Tuesday, March 24, 2015

हज़ारों तरह के ये होते हैं आंसू

कल जब वर्ल्ड्कप क्रिकेट के सेमीफाइनल मुकाबले का अंत हुआ तो दक्षिण अफ्रीका के कुछ खिलाड़ियों को मैदान पर बैठ कर रोते हुए देखा गया। इस विलक्षण दृश्य के कई कारण हो सकते हैं।
-धुआंधार फ़ील्डिंग के दौरान आँख में कुछ गिर जाना।
-खेल में पराजय हो जाना।
-समस्त विश्व की आँखों का तारा बने आभामंडल से अकस्मात् छिटक कर बाहर हो जाना।
-ज़िंदगी में आसानी से न मिलने वाले एक शानदार अवसर का हाथ से फिसल जाना।
-खेल-खेल में कोई भीतरी चोट लग जाना।
कहते हैं कि हज़ारों तरह के ये होते हैं आंसू।
लेकिन आंसुओं से दुनिया ठहरती नहीं है। कल फिर आएंगे उम्मीदों के नए सितारे।            

Saturday, March 14, 2015

कॉमेंट्रेटर नहीं हैं कपिलदेव

क्रिकेट ने विश्व को भारत से जो सितारे दिए हैं उनमें सर्वाधिक चमक बिखेरने वाले नामों में कपिलदेव का नाम शामिल है।
मुझे याद है, मुझे क्रिकेट की कॉमेंट्री सुनते हुए लगभग बावन साल तो हो गए हैं।  बचपन में हम लोग ट्रांज़िस्टर से कान लगाए आँखों देखा हाल सुनते थे, और अब हम सब अपनी आँखों से देखते हुए नेपथ्य से, पार्श्व विवरण के रूप में कॉमेंट्री सुनते हैं।
पहले खेलने वाले और होते थे और खेल के टिप्पणीकार और।  अब ज़्यादातर पूर्व खिलाड़ी ही कॉमेंट्री करते हैं। इस बदलाव के नतीजे बहुत बेहतर हैं। इससे हम उन्हीं लोगों से सुनते हैं जो खुद भी खेल के माहिर हैं, और हम तकनीकी बातों की पेचीदगियों को विश्वसनीयता से देख भी पाते हैं।
लेकिन आप कपिलदेव को कॉमेंट्री करते हुए थोड़ा ध्यान से सुनिए।  आपको लगेगा कि वे कॉमेंट्री नहीं कर रहे।  कॉमेंट्री तो वह होती है, जिसमें जो कुछ हो जाये, उस पर टिप्पणी की जाये। किन्तु कपिल लगभग सभी वे बातें आपको पहले ही बता देते हैं, जो होने वाली हैं। और मज़ेदार बात ये, कि वही होता भी है।इस विश्वविजेता का लम्बा अनुभव और खेल-कौशल किसी खिलाड़ी की तैयारी ,बॉडी- लैंग्वेज,परिस्थिति, तथा मौके की नज़ाकत को पहले ही भांप कर वह सबकुछ पहले ही कहलवा देता है, जो होने वाला है। ध्यान से सुनिए, हैरान कर देने वाली  पूर्वोक्तियां आपको चौंका देंगी।             

Friday, March 13, 2015

आपका सपना किसी दूसरे की आँखों में क्यों और कैसे जाता है?

आपने साहित्य या फिल्मों में तो ऐसी हास्य स्थितियां देखी होंगी जब किसी मरणासन्न व्यक्ति को लेने यमदूत आये, और वे गफलत में किसी दूसरे को उठा ले गए। कभी-कभी हॉरर फिल्म के निर्माताओं ने भी ऐसे दृश्य दिखाए हैं जो हास्य या भय निर्मित करते हैं।
लेकिन आपको ये जान कर अचम्भा होगा कि किसी व्यक्ति को नींद के दौरान आने वाला संभावित सपना कभी-कभी वास्तव में किसी और की आँख में स्थलांतरित हो जाता है।
ऐसा होने के कई कारण हैं।
यदि किसी व्यक्ति ने जाने-अनजाने आपके बारे में लगातार बहुत देर तक सोचा हो, तो हो सकता है कि जो बातें स्वाभाविक नींद में आपके स्वप्न में आने वाली थीं,उनमें से कुछ छिटक कर उस व्यक्ति की आँखों में जगमगाने लगें जो आपके बारे में सोचता रहा है। यहाँ "सोच"बैट्री का काम करती है, और ये 'कॉन्फ्रेंसिंग' हो जाती है। ये क्रिया क्षणिक ही होती है, किन्तु स्पष्ट और याद रखने लायक़ हो सकती है।
दूसरा कारण ये भी हो सकता है कि यदि किसी दिन आप और कोई अन्य व्यक्ति बिलकुल समान परिस्थितियों [विशेष,जैसे दुर्घटना,डूबना, आदि ] से गुज़रे हों तो उसके स्वप्न-संकेत आपको भी कुदरतन सूचित हो सकते हैं।
आश्चर्य की बात ये है कि ऐसे व्यक्ति से आपकी दूरी की कोई सीमा नहीं है।
प्रायः दोनों ही स्थितियों में दूसरा व्यक्ति आपका रक्त- सम्बन्धी नहीं होगा।  

Thursday, March 12, 2015

अच्छा ऐसे हैं चीन-जापान !

कुछ समय पहले तक हमें ये बात हैरत में डालती थी कि ओलिम्पिक खेलों में जहाँ हमारा देश एक-एक पदक के लिए लालायित रहता है, वहीँ चीन जैसे देश स्वर्ण-पदकों का अम्बार लगा देते हैं।जब "लौह-पर्दा" हटा तो पता चला कि चीन में बालक पैदा होते ही, जैसे ही आँखें खोलता है तो वह अपने को खेल-प्रशिक्षकों के क्रूर पंजों में पाता है,जो उसे किसी मछली की भांति स्विमिंग पूलों में डुबकियां लगवाते हैं, ताकि पंद्रह-सोलह साल का होते ही वह तैराकी का विश्व-विजेता बन जाये। और तब हम इस विचार दुविधा में बँट गए कि हमें सोना चाहिए या बचपन?
ऐसे ही अब जापानी बच्चों की संजीदगी का राज़ भी आखिर खुल ही गया।  वे बचपन से ही बुद्ध-महावीर की भांति गुरु-गंभीरता से ध्यानमग्न इसलिए दिखाई देते रहे , क्योंकि उन पर बचपन से ही शोर-शराबा करने पर पाबन्दी लगी हुई थी,जिसे अब हटा दिया गया है।
छी छी, ऐसी पाबन्दी तो हमारे यहाँ संसद -विधानसभा में शोर मचाने पर भी नहीं ! जबकि वहां बड़ों के वोट से "बड़े" ही जाते हैं।              

Thursday, March 5, 2015

प्रेम-संसर्ग और महज़ संसर्ग

प्रेम-संसर्ग में दो लोग परस्पर आकर्षण की अगली कड़ी के रूप में सहबद्ध हो जाते हैं। महज़ संसर्ग में परस्पर सहबद्ध हुए लोग सहबद्धता के पूर्व या पश्चात आकर्षण के शिकार नहीं होते। यद्यपि इस मामले में भी पश्च आकर्षण हो सकता है। अथवा एकतरफा पूर्व आकर्षण हो सकता है। रोचक बात ये है कि प्रेम-संसर्ग में भी पश्च विकर्षण या उदासीनता हो सकती है।
उपर्युक्त पंक्तियों का अभिप्राय केवल आपको ये बताना है कि प्रेम और यौनाचार दो अलग-अलग बातें हैं।
संसर्ग दोनों स्थितियों में होता है किन्तु एक स्थिति में ये वृद्धिमान होता है, और दूसरी स्थिति में ये विलोमानुपाती हो सकता है।
इन दोनों स्थितियों को हम स्वयं अपने ही स्वप्न-संकेतों से विश्लेषित कर सकते हैं। अर्थात जब हम निकट भविष्य में संसर्ग जीने वाले होते हैं, तो हमें गहरी नींद के सपने कई जानकारियां दे देते हैं। इसमें एकमात्र शर्त ये है कि हमारी नींद स्वाभाविक,बिना किसी दवा या ड्रग के हो। साथ ही हमारे सपने पेट की खराबी, थकान, गहरे अवसाद के कारण बाह्य आवेगों से घनीभूत न हों।                   

Saturday, February 28, 2015

क्या केलिफोर्निया के मेरे मित्र सहयोग करेंगे?

मेरी एक कहानी पिछले कुछ दिनों से अधूरी है। कहानी का एक पात्र बड़ी मुश्किल और जतन से एक छोटी सी डिबिया में अपने साथ एक तितली वहां [केलिफोर्निया में ] लेकर गया था।  अपनी स्कूली पढ़ाई जापान से पूरी करके केलिफोर्निया गए इस बच्चे को न जाने क्यों, मन में ये विश्वास था कि इस तितली को आज़ाद करते ही यह उड़ कर किसी लड़की के बालों पर बैठेगी और सिर्फ इतना ही नहीं, बल्कि स्वप्न में उस लड़की की झलक उसे दिखाएगी भी।
लड़के ने सोच रखा था कि यदि सचमुच ऐसा हुआ, तो वह अपने सपने के आधार पर ही उस काल्पनिक लड़की का एक चित्र बनाएगा, और उस चित्र के आधार पर लड़की को खोजने का भरसक प्रयास भी करेगा।
लड़के को न जाने किस बात के आधार पर ये यकीन भी था, कि तितली लड़की की झलक उसे दिखाने के तुरंत बाद मर जाएगी।
डेट्रॉइट एयरपोर्ट के लाउंज में नाश्ता करते हुए एक बुजुर्ग महिला को मेज़ पर एक तितली मरी हुई पड़ी दिखी है। वह रेस्त्रां मालिक से वहां सफाई न होने की शिकायत करने काउंटर पर जा चुकी है।
उधर केलिफोर्निया के एक बोर्डिंग स्कूल के वार्डन की रिपोर्ट संस्थान के डॉक्टर के पास पहुंची है कि उनके एक छात्र को कुछ दिन से नींद न आने की शिकायत हो गयी है।
भारत के एक स्वप्न-वैज्ञानिक का दावा है कि सपने कभी-कभी एक व्यक्ति की आँख से उड़कर किसी दूसरे की आँखों में भी चले जाते हैं, और इस तरह वे मानस बदल लेते हैं। इस बात पर प्रकाश डाला जायेगा कि  ऐसा कब होता है और क्यों होता है।
अभी तो आपसे केवल इतनी गुज़ारिश है कि यदि आपको कोई ऐसा सपना आया हो, या आपने किसी से ऐसा सपना आने के बाबत सुना हो, तो कृपया अवश्य सूचना दें !स्वप्न-वैज्ञानिक का अनुमान है कि यदि किसी और का सपना उड़ कर आपकी आँखों में आया है तो सम्भावना है कि लड़की आपको सीढ़ियां उतरते हुए या फिर किसी पक्षी को हाथ में लिए हुए दिख सकती है।
             

Friday, February 27, 2015

आप किस तरफ हैं?

वैसे तो दुनिया गोल है, हर कोई हर तरफ हो सकता है, लेकिन फ़िलहाल मैं बात कर रहा हूँ दोस्ती की। सबके असंख्य दोस्त होते हैं। किसके कितने दोस्त हों, कैसे दोस्त हों, ये सब इस बात पर निर्भर करता है कि वह स्वयं कैसा है।
मुझे लगता है कि दोस्तों में भी एक बेहद खास किस्म के दोस्त होते हैं, जिन्हें आप अपने आप को दुरुस्त रखने का जरिया मान सकते हैं। अर्थात ये दोस्त आपको अपने आप को देखने-आंकने का नजरिया देते हैं।ये आपके गुरु दोस्त होते हैं। इनसे आप सीखते हैं। इनसे आपका रिश्ता एक ऐसे छिपे सदभाव का होता है कि इन्हें पता भी नहीं होता, और आप इनके हो जाते हैं।
अब मैं मुद्दे पर आता हूँ। कुछ लोग मानते हैं कि ऐसे दोस्त हमेशा उम्र और अनुभव में आपसे बड़े होने चाहिए, क्योंकि आप इनसे सीखते हैं, आप इनसे प्राप्त करते हैं। लेकिन वहीँ कुछ लोग ऐसा भी मानते हैं कि ये दोस्त आपसे छोटे हों तो बेहतर, क्योंकि इनके रूप में आप अपना जीवन दोबारा जीते हैं। इनकी उपलब्धियों को देख कर आपको ऐसा लगता है कि आपको वह सब अब मिल रहा है जो पहले नहीं मिला, या कि वह आनंद फिर आ रहा है जो कभी पहले आपने लिया। इन्हें छूकर आप अपने गुज़रे दिन फिर छूते हैं।
तो अब आप बताइये कि आप किस तरफ हैं? अर्थात आपका ये आदर्श दोस्त आपसे बड़ा है या आपसे बहुत छोटा? बराबर के दोस्त अक्सर 'बराबर' के ही होते हैं, इसलिए फ़िलहाल हम उनकी बात नहीं करते।                  

मैं जानता हूं कि...

 उड़ान और सामाजिकता का संबंध बेहद दिलचस्प है। आप जितना ऊपर उड़ते जाते हैं समाज नीचे उतना ही आपसे दूर होता जाता है। ये बात शायद उस परिंदे के ...

Lokpriy ...