्हें भीतर तक झकझोर गया था। लेकिन बच्चों ने इस अपमान भरी आपदा की भरपाई उस दिन कर ली, जब उन्हें अपने "चाँद-विजयी" पिता के साथ दुनिया भर के सम्मान समारोहों में शिरकत करने का मौका मिला।
     खैर, उनके तलवों की स्पन्दन-भरी खलिश ने चाँद के बदन पर भी आज हलकी सी सुरसुरी तो ज़रूर छोड़ी होगी। अब वे अन्तरिक्ष के जिस नक्षत्र पर जा बैठे, अगर चाँद को पता चले, तो शायद वह हमें भी बताये ! 

Sunday, February 19, 2012

पिट्सबर्ग, अमेरिका से हिमालय पर बैठे शिव को शिवरात्रि पर भेजा गया नमन

जिस समय शिवरात्रि का सवेरा भारत में दस्तक दे रहा था, भगवान शिव के दरबार में बधाइयों का ताँता लग चुका था.भारत के जो लोग अपने बच्चों के कैरियर में यह कह कर बाधा बनते हैं कि दूर जा कर बच्चे अपने घर-संस्कृति को भूल जायेंगे, उनमें से अधिकांश शायद शिवरात्रि की 'छुट्टी' के प्रमाद में अभी अपने दैनिक क्रिया-कलापों में ही उलझे हुए होंगे कि शिवरात्रि दुनिया-जहान में शुरू हो गई.शिव सबका मंगल करें.
कल रात को ज़ी-टीवी पर 'डांस इंडिया डांस' कार्यक्रम में एक से एक आधुनिक नृत्य कला पारंगतों ने भी अपने तमाम अधुनातन प्रयोग छोड़ कर पौराणिक कथानकों को ही अपने डांस में जीवंत किया. सोनल मानसिंह वहां अतिथि के रूप में मौजूद थीं. उस कार्यक्रम को देख कर मुझे ऐसा लग रहा था कि हमारी नई पीढ़ी ने दुनिया को बहुत अच्छी तरह से अपने कन्धों पर उठा लिया है. अब हम जैसे लोगों को सारी चिंताएं छोड़ कर केवल नई पीढ़ी के करतबों-कारनामों को देखना चाहिए.
कभी-कभी यह जिज्ञासा होती है कि जब सभी इंसानों और देवी-देवताओं का जन्मदिन होता है तो केवल शिव की ही "रात्रि" क्यों होती है? शायद इसीलिए, कि शिव से जुड़ा उल्लास भिनसारे, पौ फटने से पहले ही शुरू हो जाता है, इसलिए.   

Friday, February 17, 2012

न्यूयॉर्क और लन्दन के समकक्ष जाने के लिए मौलिकता ज़रूरी

भारत के मूर्तिकार अर्जुन प्रजापति ने बर्मिंघम में अपनी कला के लिए ज़बरदस्त सराहना और सम्मान पाया, इसके लिए उन्हें बहुत-बहुत बधाई. अब उन्होंने घोषणा की है कि वे अपनी कला के जीवंत प्रयोग से दिल्ली रोड पर न्यूयॉर्क और लन्दन की तर्ज़ पर मैडम तुसाद म्यूजियम जैसा ही एक म्यूजियम बनायेंगे.
उनके हौसले को पूरा समर्थन देते हुए भी उनकी सुझाव-पुस्तिका में कुछ बातें लिख देना ज़रूरी लगता है.
१. दुनियां में बड़ी सफलता हमेशा किसी मौलिक प्रयास को ही मिली है. भव्यता की नक़ल में तो केवल यही संतुष्टि छिपी है कि हमने भी वैसा कर दिखाया. इस प्रयास में हम किसी के बराबर आते हैं.
२. किसी भी बड़े काम के लिए हौसला ही पहली शर्त है, फिरभी दूसरी शर्त- संसाधनों को भी कम नहीं आँका जा सकता. वे कोई प्रायोजना शुरू करने से पहले आर्थिक पक्ष को भी सुनिश्चित करलें तो अधिक व्यावहारिक होगा.
३. प्रोजेक्ट में कुछ नवीनता लाने के लिए चयन के कुछ मौलिक मानदंड निर्धारित करें, ताकि दर्शकों में उत्सुकता  बने.
४. अंतर-राष्ट्रीय स्तर पर उभरने के लिए कुछ अन्य देशों के समान विचारों वाले लोगों को भी जोड़ें.जिस से यह प्रयास किसी सामूहिक प्रयास की शक्ल ले सके.
ऐसे कामों में तो भारत के "काले-अरबपतियों" की मदद भी मिल जाये तो देश के नसीब से कुछ पाप ही धुलेंगे.     

Thursday, February 16, 2012

अमेरिका, जापान, चाइना,फ़्रांस, जर्मनी, इटली, आस्ट्रेलिया आदि किसी को भी दिया जा सकता है ये टेंडर

कौन कहता है कि बड़े-बड़े देश छोटे काम नहीं कर सकते? कह कर तो देखिये, इतनी मदद तो हमारी कोई भी कर देगा. ऐसे कामों के लिए तो हम पैसे भी खर्च करने को तैयार रहते हैं. फिर हमारे तो विदेशों में जमा काले धन की पासबुकें ही इतनी आकर्षक  हैं कि बहुत से देश तो उन्हें देख कर ही हमारा काम करने को तैयार हो जायेंगे, पाकिस्तान जैसे. यह बात अलग है कि पाकिस्तान जैसों से काम नहीं हो पायेगा.
हाँ, पहले ये तो सुन लीजिये कि काम है क्या?
हमें अपने एक अरब बीस करोड़ भाई-बहनों  के लिए "टैटू" बनवाने हैं.ये काफी सिंपल से ही बनेंगे, ज्यादा डिज़ाइन वगैरा का काम नहीं है. नोटों की तरह इन पर गांधीजी का चेहरा बनाने की ज़रुरत नहीं है. हाँ, गाँधी लिखा जा सकता है, उसमें कोई आपत्ति नहीं है. वैसे भी इनके मैटर में लिखने का काम ही ज्यादा है. वैसे तो ये काम हम खुद भी कर सकते थे, घिसट-घिसट कर ही सही.पर वो क्या है कि हमारा संविधान हमें ऐसे काम खुद करने की इज़ाज़त नहीं देता. क्योंकि संविधान में लिखा हुआ है कि हमें ऐसी बातों को मिटाना है.
अब संविधान बनाने वाले तो खुद सब मिट गए, इसलिए हमें किसी का डर तो है नहीं, लिहाज़ा अब हमें हर भारतवासी के चेहरे[माथे को प्राथमिकता दी जाएगी] पर उसकी जाति लिखवानी है.किसी भारतीय  भाषा के चक्कर में पड़ने पर तो हम सब फिर आपस में लड़ मरेंगे, इसलिए विदेशों से टैटू बनवाना अच्छा रहेगा, उन्हें सब ख़ुशी से चिपका लेंगे.
नोट- टेंडर उसी को दिया जायेगा, जिसकी दरें चाहें कम-ज्यादा हों पर कमीशन सबसे ज्यादा हो.      

Saturday, February 11, 2012

ब्राज़ील ने कपिल सिब्बल पर गोल किया?

भारत में कपिल सिब्बल ने कुछ समय पहले ये राग छेड़ा था कि नेट के लापरवाही पूर्ण इस्तेमाल को रोकने के लिए कुछ बंधन बिछाए जाएँ. कपिल सिब्बल ने तो एक नए मैच के आगाज़ की कल्पना की थी. उन्होंने मैदान साफ किया. खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे आयें और अपना-अपना हुनर दिखाएँ.कोई नहीं आया. उलटे राग प्रसारित करते मंच पर टमाटर और अंडे फिंकने लगे. 
अब खबर ये है कि ब्राज़ील में ऐसा कर भी दिया गया. 
सच है, किसी पेड़ के नीचे सिन्दूर से रंग कर एक पत्थर रख दो, और उसके सामने दो अगरबत्तियां जला दो तो हर आने वाला जूते उतार कर वहां शीश झुकाता है. हाँ, यह घोषणा हो कि एक भव्य मंदिर बनाया जायेगा, तो लाखों आदमी वहां शिलाएं [पत्थर ] पटक-पटक कर थक जाएँ, फिर भी भगवान का घर नहीं बन पाता.
एक बार फिर ब्राज़ील जीता.    

Wednesday, February 8, 2012

युवराजों की थेरेपी- बोस्टन से लखनऊ तक

भारतीय दिल का कोई जवाब नहीं. जब बल्लियों उछलता है तो फिर न लखनऊ देखता है न बोस्टन. 
आजकल दिल घायल है. युवराज के फेफड़ों ने न जाने कहाँ से भयंकर संक्रमण पकड़ लिया है. भारतीय मन ने उन्हें बॉल पकड़ते देखा है, बैट पकड़ते देखा है,लेकिन बीमारी उन्हें पकड़ लेगी, यह कभी सपने में भी किसी ने नहीं सोचा. तसल्ली इस बात की है , वे अमेरिका में इलाज करा रहे हैं, इसलिए जब डाक्टर कहते हैं कि वे जल्दी ही फिर मैदान पर होंगे तो बात पर विश्वास हो जाता है. ऐसा कहने वाले डाक्टरों के मुंह में घी-शक्कर. यदि वे भारत में इलाज कराते तो बॉल ईश्वर के पाले में होती, और लोग मंदिरों में.  पर शुक्र है कि युवराज बोस्टन में हैं और बोस्टन में डाक्टर न आरक्षण से बनते हैं न पेड सीटों से,दवाइयां कमीशन से नहीं आतीं और न मशीनें रिश्वत से.
युवराज जल्दी अच्छे होकर बैट थामे दिखाई दें. शुभकामनाएं. 
आज एक ऑपरेशन और था.लखनऊ में. वहां भी थेरेपी युवराज की ही होनी है. वहां डाक्टर जनता है, हकीम   मुलायम,नर्स माया और उमा. शुभकामनायें वहां के लिए भी. यह भी लम्बा चलने वाला है. यहाँ थेरेपी सात बार में होगी.       

Friday, February 3, 2012

गलती नौ जनों की है -अमेरिका और यूरोप तक परेशान हैं इनसे

नौ लोगों को पकड़ना कोई मुश्किल काम नहीं है. एक थानेदार भी आसानी से पकड़ कर इन्हें जेल में डाल सकता है. लेकिन आखिर कायदा-कानून भी कोई चीज़ है, कोई भी, कहीं भी, कैसे भी इन्हें कैसे पकड़ ले? इन्हें देखा जा सकता है. इनकी तस्वीरें उतारी जा सकती हैं. इनके बारे में मीडिया में खूब लिखा जा सकता है. इनकी चिरौरी-बिनती करने के लिए हवन-यज्ञ किये जा सकते हैं. इनके चाल-चलन पर छींटा-कशी की जा सकती है, लेकिन इन्हें पकड़ा नहीं जा सकता. सब थानों की अपनी-अपनी सीमा होती है,सब जगह की अपनी-अपनी पुलिस होती है. ऐसा नहीं है कि कोई भी हथकड़ी लेकर जाये और इन्हें धर ले.
ये नौ चाहे जिसकी जन्म-कुंडली बदल दें, इनकी चाल नहीं बदली जा सकती. 
आपका अनुमान बिलकुल सही है. बात नौ ग्रहों की ही की जा रही है. 
हम सब ग्लोबल-वार्मिंग को लेकर परेशान थे कि इन्होंने कुपित होकर ग्लोब को ठंडा कर दिया. हम भाप बन कर उड़ते पानी से पेड़-पौधों के सूखने की चिंता में थे कि इन्होंने आसमान से बर्फ की झड़ी लगा दी. हम एक-दो-तीन गिन रहे थे कि इन्होंने माइनस दस-बीस-तीस का राग छेड़ दिया.
क्या माना जाय?क्या मानव की करनी से ईश्वर का अपनी बनाई दुनिया के प्रति उत्साह ठंडा हो गया?        

Thursday, October 27, 2011

साओ लुईस में यह हवा सूरीनाम से ही पहुंची होगी

नई दिल्ली के प्रेस एन्क्लेव से एक पत्रिका निकलती है- "विश्व हिंदी दर्शन". इस पत्रिका की कई विशेषताओं में से एक यह भी है कि इसने दुनिया भर के कई देशों से लोगों को भारत से जोड़ा है. वैसे तो यह काम दुनिया की सारी एयर लाइंस करती ही हैं, पर इस पत्रिका ने लोगों को जोड़ने का काम एक विशेष माध्यम से किया है. 
कुछ साल पहले मुझे भी इसके एक आयोजन में जाने का मौका मिला था. उस कार्यक्रम में सूरीनाम, मॉरिशस, वियेना, त्रिनिदाद, इंडोनेशिया आदि देशों से कई लोग आये थे. मुझे हरिशंकर आदेश की अच्छी तरह याद है, जिन्होंने वहां बहुत मधुर प्रस्तुति दी थी. इस कार्यक्रम में कुछ विद्वानों से आरंभिक चर्चा के बाद ही मेरे उस आलेख की रूपरेखा बनी थी, जो अगले विश्व हिंदी सम्मलेन में प्रस्तुति के लिए स्वीकृत हुआ. 
तो मैं बात कर रहा था उस विशेष माध्यम की, जिससे दुनिया के कई कोनों में निवास कर रहे लोग एक मंच पर आते हैं- वह माध्यम है 'रामायण'. 
यह पत्रिका संसार के कई देशों में रामायण सम्मलेन और राम-कथा जैसे आयोजन भी करवाती रही है. आज शाम को दीपावली उत्सव के माहौल में मुझे वह वार्तालाप याद आ गया, जो आदेश जी को आमंत्रित करने के लिए एक सज्जन कर रहे थे. वे शायद साओ लुईस में किसी क्लब से जुड़े थे, जो ऐसे एक आयोजन के लिए इच्छुक था. ब्राजील की यह तटीय धरती भू-मार्ग से सूरीनाम से कितनी ही दूर हो, सागर के रस्ते से तो नज़दीक ही है. जो लहरें साओ लुईस के तट को छूती हैं, वही लहराती-इठलाती फ्रेंच गुएना होती हुई सूरीनाम को भी स्पर्श करती हैं.  

Saturday, October 22, 2011

अमेरिका ने कह दिया, अब ज़रूर कुछ न कुछ हो जायेगा.

अमेरिका की साख केवल अंतर-राष्ट्रीय मुद्दों पर ही प्रभाव नहीं रखती, बल्कि कई देशों के स्थानीय विवादों में भी मार्गदर्शक बनती है.
राजस्थान भारत का सबसे बड़ा प्रान्त है. भारत के कई राज्य , जिनमें छोटे-छोटे राज्य भी शामिल हैं, अपनी-अपनी भाषा को मान्यता दिए हुए हैं. कई भाषाओँ को तो सरकारी राजभाषा के समकक्ष भी दर्ज़ा मिला हुआ है. लेकिन राजस्थानी भाषा को मान्यता की बात जब भी आती है, कहा जाता है कि राजस्थान की कोई एक भाषा नहीं है, जिसे राजस्थानी कहा जा सके. यहाँ मेवाड़ी, मारवाड़ी, हाडौती, ढूँढाडी, शेखावाटी आदि कई भाषाएँ हैं. 
यह तर्क अन्य राज्यों में नहीं चल रहा.जिन राज्यों ने अपनी क्षेत्रीय भाषा को मान्यता देरखी है, वहां भी एकाधिक भाषाएँ हैं.
पिछले दिनों अमेरिका की संस्था "राना" ने भी इस बात का समर्थन किया कि राजस्थानी को मान्यता मिलनी ही चाहिए. ऐसा वहां रह रहे राजस्थानी परिवारों की राय जानने के बाद कहा गया. 
देखने में आ रहा है कि राना की इस आवाज़ के बाद यहाँ भी मांग करने वालों की हलचलों में ताजगी आई है और उन लोगों ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से देखना शुरू किया है, जो अब तक इस पर उदासीनता अपनाए हुए थे.    

Tuesday, October 4, 2011

'स्मार्ट इंडियन ' के ग्लोबलाइज़ेशन के आह्वान पर...प्यास के प्रेम में पड़कर आवारा पानी और गैंगस्टर हवा

रोज़ मरता है पानी, कभी आँखों में, कभी खून में
 नहीं मरती बेरहम प्यास
 उगती है फिर-फिर अवांछित घास की तरह
 इस प्यास के प्रेम में पड़कर कभी
समुद्र को पी जाएगी ज़मीन 
चिल्ड शैंपेन के सिप की तरह 
यदि नहीं समझे उसने धरती के दुःख 
और न समझा पाया वो,
अपने दुःख धरती को.
पिसते रहेंगे वे लोग, जो दोनों के दुःख समझते हैं 
अमेरिकी तटों से जापानी शिखरों तक 
बरास्ता चीन और यूरोप के कुछ दमकते नगर 
महँगी पड़ेगी चाँद-कलाओं को 
हवाओं की दरिंदगी और पानियों  की आवारगी
इससे पहले कि सागर ज्वालामुखी बन 
लावा उगलें, 
इससे पहले कि पर्वत 
शर्म से पिघल कर बह जाएँ 
इससे पहले कि रोने लगे 
कतरा-कतरा इतिहास 
भविष्य से खेलने वालों के 
काले सपनों को पी जायेगी ज़मीन 
चिल्ड शैम्पेन के सिप की तरह.  

Monday, August 1, 2011

दक्षिण अमेरिका में दो-फाड़ है सुन्दरता भी

केवल दक्षिण अमेरिका में ही क्यों, हर कहीं ऐसा है. ब्राजील और अर्जेंटीना हों, चाहे उरुग्वे और पराग्वे, वहां आपको व्यक्तित्व की दो-रूपता ज्यादा मिलेगी. कोई यह सवाल उठा सकता है कि आखिर ऐसा किस आधार पर कहा जा सकता है?चिली और वेनेज़ुएला भी अपवाद नहीं हैं. 
अब आगे कुछ कहने से पहले मैं आपको यह बता दूं, मैंने ऐसा कहने के लिए किन बातों को आधार बनाया है. मैं केवल तीन बातों को देख कर निकाले गए निष्कर्ष आपके सामने रख रहा हूँ. 
१.विश्व-स्तरीय सौन्दर्य प्रतियोगिताओं में आज जो भी मानदंड स्थापित हैं, वे इन देशों की स्थानीय स्पर्धाओं से सबसे ज्यादा मिलते-जुलते हैं.आज जिस तरह केवल शारीरिक या मांसल बातों को लेकर व्यक्तित्व नहीं आंके जा सकते,वह परिपाटी दशकों पहले दक्षिणी अमेरिका, जापान ,थाईलैंड जैसे देशों ने आत्मसात कर ली थी.ऐसे अनेकों उदाहरण मौजूद हैं जब इन देशों ने सौन्दर्य की निर्णय-प्रणाली निर्धारित करवाने में पहल की. 
२. 'पुरुष सौदर्य' की अवधारणा भी इन देशों और यूनान की देन है.शक्ति और मेधा को व्यक्तित्व का अहम् हिस्सा बनाने में यूनानी संस्कृति, दक्षिण अमेरिकी मान्यताएं और फ़्रांस के नज़रिए का योगदान है. यहाँ मानवीय ग़ोश्त मात्र को मानसिकता की विलक्षणता के साथ ही स्वीकार किया गया है. 
३. यदि हम 'जिस्म की तिजारत' जैसे शब्द प्रयोग करें तो यह एक निहायत ही हल्कापन होगा, पर जिस्म का मोल इसी भूमि पर सबसे पहले पहचाना गया है. एक कलुष के रूप में नहीं, बल्कि एक संसाधन के रूप में व्यक्ति को स्वीकार करने में भी इन्ही देशों की पहल रही है.
 "चांदी जैसा रंग है तेरा, सोने जैसे बाल. एक तूही धनवान है गोरी, बाकी सब कंगाल."
 जैसी पंक्तियाँ चाहे भारत में लिखी गई हैं, किन्तु इनकी उद्गम-प्रेरणा पेरू, चिली या वेनेज़ुएला की रूपसियों के वे आकर्षक पोस्टर्स ही हैं जो इन देशों से आने वाली विश्व-सुंदरियों ने अपार लोकप्रिय बनाए हैं.       

Saturday, July 30, 2011

इस घबराहट में ईमानदारी है-अमेरिका

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि अमेरिका पर क़र्ज़ का बोझ बेतहाशा बढ़ गया है.आइये, एक आम आदमी की तरह इस बात का मतलब जानें, और यह भी जानने की कोशिश करें कि इस वक्तव्य पर कौन सा देश क्या सोच रहा होगा. 
मूल रूप से  क़र्ज़ को लेकर हमारी अवधारणा हमारे वेद-वाक्यों व लोकोक्तियों में दर्ज है. सर्वाधिक लोकप्रिय कहावतें हैं- आज नकद, कल उधार. ऋण लेकर घी पीना[वैसे यह कहावत ऋण पर कुछ न कह कर घी की महिमा बखानती है],उधार प्रेम की कैंची है.चादर देख कर पैर पसारना. यह सभी उक्तियाँ क़र्ज़ विरोधी हैं, और आज तेज़ी से बदलते समय में अप्रासंगिक होती जा रही हैं.इसके उलट अमेरिकी व पश्चिम की सोच है- खर्च करना सीखो, तो कमाना भी आएगा. भविष्य तुम्हारा है, इस से थोड़ा सा लेकर अपना वर्तमान सुधार लो.
इस तरह क़र्ज़ की चिंता वही कर सकता है जो इसे वास्तविक 'चिंता' मान कर इसे ईमानदारी से चुकाने की नीयत रखता हो. ओबामा महोदय का आशय यही है कि "भविष्य" से जो ले लिया है उसे लौटाने के लिए "वर्तमान" का परिश्रम और बढ़ाओ.
यह ओबामा का कथन है. इसे दुनिया-भर में ध्यान से सुना जायेगा. लेकिन किसी के कुछ भी सोचने पर किसी की कोई पाबंदी नहीं है. आइये देखें- कौन क्या सोचने लगा होगा- 
किसी को नीचा दिखा कर कोई सुख से नहीं बैठ सकता- रूस. 
बाज़ारों पर हमारी मेहनत का कब्ज़ा है,किसी के 'आलस्य' का नहीं- चीन.
हमें केवल कुदरत हरा सकती है, और कोई नहीं, हम तो क़र्ज़ भी बीज के लिए लेते हैं,ब्रेड के लिए नहीं- जापान.
चलो उनका पैसा तो दूसरे भी नहीं लौटा रहे, हमारी क्या बिसात?-पाकिस्तान.
'रनर-अप' से "विनर" बनने के दिन नज़दीक आये-जर्मनी.
सूरज न्याय-प्रिय है, सबके लिए डूबता है- इंग्लैण्ड.
अपने खेत में तो अन्न भी है, जल भी और ज़मीन के जेवरात भी, क़र्ज़ लेने और देने वाले जाने- साउथ अफ्रीका.  
अब यूनान के बाद हम अकेले नहीं होंगे - फ्रांस  
पडौसी दुखी है, चैन से नहीं बैठा जा सकता- ब्राजील.
अभी तो दूर बज रहा है ढोल, नज़दीक आएगा तो देखा जायेगा-आस्ट्रेलिया.  
क्या किया जाये, कि संसार की निगाहें इसी तरफ उठी रहें-कनाडा. 
आया ऊँट पहाड़ के नीचे-भारत.            

Friday, July 29, 2011

यहीं मात खा जाते हैं हम ब्राजील, अर्जेंटीना और वेनेज़ुएला से

आपको कई ऐसी फ़िल्में याद होंगी जिनके कथानक तो ज्यादा अच्छे नहीं थे, पर वे अपनी नयनाभिराम फोटोग्राफी के कारण खूब चलीं.फोटोग्राफी का असर होता है. फोटोग्राफी रोते हुए को सुखी दर्शा सकती है. यह दुखी को प्रसन्नचित्त भी दर्शा देती है. सब कुछ इस पर निर्भर करता है कि कैमरा-एंगल कैसा रहा है. 
हमारे देश में कैमरा जीतने वाले पर निशाना साधता है. उसे हारने वालों में कोई दिलचस्पी नहीं होती.उसका लक्ष्य तमगे, मालाएं और मुस्कानें होती हैं.उसे झल्लाहट,हताशा और हार में मज़ा नहीं आता. खेल के दौरान भी शायद उसकी प्राथमिकता 'शॉट' में उतनी नहीं होती जितनी खेलने वाले के वस्त्रों में होती है.बस, यहीं हम मात खा जाते हैं. खेल के बाद हारने वाले के बारे में हम यह नहीं सोच पाते कि कल यह दोबारा खेलेगा, तो कम से कम आज इसकी गलतियों या कमियों की चर्चा करलें. ब्राजील से यह सबक हमें मिलता ही है कि फ़ुटबाल में हारने वाले या हैण्ड-बाल में परास्त होने वाले के हाथ-पैरों की बेहतरी के बारे में सोचें न कि जीतने वालों की छाती के ही बारे में. खिलाड़ियों की खेल-शैली का विकास देश की ज़िम्मेदारी भी होती है क्योंकि वे सार्वजानिक मिल्कियत होते हैं.जीत के जश्न में नाचने वालों की तरह ही हार के बाद मीमांसा करने वालों की ज़रुरत को भी नज़र-अंदाज़ नहीं किया जा सकता. दक्षिण अमेरिकी देशों ने जो मुकाम हासिल किया है उसकी वजह भी है. वे केवल भाग्य के भरोसे कभी नहीं रहे.              

Thursday, July 28, 2011

जैसे नील आर्मस्ट्रोंग चन्द्रमा से मिले,वैसे ही मिला था मैं इनसे.

ये "सितारे" कहलाते थे. ये सबको दीखते थे, किन्तु  सेल्युलाइड के रुपहले परदे पर. लेकिन मुझे इनसे आमने-सामने मिलने का अवसर मिला. कुछ से बातें भी हुईं. कुछ से मित्रता भी. मुझे यह भी पता है कि इनमे से कई अब जनता-जनार्दन की नज़रों से ओझल हो चुके हैं. कई कालातीत भी. लेकिन मैंने इन्हें इनकी सितारा हैसियत में ही देखा था, इसलिए मैं इन्हें आज भी उसी तरह याद करता हूँ, जिस तरह अपने पुराने दिनों को.
कीर्ति सिंह, फरियाल, सुजीत कुमार, जगदीश सदाना, सनम गोरखपुरी, रजा मुराद,आकाशराज,रूपेश कुमार, चन्द्र शेखर,और जुगनू से मेरा परिचय हुआ तब यह सक्रिय  थे.यद्यपि इनकी स्टार-वैल्यू कोई बहुत ज्यादा न थी. 
पद्मा खन्ना, आदित्य पंचोली, भीमसेन से में जब मिला तब ये चर्चित थे. 
राजेंद्र कुमार, रंधीर कपूर, ऋषि कपूर, जीतेंद्र, जयाप्रदा, जया भादुड़ी बच्चन,स्मिता पाटिल, हरमेश मल्होत्रा, वहीदा रहमान और ए आर रहमान को देखना अद्भुत अनुभव था. अभिषेक बच्चन से मैं तब मिला जब वे कोई सितारा नहीं थे बल्कि अपनी माताश्री जयाजी के साथ आये थे.राजेंद्र कुमार को मैं कभी नहीं भूल सकता क्योंकि उनके साथ मैंने कई लम्बी-लम्बी बैठकें की थीं. ईश्वर उन्हें थोड़ी उम्र और बख्शता तो शायद हम साथ-साथ काम भी करते. उनके पुत्र के लिए लिखी कहानी "निस्बत' को उन्होंने पसंद किया था. जिसमे खुद उनके लिए भी महत्त्व-पूर्ण भूमिका थी.         

Saturday, July 23, 2011

शिक्षा को उद्योग न मानने के पीछे चिली, वेनेज़ुएला, ब्राजील और अर्जेंटीना का फलसफा ज्यादा क्लासिक

वैसे तो शिक्षा को व्यापारिक या औद्योगिक कारोबार मानने में थोड़ी सी हिचक सारी दुनिया ने ही दिखाई, पर अमेरिका की बनिस्बत दक्षिणी अमेरिकी देशों का फलसफा ज्यादा 'दर्शन आधारित' है. यही कारण है कि वहां शिक्षा में आधुनिकता की तुलना में शास्त्रीयता का पुट ज़रा ज्यादा है. और इसी कारण दुनिया के अन्य देशों के विद्यार्थियों में अमेरिकी शिक्षा की ललक ज्यादा है. शास्त्रीयता तो वैसे भी समय से पीछे मानी  जाती है.
शास्त्रीयता का यह फलसफा इस तरह समझा जा सकता है. व्यापार या कारोबार में एक की  वस्तु दूसरे के स्वामित्व में जाती है,इसके एवज में पहले को दूसरे से धन प्राप्त होता है, जो प्रायः वस्तु की कीमत और मुनाफे का जोड़ होता है.
शिक्षा के मामले में "ज्ञान" एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को जब हस्तांतरित होता है तो स्थिति ज़रा अलग होती है. यहाँ पहला व्यक्ति दूसरे को ज्ञान देकर स्वयं ज्ञान से वंचित नहीं होता, बल्कि यह एक प्रकार से ज्ञान का विस्तार ही होता है. अतः यहाँ ज्ञान की पूरी कीमत और मुनाफे का जोड़ दूसरे से नहीं वसूला जा सकता. क्योंकि ज्ञान पहले के पास भी बना हुआ है, जबकि पहले मामले में वस्तु देकर पहला व्यक्ति पूरी तरह वस्तु से वंचित हो जाता है. 
हाँ, यहाँ पर शिक्षा या ज्ञान के विस्तार का मूल्य मुनाफे सहित अवश्य वसूला जा सकता है, जो मूल मूल्य से काफी कम होगा. इसीलिए कहा जाता है कि शिक्षा को बेचा नहीं जा सकता, बल्कि कुछ कीमत पर उसकी व्यवस्था की जा सकती है. 
दक्षिणी अमेरिकी देशों में इसी सोच ने शिक्षा को ज्यादा महंगा नहीं होने दिया, और परिणाम-स्वरुप इसी बात ने अन्य देशों के लोगों के लिए वहां की शिक्षा का आकर्षण अमेरिकी शिक्षा के बराबर नहीं होने दिया.     

Friday, July 22, 2011

दक्षिण अमेरिका में चलाई सायकल सायरा बानो ने



सन साठ के आस-पास एक ऐसा दौर था जब मशीनें , वाहन या श्रम केवल पुरुषों के जिम्मे थे. महिलाओं से इनका दूर-दूर का भी वास्ता नहीं था. महिलायें अगर पानी की बाल्टी भी उठायें तो फ़िल्मी नायक गाता था- गोरे हाथों पे ना ज़ुल्म करो, हाज़िर है ये बन्दा हुक्म करो. बस से उतरी नायिका अपना छोटा सा सूटकेस भी नहीं उठा पा रही है, और नायक उसे दिलासा दे रहा है- इतनी नाज़ुक न बनो.वाहन चलाना तो दूर की बात, अगर कोई आदमी चक्की पर आटा पिसवा कर सायकल पर ला रहा है तो घर के दरवाजे पर उसे उतरवाने के लिए सायकल का कैरियर खींचने को भी घर की महिला पडौसी के लड़के को बुलाने जाती थी. आप को खूब याद होगा, कि रेल या बस में सफ़र करने वाली महिलाओं का सामान उतरवाने के लिए raah  चलते पुरुषों की बाट देखी जाती थी.
फिर समय आगे चला. अपने आप को समय से आगे बताने वाली अत्याधुनिक नायिकाओं ने अपने को माडर्न  और फारवर्ड जताते हुए सायकल कुछ ऐसे अंदाज़ में चलाई जैसे आज की साधारण नारियां विमान, रेल या ट्रक चला रहीं हैं. आशा पारेख, सायरा बानो या शर्मीला टैगोर के गर्व से दुपट्टा हवा में लहराते हुए सायकल पर गीत गाने के कई द्रश्य उस पीढ़ी की स्मृतियों में आज भी कैद हैं.दुनिया के बड़े मुल्कों में जाकर विदेशी लोकेशनों पर उम्दा विदेशी सायकल पर गाना फिल्माना भी तब फिल्मकारों को उत्तेजना से भर देता था. दक्षिण अमेरिका के सागर तट आज शायद सायरा बानो को याद न रहे हों, पर उन्होंने कई लम्बे रास्तों पर टेक-रीटेक वहां दिए हैं. जॉय  मुखर्जी अब इन यादों पर मुस्करा भर सकते हैं. 

Sunday, July 17, 2011

संयोग से बने चैम्पियनों के देश कभी नहीं रहे ब्राजील और अर्जेंटिना



एम् ऍफ़ हुसैन के जीवन में एक ऐसा अवसर भी आया था जब उन्होंने अपने सब चित्र फाड़ने चाहे थे. हाल ही में भारत में कुछ शोध कर चुके युवाओं ने अपनी डिग्रियां फाड़ डालीं. लाल बहादुर शास्त्री ने एक रेल दुर्घटना के बाद पद से इस्तीफा देना चाहा तो उसे फाड़ कर फैंक दिया गया. 
दूसरी तरफ भारत में ऐसे भी अवसर आये जब जनता ने किसी नेता के कपड़े फाड़ने चाहे, पर उसके सुरक्षा-कर्मियों ने उसे बचा लिया. किसी भी क्षेत्र में ऐसे अवसर आते हैं, जब निराशा-हताशा उपजती है. इस स्थिति को जीत लेना ही पराक्रम है. इसी से छवि बनती है. लेकिन छवियों को बनाने से कहीं ज्यादा मुश्किल काम होता है छवियों को बनाए रखना. 
ब्राज़ील और अर्जेंटीना जैसे देशों को खेल जगत में अपनी छवि सस्ते में नहीं मिली. ये देश बचपन से अपने रहवासियों को विजेता बनने का सपना दिखाते हैं. वह सपना, जिसे देखने के बाद इंसान का नींद से रिश्ता ही टूट जाये. सपनों को हकीकत में बदलने की कला दक्षिण अमेरिकी देशों में हवा में घुली है. 

Friday, July 1, 2011

अपनी जगह से न हटने की प्रवृत्ति दक्षिण अमेरिका में ज्यादा

अपने जन्म-स्थान को लेकर लगाव तो कमोवेश सभी में होता है, किन्तु कुछ लोग इसी जगह को अपने जीवन की धुरी मान लेते हैं, और इससे ज्यादा दूर जाने में असुविधा महसूस करते हैं. जबकि कुछ लोग सारी दुनिया को चारों ओर से देखना चाहते हैं.इतना ही नहीं, बल्कि लोगों की मनोवृत्ति में एक अंतर और है. कुछ लोग अपनी जगह के अच्छे-बुरे से पूरी तरह विमुख होते हैं, उन्हें इस बात में कुछ खास दिलचस्पी नहीं होती कि कहाँ क्या हो रहा है,जबकि कुछ लोग अपनी जगह से दूर जाकर भी उसके प्रति पूरी तरह सजग और संवेदनशील होते हैं. भारत के राजस्थान प्रान्त के रहवासियों ने तो अमेरिका में जाकर और वहां बस कर भी "राना"जैसी संस्था बनाई है जो न केवल वहां राजस्थान-वासियों को संगठित रखे हुए है, बल्कि वहां के लोगों की गतिविधियों को भी यहाँ पहुंचा कर लोगों में उस भू-भाग के प्रति रूचि जाग्रत कर रही है. 
जबकि इसी देश में आपको ऐसे भी बहुसंख्य लोग मिलेंगे जो अपने जन्म-स्थान से पांच किलोमीटर दूर तबादला हो जाने पर नौकरी छोड़ने तक को तैयार हो जाते हैं. ऐसे लोगों का अधिकांश समय, पैसा और शक्ति इसी बात में खर्च होती है कि किस तरह सिफारिश,रिश्वत और दबदबे से आजीवन अपनी जगह ही बने रहा जाय
लेकिन दक्षिण अमेरिकी देशों में अपने देश या शहर से ज्यादा दूर न जाने का कारण बिलकुल दूसरा है.वहां सम्पन्नता, कार्य और जीवन की हलचल हर अंचल में इस तरह से उपलब्ध है कि लोगों को पलायन की ज़रुरत महसूस नहीं होती. 
जगह-जगह पर पर्यटन के लिए घूमते सैलानियों से बात कर के देखिये, यह दिलचस्प तथ्य आपके सामने आएगा कि उनमे यूरोप,चीन, जापान या अमेरिका के लोगों की संख्या जितनी है उनके मुकाबले दक्षिण अमेरिका या फिर सुदूर एशियाई देशों की संख्या अपेक्षाकृत काफी कम है. हाँ, एक अपवाद को यहाँ रेखांकित करना ज़रूरी है. चीनी लोगों में जो लोग आपको मिलेंगे वे केवल पर्यटन के लिए आये लोग नहीं होंगे बल्कि उनमे आपको उद्यमिता की वजह  से घूमते लोगों की अच्छी-खासी तादाद मिलेगी.      

Thursday, June 30, 2011

वेनेज़ुएला में पेड़ पर प्राकृतिक गर्मी से पकते रहे हैं फल

चलिए, पर्सिस खम्बाता,रीता फारिया या जीनत अमान को छोड़ दें.डायना हेडन,युक्ता मुखी और लारा दत्ता की बात करें. ये सौन्दर्य का ताज सर पर धारण करके अपने देश क्या लौटीं, देश में ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीतने के कोचिंग सेंटर खुलने लगे.हर बड़े शहर में सुन्दरता निखारने वालों की बाढ़ सी आ गई, मानो दुनिया की रूपसियाँ वहां अपने चेहरे की लीपा-पोती दिखाने जमा होती हों.
नारी- व्यक्तित्व या महिला-जीवन शैली की जैसी झलक आपको वेनेज़ुएला में देखने को मिलती है, उसका दूर का भी वास्ता पार्लरों या सुन्दरता बढ़ाने वाले संस्थानों से नहीं है.वहां के सौन्दर्य-मानदंड भी नाप-तौल से ज्यादा जीवन में नई पीढ़ी को तृप्ति देने वाले हैं, सम्पूर्णता देने वाले हैं.बालपन से ही महिला अवस्थिति  को जैसा समादर वहां या उसी मानसिकता के अन्य देशों में मिलता देखा जाता है, वह हमारे जैसे विकास-शील देशों के लिए अभी दूर की कौड़ी है. वहां मनु और श्रद्धा को याद करने की ज़रुरत नहीं पड़ती. स्त्री-पुरुष कहने से ही तराजू के दो समान पलड़ों का अहसास हो जाता है.यह तो कमाल हमारे जैसे चंद देशों का ही है कि पुरुष अपना पराक्रम वज़न उठा कर दिखा सकता है और महिला को अपना शौर्य दिखाने के लिए सोलह श्रृंगार चाहिए. यह मानदंड किसी महिला के रचे तो हरगिज़ नहीं हो सकते. ज़रूर इन्हें किसी पुरुष ने ही सोचा होगा. और इनके माध्यम से महिलाओं के लिए ऐसा चक्रव्यूह रच दिया गया कि नारी ज़र्रा-ज़र्रा अपने को सजाती जाये तथा  पोर-पोर और भौंडी शख्सियत पाती जाय.जैसे किसी पुतले में खूबसूरती मिटाने का जादू पिरो दिया जाय.             

Tuesday, June 28, 2011

वेनेज़ुएला में यह फल पेड़ पर पका है

इस बात का कोई पुख्ता सबूत कहीं नहीं मिलता कि आदम ने हव्वा के हिस्से की रोटी कब खाली.इस बात के पुख्ता सबूत कई देशों में देखे जा सकते हैं, कि हव्वा की थाली खाली है और आदम का पेट फूला हुआ है.इतना ही नहीं, सबूत इस बात के भी मौजूद हैं कि हव्वा के चेहरे और आँखों पर पर्दा डाला गया है, ताकि वह इस भेदभाव को देख न सके.
अपनी बात के समर्थन में आज हम एक निहायत ही पोची और मामूली मिसाल देंगे. इतनी मामूली, कि शायद इस से कहीं कुछ भी सिद्ध न हो. पर यह ज़रूर सिद्ध होगा कि आदम सिद्ध निकला, और हव्वा बेचारी साध्वी. 
मुझे लग रहा है कि कुछ भी सिद्ध करने से पहले कम से कम यह भली-भांति तय कर लेना चाहिए कि आखिर कहा क्या जा रहा है? 
मैं इस वक्त केवल यह कह रहा हूँ कि कुछ मुल्कों में नारी, महिला या स्त्री को अभिव्यक्त होने से रोकने की कोशिशें लगातार हुई हैं.इस बात का खतरनाक पहलू यह है कि ऐसी कोशिशें अतीत का हिस्सा नहीं बन गईं, बल्कि अब भी बदस्तूर जारी हैं. 
दक्षिणी अमेरिका के वेनेज़ुएला ने पिछले सौ वर्षों में आयोजित विश्व-स्तरीय सौन्दर्य प्रतियोगिताओं में कितनी बार जीत या कामयाबी दर्ज की है, यह जानने की कोशिश करके देखिये. यदि आप किसी भी स्रोत से ऐसे आंकड़े खोज पाने में सफल हो जायेंगे तो आप कम से कम वेनेज़ुएला को उन देशों की फेहरिस्त से निकाल देंगे जिनमे हव्वा के हिस्से की रोटी आदम खा गया.      

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...